Maruti Suzuki के पास लगभग हर बजट के ग्राहकों के लिए कोई न कोई कार जरूर मौजूद है. कंपनी लगातार अपने नए मॉडल्स पर काम करती रहती है. ऐसे परिवार जो एक 7-सीटर गाड़ी खरीदना चाहते हैं लेकिन उनका बजट ज्यादा नहीं है, उनके लिए जल्द ही बाजार में एक नया और बेहतरीन ऑप्शन आ सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Maruti एक ऐसी नई कार पर काम कर रही है जो Ertiga से सस्ती कीमत पर आ सकती है. दाम कम होने के बाद भी ये कार फीचर्स से समझौता नहीं करेगी.
आपको बता दें कि Ertiga कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली 7-सीटर कार है. ऐसे में कंपनी इसको WagonR और Ertiga के बीच लाइनअप कर सकती है. अब ज्यादा सस्पेंस बनाए बिना हम इसका नाम आपको बता देते हैं. इसका नाम Solio है. ये सुजुकी की एक कॉम्पैक्ट MPV है जो जापान के बाजार में पहले से ही बेची जा रही है, लेकिन वहां ये केवल 5-सीटर ऑप्शन में ही आती है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत के लिए Maruti इसका एक बड़ा 7-सीटर वर्जन लाने की तैयारी में है.
Maruti की सबसे सस्ती 7-सीटर कार?
इसके लॉन्च होते ही ये गाड़ी Maruti की सबसे सस्ती 7-सीटर कार बन जाएगी. कीमत की बात करें तो जहां अर्टिगा की मुंबई में ऑन-रोड कीमत 10.36 लाख रुपये से 15.35 लाख रुपये के बीच है, वहीं इस नई Solio की शुरुआती ऑन-रोड कीमत लगभग 8 लाख रुपये होने की उम्मीद है, जो अर्टिगा से करीब 2 लाख रुपये कम है. डिजाइन के मामले में Solio का लुक जापान की पारंपरिक kei-कार जैसा है, जिसमें एक बॉक्स जैसी ऊंची बॉडी मिलती है. आप इसे देखने में WagonR का ही एक बड़ा मॉडल मान सकते हैं.
जापान में बिकने वाले मॉडल की लंबाई 3,810 mm, चौड़ाई 1,645 mm, ऊंचाई 1,745 mm और इसका व्हीलबेस 2,480 mm है. भारत में आने वाला 7-सीटर मॉडल भी चार मीटर से छोटा ही रहेगा, इसलिए इसकी तीसरी रो लंबी दूरी के सफर में एडल्ट्स के मुकाबले बच्चों के लिए ज्यादा आरामदायक होने की उम्मीद है. इसमें पीछे की तरफ एक इलेक्ट्रिक स्लाइडिंग डोर (पावर स्लाइडिंग रियर डोर) भी दिया जा सकता है, जो इस सेगमेंट में Maruti की किसी भी कार में पहली बार देखने को मिलेगा.
यह भी पढ़ें | 34 KM का माइलेज, कीमत 5.97 लाख से शुरू, Maruti की बेस्ट कारें, देखकर पड़ोसी जाएंगे जल!
नहीं मिलेंगे ज्यादा फीचर्स
कीमत को कम रखने के लिए Maruti से ये उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह इस कार को बहुत सारे प्रीमियम फीचर्स से भर देगी. जापान वाले मॉडल में वायरलेस कनेक्टिविटी के साथ 7-इंच से 9-इंच का टचस्क्रीन मिलता है. उम्मीद है कि भारत में आने वाले मॉडल में 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जाएगा. जापान में इस कार में 360-डिग्री कैमरा और ADAS जैसे एडवांस फीचर्स भी मिलते हैं, लेकिन भारत में इन दोनों फीचर्स को देना थोड़ा मुश्किल लग रहा है क्योंकि इससे कार की कीमत बढ़ जाएगी.
इस नई कार में Swift और Dzire वाला ही 1.2-लीटर का तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है, जो लगभग 80 bhp की पावर और 112 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इस इंजन के साथ ग्राहकों को CNG का ऑप्शन मिलना भी तय माना जा रहा है. इसके अलावा, Maruti इसी इंजन पर बेस्ड एक नए सीरीज-हाइब्रिड सिस्टम पर भी काम कर रही है, जिसे भविष्य में Solio में भी जोड़ा जा सकता है.
हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके लॉन्च की किसी सटीक तारीख का खुलासा नहीं किया है. लेकिन उम्मीद की जा रही है कि Solio साल 2027 के अंत तक या 2028 की शुरुआत में भारत आ सकती है. कुछ रिपोर्ट्स इसके लॉन्च को 2028-29 के बीच भी बता रही हैं, जब कंपनी अपना नया हाइब्रिड सिस्टम पेश करेगी. हालांकि इस कार को पहले भी कई बार भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है, लेकिन यह अभी तक शो-रूम तक नहीं पहुंच पाई है.
यह भी पढ़ें | सनरूफ, 365 किमी की रेंज, कीमत 6.49 लाख से शुरू, Tata की इस कार ने गाड़ दिए झंडे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं