विज्ञापन
This Article is From Mar 06, 2012

कांग्रेस को गोवा में करारा झटका, मणिपुर में आगे

नई दिल्ली: कांग्रेस को गोवा में करारा झटका लगा है। मौजूदा विधानसभा चुनाव के अब तक मिले नतीजों के मुताबिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष शिरोडकर और मंत्री जोकिम अलेमाओ सहित कई कद्दावर नेता भाजपा के नए चेहरों के हाथों पराजित हुए हैं।

कंकोलिम विधान सभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जोकिम अलेमाओ को भाजपा उम्मीदवार सुभाष नाइक ने परास्त किया, जबकि दयानंद नार्वेकर को भाजपा के ग्लेन टिक्लो ने एल्डोना सीट पर हराया। कैलनग्यूट सीट पर भाजपा उम्मीदवार माइकल लोबो ने कांग्रेस के एग्नेलो फर्नांडीज को मात दी। गोवा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष शिरोडकर को भी शिरोडा सीट पर भाजपा उम्मीदवार महादेव नाइक के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा ने अब तक सात सीटों पर कब्जा जमाने में कामयाबी हासिल की है जबकि वह चार सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने अब तक दो सीटें ही जीती हैं। भाजपा की सहयोगी एमजीपी ने एक सीट जीती है, जबकि यह एक पर आगे चल रही है। गोवा विकास पार्टी को भी एक सीट मिली है। कांग्रेस के गठबंधन सहयोगी राकांपा को भी हार का सामना करना पड़ा है। उसके उम्मीदवार और मौजूदा विधायक नीलकांत हलर्नकर को एमजीपी उम्मीदवार किरण कंडोलकर के हाथों तिविम सीट पर पराजय झेलनी पड़ी।

इस बीच, पूर्व पर्यटन मंत्री और गोवा विकास पार्टी के उम्मीदवार फ्रांसिस्को पचेको ने नुवेम में कांग्रेस उम्मीदवार एलेक्सियो सिक्वियेरा को मात दी। पचेको ने 2007 के विधान सभा चुनाव में राकांपा के टिकट पर बेनौलिम सीट से चुनाव लड़ा था। फतोरदा विधान सभा सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजय सरदेसाई ने भाजपा उम्मीदवार को पराजित किया। बिजोलिम सीट पर नरेश सावल ने कांग्रेस उम्मीदवार को मात दी।

मणिपुर में कांग्रेस की सत्ता कायम रहने के आसार हैं। पार्टी 60 सदस्यीय विधान सभा में फिलहाल 19 सीटों पर आगे चल रही है। तिपाइमुख विधान सभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. कैलटोनलिएन एमो ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार एल.फाइमेट को मात दी है। उपलब्ध रुझानों के मुताबिक, मणिपुर पीपुल्स पार्टी की अगुवाई वाला गठबंधन तीन सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस एक सीट और अन्य चार सीटों पर आगे चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार ओकराम इबोबी सिंह और लोक निर्माण मंत्री के रंजीत क्रमश: थूबल और सुगनू सीट पर आगे चल रहे हैं। इबोबी सिंह अपने प्रतिद्वंदी और भाजपा उम्मीदवार ओ.इंदिरा से 120 मतों से आगे चल रहे है। जबकि रंजीत सिंह अपने प्रतिद्वंदी और मणिपुर पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार एम बिनोद से 35 मतों से आगे चल रहे हैं। सेकमई सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के एच देबेंद्र अपने प्रतिद्वंदी और भाकपा उम्मीदवार ए ओकेन सिंह से आगे चल रहे हैं। मतगणना की शुरुआत कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे हुई । दोपहर तक परिणाम आ जाने की उम्मीद है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गोवा विधानसभा चुनाव 2012, Goa Assembly Elections 2012, Assembly Polls 2012, विधानसभा चुनाव 2012, मणिपुर चुनाव
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com