Maruti Suzuki ने अपनी छोटी कारों की रेंज के लिए 'प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम' की घोषणा की है. पिछले महीने ही कंपनी ने लागत बढ़ने और महंगाई के कारण अपनी कारों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने का एलान किया था. लेकिन अब कंपनी ने ग्राहकों को एक सुरक्षित विंडो दी है, जिसके तहत 14 जून 2026 तक कार बुक करने वाले ग्राहकों पर इस बढ़ी हुई कीमत का कोई असर नहीं पड़ेगा यानी आपको कार पुराने दाम पर ही मिलेगी.
किन कारों पर मिलेगा इस ऑफर का फायदा?
मारुति सुजुकी ने साफ किया है कि यह प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम उसकी चार सबसे पॉपुलर एंट्री-लेवल छोटी कारों पर लागू होगी. इनमें मारुति सुजुकी (Alto K10, S-Presso, Celerio और WagonR शामिल हैं. अगर आप इनमें से कोई भी कार 14 जून तक बुक करते हैं, तो आपके पैसे सीधे तौर पर बच जाएंगे.
Tata Tiago Facelift के वो 5 फीचर्स जो आपको Swift में नहीं मिलते, कार खरीदने से पहले देख लें
कंपनी ने क्यों लिया यह बड़ा फैसला?
Maruti Suzuki के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी ने बताया कि यह फैसला उनके चैनल पार्टनर्स यानी डीलर्स से मिले फीडबैक के बाद लिया गया है. डीलर्स का कहना था कि जो ग्राहक हिम्मत जुटाकर इस महंगाई के दौर में कार खरीदने के लिए आगे आ रहा है, उसे बढ़ी हुई कीमतों की वजह से कदम पीछे खींचने पर मजबूर नहीं होना चाहिए.
'सुहाना सफर' स्कीम
कीमतें लॉक करने के अलावा मारुति सुजुकी ने एक और कमाल की स्कीम पेश की है, जिसका नाम 'सुहाना सफर' है. यह एक रिकरिंग डिपॉजिट (RD) से जुड़ा ऑटो लोन प्रोडक्ट है. यह स्कीम उन लोगों के लिए है जो भारी-भरकम EMI के बोझ से डरते हैं.
इस स्कीम के तहत ग्राहक को कार की EMI के बराबर की राशि हर महीने एक आरडी (RD) अकाउंट में जमा करनी होगी. इस जमा राशि पर ग्राहक को बैंक से ब्याज भी मिलेगा. जब 3 से 6 महीने के बाद यह आरडी मैच्योर हो जाएगी, तो उस जमा रकम का इस्तेमाल उसी बैंक से कार लोन लेने के लिए डाउन पेमेंट के रूप में किया जा सकेगा. इस तरह ग्राहक पर अचानक बड़ा आर्थिक बोझ नहीं पड़ता है.
कंपनी के मुताबिक इस स्कीम को लेकर ग्राहकों में भारी उत्साह है और अब तक 8,000 से ज्यादा लोग इसके बारे में पूछताछ कर चुके हैं जबकि 1,700 से ज्यादा बुकिंग भी हो चुकी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं