आज दुनिया की नजरें ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव पर टिकी हैं. लेकिन इन राजनीतिक हलचलों के बीच भारत और ईरान के रिश्तों की एक दिलचस्प सिनेमाई कहानी भी छिपी है. ये कहानी है करीब 55 साल पुरानी. आपने कई बार फिल्मों में यूरोप और अमेरिका के चकाचौंध से भरे शहर देखे होंगे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ईरान की खूबसूरत वादियां भी हिंदी फिल्मों का हिस्सा बन चुकी हैं. शोले के ठाकुर ने एक ऐसी ही फिल्म में काम किया था जिसकी शूटिंग भी काफी हद तक ईरान में हुई थी और ईरानी मूल के स्टार भी फिल्म में दिखाई दिए थे.
जब ईरान की धरती पर बनी थी हिंदी फिल्म ‘सुबह-ओ-शाम'
साल 1971 में रिलीज हुई फिल्म ‘सुबह-ओ-शाम' उस दौर की एक अनोखी फिल्म थी, जिसने भारत और ईरान के सिनेमा को एक साथ जोड़ दिया. इंडो-ईरानियन निर्देशक तापी चाणक्य ने इस फिल्म की शूटिंग ईरान की कई शानदार लोकेशनों पर की थी. उस समय विदेशी लोकेशनों पर शूटिंग करना बेहद खास माना जाता था, इसलिए ये फिल्म चर्चा में आ गई. फिल्म में वहीदा रहमान और संजीव कुमार जैसे बड़े बॉलीवुड सितारों के साथ ईरान के सुपरस्टार मोहम्मद अली फरदीन भी नजर आए. कहानी में दिलचस्प मोड़ ये था कि संजीव कुमार ने फरदीन के छोटे भाई की भूमिका निभाई थी. फिल्म में सिमिन गफ्फारी, लोरेटा, इरीन और अजर जैसे कई ईरानी कलाकार भी शामिल थे. इस तरह ये फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं रही, बल्कि दोनों देशों की कला और कलाकारों के मिलन की मिसाल बन गई.
ये भी पढ़ें- रामायण का विभीषण बन भाई रावण को दिया था धोखा, 10 साल पहले रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश, दर्दनाक मौत अभी भी है रहस्य
गानों और कहानी ने जीता दिल
फिल्म की कहानी जितनी दिलचस्प थी. उसका म्यूजिक भी उतना ही शानदार था. लक्ष्मीकांत प्यारेलाल के संगीत और आनंद बख्शी के गीतों ने फिल्म को और खास बना दिया. वहीं लता मंगेशकर, किशोर कुमार, आशा भोसले और मोहम्मद रफी जैसे दिग्गज गायकों ने अपनी आवाज से इन गानों को यादगार बना दिया. मोहम्मद रफी के गाए गाने जैसे ‘छोड़ मुझे पीने दे', ‘साकी की जरूरी है' और ‘तेरी मेरी नजर लड़ गई' उस दौर में बेहद पसंद किए गए थे. दिलचस्प बात ये भी है कि इस फिल्म को ईरान में ‘होमाये सादात' नाम से रिलीज किया गया था और वहां भी इसे खूब पसंद किया गया. फिल्म की कामयाबी के बाद कई भारतीय फिल्ममेकर्स ने ईरान में शूटिंग करने में दिलचस्पी दिखाई.
ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2 Box Office: हमजा बनेगा बॉक्स ऑफिस का बादशाह, ओ रोमियो, बागी 4 की ओपनिंग को पछाड़ धुरंधर 2 का गदर शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं