World's Most Dangerous Pizza Kitchen: जरा तसव्वुर कीजिए...चारों तरफ धुआं, जमीन के नीचे खौलता लावा और हवा में गरम राख की बू. ऐसा मंजर जहां कदम रखते ही रूह कांप जाए, लेकिन इसी खौफनाक फिजा में कोई शख्स इत्मीनान से पिज्जा बना रहा हो तो? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो लोगों को हैरत और हैरानी दोनों में डाल रहा है. मामला किसी आम किचन का नहीं, बल्कि धधकते ज्वालामुखी के किनारे चल रहे एक अजीबो गरीब 'रेस्टोरेंट' का है, जिसने इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है.
ज्वालामुखी बना किचन (Pacaya Volcano Turns Into a Kitchen)
इन दिनों Pizza Pacaya, Pacaya Volcano, Guatemala से जुड़ा एक Viral Video सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड कर रहा है. यह दुनिया का शायद इकलौता ऐसा 'किचन' है, जो किसी बिल्डिंग में नहीं बल्कि धधकते ज्वालामुखी पर चलता है. यह कारनामा हो रहा है Pacaya Volcano पर, जो ग्वाटेमाला का सक्रिय ज्वालामुखी है. इस अनोखे आइडिया के पीछे हैं 34 वर्षीय डेविड गार्सिया. कभी अकाउंटेंट रहे डेविड को 2013 में यह दिलचस्प खयाल आया कि जब लावा इतनी शदीद गर्मी देता है, तो इसे ओवन की तरह क्यों न इस्तेमाल किया जाए. 2019 में उन्होंने इसे प्रोफेशनल बिजनेस बना दिया.
दो मिनट में तैयार पिज्जा (Pizza Ready in Just 2 Minutes)
जहां पिज्जा तैयार होता है, वहां तापमान 1000 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है. डेविड खास मेटल ट्रे पर पिज्जा रखते हैं और लावा की गर्मी से महज दो मिनट में सुपर क्रिस्पी पिज्जा तैयार हो जाता है. वह मिलिट्री बूट्स और प्रोटेक्टिव गियर पहनकर इस खतरनाक काम को अंजाम देते हैं.
ये भी पढ़ें:-कराची की इस मजार में रहता है 200 मगरमच्छों का खानदान, मांस की जगह खाते हैं मिठाइयां
पिज्जा के लिए करनी पड़ती है मेहनत (Climb the Volcano for a Slice)
इस पिज्जा का मजा लेना इतना आसान नहीं. टूरिस्ट्स को करीब डेढ़ घंटे की चढ़ाई करनी पड़ती है. जो लोग पैदल नहीं जा सकते, उनके लिए घोड़े और खच्चर की सुविधा है. कीमत भी कम नहीं है. छोटे पिज्जा के लिए लगभग 35 डॉलर और बड़े के लिए 55 डॉलर चुकाने पड़ते हैं. फिर भी लोग इस अनोखे तजुर्बे के लिए खिंचे चले आते हैं. यह सिर्फ एक वायरल वीडियो नहीं, बल्कि अनोखे बिजनेस आइडिया की मिसाल है. Pizza Pacaya दिखाता है कि जुनून और जुर्रत हो तो खौफनाक जगह भी मौका बन सकती है.
ये भी पढ़ें:-40 साल बाद फिर बेचैन हो उठा ये ज्वालामुखी, हलचल देख वैज्ञानिकों की छूटी कपकपी, क्या दोहराएगा 1982 जैसा विस्फोट?
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं