- समुद्र तल से 4,000 मीटर की ऊंचाई पर चीन की किंगहाई झील के पास हुआ कड़ा इम्तिहान.
- 800 किलोमीटर का सफर पूरा होने के बाद भी कार में बची थी 2% बैटरी.
- साल 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में भारतीय बाजार में दे सकती है दस्तक.
Auto News: जर्मन कार निर्माता BMW ने अपनी अपकमिंग इलेक्ट्रिक SUV iX3 लॉन्ग व्हीलबेस (LWB) का चीन में रीयल-वर्ल्ड एंड्यूरेंस टेस्ट पूरा कर लिया है. इस टेस्ट के दौरान कार ने पहाड़ों और बेहद खराब रास्तों पर दौड़ते हुए सिंगल चार्ज में करीब 800 किमी की वास्तविक रेंज देकर ऑटोमोबाइल जगत को चौंका दिया है.
चीन की खतरनाक वादियों में हुआ टेस्ट
यह टेस्ट चीन के किंगहाई झील (Qinghai Lake) के आस-पास के सबसे मुश्किल और थका देने वाले रास्तों पर किया गया. इस टेस्ट का मकसद यह देखना था कि भारी-भरकम चढ़ाई और बदलते मौसम में इस गाड़ी की बैटरी और इंजन कैसा परफॉर्म करते हैं.
ऊंचे पहाड़ों पर भी नहीं मानी हार
यह टेस्ट रूट कोई सीधा या आसान रास्ता नहीं था. इस सफर की शुरुआत समुद्र तल से लगभग 2,200 मीटर की ऊंचाई पर बसे शिनिंग (Xining) शहर से हुई थी. सफर के दौरान यह कार करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई तक पहाड़ों पर चढ़ी और फिर वापस अपने शुरुआती पॉइंट पर आई. पूरे रास्ते में करीब 2,000 मीटर का उतार-चढ़ाव था, जो किसी भी इलेक्ट्रिक कार की बैटरी को पूरी तरह निचोड़ने के लिए काफी था. लेकिन इस SUV ने रास्ते की हर चुनौती को आसानी से पार कर लिया.
यह भी पढ़ें: गडकरी ने दी E100 को मंजूरी, पर नई Hero Splendor तो सिर्फ E85 तक ही रेडी है! बाइक खरीदने वाले फंस गए या बच गए?
सिर्फ 2 प्रतिशत बैटरी बची और तय किए 800 Km
इस कड़े टेस्ट के बाद जो नतीजे सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले थे. BMW iX3 LWB ने इस पूरे सफर के दौरान करीब 800 किलोमीटर की दूरी तय की और जब यह सफर खत्म हुआ, तब भी कार में 2 प्रतिशत बैटरी बची हुई थी. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर इस 2 परसेंट बैटरी का भी पूरा इस्तेमाल किया जाता, तो यह कार आसानी से 835 से 840 किलोमीटर तक का सफर तय कर लेती. टेस्ट के दौरान कार को 'एफिशिएंट मोड' में चलाया गया था.
भारत में कब होगी एंट्री?
BMW iX3 लॉन्ग व्हीलबेस कंपनी के नए प्लेटफॉर्म पर बनने वाला पहला प्रोडक्शन मॉडल होगा. इसका प्रोडक्शन चीन के शेनयांग में BMW ब्रिलिएंस ऑटोमोटिव प्लांट में किया जाएगा. भारतीय ग्राहकों के लिए अच्छी खबर यह है कि कंपनी इस लग्जरी और लंबी रेंज वाली इलेक्ट्रिक कार को भारतीय बाजार में भी उतारने की तैयारी कर रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि यह शानदार SUV साल 2026 के अंत तक या 2027 की शुरुआत में भारतीय सड़कों पर दस्तक दे सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं