विज्ञापन
This Article is From Jan 12, 2016

अहमदाबाद में महोत्सव के दौरान महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार

अहमदाबाद में महोत्सव के दौरान महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार
महिलाओं को अश्लील तरीके से छूते पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था
अहमदाबाद: अहमदाबाद में हाल ही में आयोजित एक महोत्सव के दौरान कई लड़कियों और महिलाओं से छेड़छाड़ करने के आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे ड्यूटी से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 25 दिसंबर और 31 दिसंबर को आयोजित कंकड़िया महोत्सव के दौरान लड़कियों और महिलाओं को जबरन अश्लील तरीके से छूते हुए एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद शहर की पुलिस ने उसे ढूंढने के लिए तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान दानी लिमडा पुलिस थाना में हेडकांस्टेबल रामसिंह वलवाई (48) के रूप में हुई है। कई पुलिस दलों की ओर से तीन दिनों तक गहन तलाशी चलाने के बाद सोमवार रात उसे गिरफ्तार किया गया।

मणिनगर पुलिस इंस्पेक्टर एनएस देसाई ने बताया, वलवाई कंकड़िया महोत्सव के दौरान वहां तैनात पुलिस दल का हिस्सा था। उसे ड्यूटी से निलंबित कर दिया गया है और इस संबंध में उसे अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 354 ए और 268 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस को वलवाई को तलाशने में मुश्किल आई, क्योंकि वीडियो में उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा था। अपनी सफाई में वलवाई ने दावा किया वह भीड़ में अपने लिए महज रास्ता बनाने की कोशिश कर रहा था।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
अहमदाबाद, पुलिसकर्मी गिरफ्तार, महिलाओं से छेड़छाड़, गुजरात, Ahmedabad, Policeman Arrested, Cop Arrested, Molestation, Gujarat
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com