- लड़की ने बताया कि वायरल वीडियो एक महीने पुराना है और उसे गलत तरीके से फैलाकर बदनाम किया जा रहा है
- वह लद्दाख से दिल्ली लौट रही थी और वीआईपी मूवमेंट के कारण लंबा इंतजार होने से फ्रस्टेट हो गई थी
- वीडियो में लड़की ने सुरक्षा बलों पर आरोप लगाए और रास्ता बंद करने के खिलाफ विरोध जताया था
कारगिल के मिनामार्ग चेक पोस्ट पर सुरक्षा बलों से तीखी बहस करने वाली वायरल लड़की अब माफी मांग रही है. एनडीटीवी से खास बातचीत में उसने साफ तौर पर कहा कि वो अपने किए पर शर्मिन्दा है और जवानों से माफी मांगती है.
वायरल लड़की के दावे
एनडीटीवी ने लड़की से पूछा कि आखिर हुआ क्या था? क्यों वो भड़क गई थी? इस पर लड़की ने कहा, 'उस दिन जो चीजें हुई थीं, उसका जो वीडियो लोगों ने डाला हुआ है वो करेक्ट वीडियो नहीं है. उसमें मैं हूं और उसमें मैं चिल्ला भी रही हूं, मैं फ्रस्टेट होकर बहुत चीजें बोल भी चुकी हूं. ये वीडियो एक महीने पुरानी है, जिसको आज वायरल करके मुझे बदनाम किया जा रहा है. जबकि मैं इंडियन आर्मी को इतना रिस्पेक्ट करती हूं. मैं कभी सपने में भी नहीं सोच सकती कि मेरी वजह से मेरे देश की इंडियन आर्मी को इतना बुरा लगा कि मैंने ये सब चीजें बोलीं.'
लड़की ने आगे बताया, 'उस दिन ये हुआ था कि हम लद्दाख से दिल्ली वापस आ रहे थे. हमें नहीं पता था कि उस दिन वीआईपी मूवमेंट होने वाला है या कुछ होने वाला है. हम लोग बैठे हुए थे तो हमें तीन-चार घंटे सुबह से वेट करते हुए हो गए. फिर हमने एक फौजी से पूछा कि सर और कितना टाइम लगेगा. उन्होंने बोला कि एक घंटा और लगेगा. फिर हम लोगों ने एक घंटा और वेट किया. वैसे वेट करते-करते छह घंटे हो गए.'
वायरल गर्ल ने आगे बताया, 'तब तक आगे से आवाजें आने लग गईं कि आगे फाइट चल रही है. हमलोग बहुत पीछे थे. हमलोग भी आगे गए. तो देखा कि सिक्योरिटी पर्सन और पब्लिक की फाइट चल रही थी. उस फाइट के बीच मैं भी चली गई और मैंने बोला कि मैं एक पेशेंट हूं मुझे बहुत प्रॉब्लम हो रहा है, छह घंटे हो गए हमलोग वॉशरूम नहीं जा पा रहे. कुछ नहीं कर पा रहे आपके वीआईपी मूवमेंट के चक्कर में हमलोग बहुत फ्रस्टेट हो रहे हैं. आपलोगों को हम लोग टैक्स पे करते हैं, सारी चीजें करते हैं तो हमारे साथ ये सब चीजें क्यों हो रही हैं. लेकिन उस चीज को इतना निगेटिव वे में दिखाया गया कि मैं इतना डिप्रेशन में चली गई कि मुझे यकीन नहीं हो रहा कि आज मैं कोई पब्लिक फिगर नहीं हूं सर. मैं कभी सोशल मीडिया पर भी नहीं रहती.'
वायरल वीडियो में क्या था
दरअसल, ये लड़की कारगिल घूमने गई थी. वहां मिनामार्ग चेक पोस्ट पर चेकिंग के लिए रोका गया तो ये भड़क गई. इसने दूसरे पर्यटकों को भी भड़काया. लड़की वीडियो में कहती नजर आ रही है, 'हम जेन जेड हैं. हम इस बर्ताव को बर्दाश्त नहीं करेंगे. हम लोग पैसे देकर यहां घूमने आते हैं या रोड ब्लॉक जैसी चीजों का सामना करने आते हैं. इन्होंने अचानक रास्ता बंद करके ताला लगा दिया है. कश्मीरियों के साथ तो करते ही हैं, अब उन लोगों के साथ भी कर रहे हैं जो लोग यहां घूमने आते हैं. पूछने पर कोई अधिकारी नाम नहीं बता रहा है और कैमरा ऑन होते ही दूर चले गए हैं. हम पिछले 5 घंटे से यहां फंसे हैं. अब हम सब यहीं बैठेंगे. देखते हैं कि आपके अधिकारी और मंत्री के आने पर ये रास्ते कैसे खुलते हैं. हम किसी को जाने नहीं देंगे.'
एक दूसरे वीडियो में यह साफ देखा जा सकता है कि आर्टिलरी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर (CO), DM और SP के कहने के बावजूद, उसने वहां से हटने से इनकार कर दिया और मामले को संसद में उठाने की धमकी भी दी. वायरल वीडियो में अधिकारी हाथ जोड़कर सभी लोगों से रास्ता खाली करने की गुजारिश कर रहे हैं. वे उन्हें समझा रहे हैं कि ये सब उनकी सुरक्षा के लिए ही किया है. लेकिन महिला सुनने का नाम ले रही हैं. वे लगातार वहां विरोध कर रही हैं और अफसरों पर चिल्ला रही हैं. हालांकि, आर्मी अफसर सिर्फ समझाइश से मामला सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं. ये वीडियो कब का है, इसका खुलासा तो अभी नहीं हो पाया है, लेकिन इसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा, "'हम Gen Z हैं' कहना अब 'जानते नहीं हो मेरा बाप कौन हैं' कहने जैसा ट्रेंड बन गया है. Gen Z के प्रति बनी अच्छी छवि को खराब करने का सबसे तेज तरीका है कि जरा सी भी ठेस पहुंचने पर इसे धमकी की तरह इस्तेमाल किया जाए."
यह भी पढ़ें-
JPSC और JSSC परीक्षाएं रद्द करने के आदेश पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं