दुनिया की सबसे तेज़ ट्रेन कौन-सी है? इस सवाल का जवाब कभी आपने सोचा है? आए दिन न्यूज़ में कभी जापान तो कभी चीन की ट्रेनों की रफ्तार की बात होती रहती है. लेकिन आज आपको बताते हैं कि आखिर इन दोनों में से सबसे तेज़ कौन दौड़ती है?
शंघाई मैगलेव, चीन

यह ट्रेन चीन के शंघाई शहर में चलती है और रोज़ाना 431 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर चलती है. शंघाई मैगलेव की सबसे बड़ी खासियत इसकी मैग्नेटिक लेविटेशन तकनीक है. आम ट्रेनों की तरह इसके पहिए पटरियों को छूते नहीं हैं, बल्कि यह ट्रेन चुंबकीय शक्ति की मदद से ट्रैक के ऊपर हवा में तैरती हुई चलती है. इससे घर्षण लगभग खत्म हो जाता है और ट्रेन बेहद तेज़ गति से दौड़ पाती है. यह लाइन शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट को लोंगयांग रोड स्टेशन से जोड़ती है और कुछ ही मिनटों में यात्रियों को उनके स्थान तक पहुंचा देती है.
इसके अलावा चीन में फुक्सिंग हाओ नाम की एक और हाई-स्पीड ट्रेन चलती है, इसकी रफ्तार 350 किलोमीटर प्रति घंटा है.
शिंकानसेन बुलेट ट्रेन, जापान

जब हाई-स्पीड ट्रेन की बात होती है, तो Shinkansen का नाम जरूर लिया जाता है. जापान की यह बुलेट ट्रेन दुनिया भर में अपनी सुरक्षा और समय की पाबंदी के लिए प्रसिद्ध है. यह ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलती है. साल 1964 में इसकी शुरुआत हुई थी और तब से लेकर अब तक यह अरबों यात्रियों को सुरक्षित उनके स्थानों तक पहुंचाती आ रही है. जापान के खूबसूरत ग्रामीण इलाकों के बीच से गुजरती यह ट्रेन तकनीक के लिहाज से काफी आगे है.

आखिर सबसे तेज़ कौन?
रफ्तान के मामले में चीन की शंघाई मैगलेव 431 किमी/घंटा की स्पीड के साथ दुनिया की सबसे तेज़ यात्री ट्रेन है, लेकिन पारंपरिक पहिया-पटरी ट्रेनों में चीन की फुक्सिंग हाओ और जापान की शिंकानसेन भी आगे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं