मुंबई के पास हाल ही में हुए एक तेज रफ्तार कार हादसे के बाद मशहूर रोडस्टर कार BMW Z4 एक बार फिर सुर्खियों में है. हालांकि इस एक्सीडेंट की जांच अभी चल रही है, लेकिन इस घटना ने मॉडर्न परफॉर्मेंस कारों की ताकत और स्पीड पर अब सवाल उठने लगे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के वक्त कार कानूनी गति सीमा से कहीं ज्यादा तेज और अपनी टॉप स्पीड के बेहद करीब दौड़ रही थी. इस घटना के बाद हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर यह लग्जरी स्पोर्ट्स कार कितनी पावरफुल है और इसकी रफ्तार की सीमा क्या है.

BMW Z4 की स्पीड
भारत में बिकने वाली BMW Z4 का M40i वेरिएंट आता है, जिसमें 3.0-लीटर का छह-सिलेंडर वाला ट्विन-टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन लगा हुआ है. यह दमदार इंजन 340 Hp की पावर और 500 Nm का भारी-भरकम टॉर्क जेनरेट करता है. इसका रियर-व्हील-ड्राइव सेटअप और 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन इसे सड़कों पर बेकाबू रफ्तार देने का काम करते हैं.
यानी इस कार की परफॉर्मेंस का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि यह मात्र 4.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है.
इसके साथ ही बात करें इसकी टॉप स्पीड की, तो BMW Z4 M40i की टॉप स्पीड को इलेक्ट्रॉनिक रूप से 250 किलोमीटर प्रति घंटा है.
हैदराबाद में आ गई Tesla! खुला बड़ा शोरूम, कार का चार्जर भी मिल रहा बिल्कुल Free
BMW के सेफ्टी फीचर्स
BMW ने इस रोडस्टर को अडेप्टिव सस्पेंशन, वेरिएबल स्पोर्ट स्टीयरिंग और एम स्पोर्ट ब्रेक्स से लैस किया है. इसका लंबा बोनट और छोटा रियर डेक इसे मोड़ों पर भी बेहतरीन ग्रिप और शानदार कंट्रोल प्रदान करता है. यही वजह है कि ड्राइविंग के शौकीन लोग इस कार को चलाना बेहद पसंद करते हैं.
BMW Z4 की कीमत
BMW Z4 की शुरुआती (बेस मॉडल) ऑन-रोड कीमत दिल्ली में 1.05 करोड़ रुपये से शुरू होती है, जबकि इसके टॉप मॉडल की कीमत 1.10 करोड़ रुपये तक जाती है. BMW Z4 कुल 2 वेरिएंट्स में उपलब्ध है.
दुनिया में हमेशा से ही तेज रफ्तार और बेहतरीन इंजीनियरिंग वाली कारें बनती आई हैं. लेकिन मुंबई में हुआ हालिया क्रैश इस बात का बड़ा सबूत है कि ये गाड़ियां जितनी एडवांस और सुरक्षित तकनीक से लैस होती हैं, उन्हें उतने ही शांत दिमाग और जिम्मेदारी से चलाने की जरूरत होती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं