विज्ञापन

अब 'जीभ' देखकर वेटर बताएगा क्या खाना है! यहां रेस्टोरेंट में AI रोबोट ने उड़ाए सबके होश

वो दिन गए जब वेटर आकर पूछता था 'सर...क्या लेंगे?' अब तो जमाना इतना एडवांस हो गया है कि रोबोट आपकी शक्ल और जीभ की रंगत देखकर बता देगा कि, आपके पेट को किस चीज की दरकार है. एक रेस्टोरेंट में कुछ ऐसा ही अजूबा हो रहा है, जहां AI रोबोट न सिर्फ खाना परोस रहे हैं, बल्कि आपकी सेहत का कच्चा चिट्ठा खोलकर मेन्यू सजेस्ट भी कर रहे हैं.

अब 'जीभ' देखकर वेटर बताएगा क्या खाना है! यहां रेस्टोरेंट में AI रोबोट ने उड़ाए सबके होश
वेटर नहीं, ये है चलता फिरता डॉक्टर! जीभ स्कैन करके बताता है आपकी फेवरेट डिश
AI

AI Robot Waiter China: अब तक हमने सिर्फ फिल्मों में रोबोट्स को काम करते देखा था, लेकिन चीन के हांगझोऊ शहर में तो मामला ही कुछ जुदा है. यहां के रेस्टोरेंट्स में ऐसे 'लोहे के वेटर' तैनात किए गए हैं, जो आपसे आपका हाल-चाल पूछने के बजाय सीधे आपकी जीभ स्कैन करते हैं. जी हां, ये रोबोट ग्राहक के चेहरे और जीभ का बारीकी से मुआयना करते हैं और फिर बताते हैं कि आपके डाइजेशन और मूड के हिसाब से 'थ्री कप चिकन' बेहतर रहेगा या सूप नूडल्स.

ये भी पढ़ें:-मम्मी की डांट का खौफ! 12 की उम्र में निगला था थर्मामीटर, 32 साल की उम्र में पेट काटकर निकाला गया बाहर

ये रोबोटिक उस्ताद इतने शातिर हैं कि इन्हें 100 से ज्यादा लजीज डिशेज बनाने की महारत हासिल है. सबसे हैरानी की बात तो ये है कि, ये इंसानी शेफ की हूबहू नकल करते हैं...जैसे कड़ाही घुमाना या आंच को कम-ज्यादा करना.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: social media

चेहरा देखते ही खुल जाएगी सेहत की कुंडली (AI Facial and Tongue Analysis for Healthy Dining)

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट की मानें तो ये रोबोट सिर्फ खाना ही नहीं सजेस्ट करते, बल्कि आपकी लाइफस्टाइल और भावनाओं का पूरा 'पोस्टमार्टम' कर देते हैं. जब कोई कस्टमर इनके सामने आता है, तो ये कुछ सीधे-सपाट सवाल पूछते हैं और फिर एआई के जरिए विश्लेषण करते हैं कि मौसम और आपकी सेहत के लिहाज से आज कौन सा निवाला आपके लिए बरकत वाला होगा. मजे की बात ये है कि यहां आने वाले 70 साल के बुजुर्ग भी इस करिश्मे को देखकर दांतों तले उंगली दबा लेते हैं. लोगों का कहना है कि रोबोट के हाथ के जायके में और इंसान के बनाए खाने में रत्ती भर का फर्क नहीं है.

Latest and Breaking News on NDTV

जेब पर हल्का और स्वाद में भारी (China AI robot restaurant)

इन रोबोटिक मुलाजिमों के आने से रेस्टोरेंट मालिकों की तो चांदी हो गई है. इंसानी वर्कफोर्स में 60 फीसदी तक की कटौती हुई है, जिससे खाने की कीमतें भी गिर गई हैं. पहले जहां एक वक्त के खाने के लिए 20 युआन ढीले करने पड़ते थे, अब वही जायका 15 युआन में मिल रहा है. असल में ये तकनीक उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो कम खर्च में हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं.

ये भी पढ़ें:-खौफनाक या वफादारी? इस गांव में दूल्हा बनने के लिए कटवाना पड़ता है हाथ, रोंगटे खड़े कर देगा ये रिवाज

कुल मिलाकर बात ये है कि टेक्नोलॉजी अब आपकी थाली तक पहुंच चुकी है. ये रोबोट न सिर्फ समय बचा रहे हैं, बल्कि आपकी सेहत का ख्याल रखने वाले एक 'हकीम' की भूमिका भी निभा रहे हैं. आने वाले वक्त में अगर आपका वेटर आपको तला-भुना खाने से टोक दे, तो हैरान मत होइएगा.

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com