World News: फेमस अमेरिकन पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट (Taylor Swift) के एक्स बॉयफ्रेंड और अमेरिकी हेल्थ सेक्रेटरी रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर (Robert F. Kennedy Jr.) के बेटे कॉनर कैनेडी (Conor Kennedy) अब रूस की इंटरनेशनल वांटेड लिस्ट (Russia's International Wanted List) में आ गए हैं. 32 साल के इस वकील पर आरोप है कि उन्होंने 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) के दौरान यूक्रेनी सेना की तरफ से भाड़े के सैनिक (Mercenary) के तौर पर लड़ाई लड़ी थी.
ट्रायल को मंजूरी, अपील खारिज
रूसी सरकारी मीडिया आउटलेट TASS की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को की एक ट्रायल कोर्ट ने जांच एजेंसी की याचिका को मंजूर कर लिया है. कॉनर की लीगल टीम ने इस फैसले का कड़ा विरोध करते हुए तुरंत ऊपरी अदालत का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां से भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी. यह पूरी सुनवाई गोपनीय तरीके से बंद कमरे में की गई.
10 साल तक की जेल का खतरा
रूस के सख्त क्रिमिनल कोड के आर्टिकल 353 (पार्ट 3) के तहत, किसी भी विदेशी नागरिक का रूस के खिलाफ हथियार उठाना या युद्ध में शामिल होना एक संगीन जुर्म है. इसका सीधा मतलब यह है कि अगर कॉनर कैनेडी गिरफ्तार होते हैं, तो इस अमेरिकी नागरिक को 7 से 10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है.
'VIP ट्रीटमेंट से बचने के लिए छिपाई पहचान'
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के परपोते और पूर्व अटॉर्नी जनरल रॉबर्ट कैनेडी के पोते कॉनर ने खुद सोशल मीडिया पर यह कबूल किया था कि वह खारकीव में यूक्रेन के 'इंटरनेशनल लीजन' का हिस्सा थे. उन्होंने अक्टूबर 2022 में फ्रंटलाइन से लौटने के बाद बताया कि उन्होंने जंग के दौरान अपनी असली पहचान और बैकग्राउंड सबसे छिपाकर रखा था. उनका मकसद सिर्फ इतना था कि अमेरिका में बैठे उनके परिवार को चिंता न सताए और मिलिट्री में उन्हें उनके नाम की वजह से कोई स्पेशल ट्रीटमेंट न मिले.
तबाही देखकर दहल गया दिल
कॉनर ने अपनी पोस्ट में लिखा था, 'कई लोगों की तरह, मैं भी यूक्रेन की तबाही देखकर अंदर तक हिल गया था. मैं हर हाल में मदद करना चाहता था. जैसे ही मुझे इंटरनेशनल लीजन के बारे में पता चला, मैं अगले ही दिन एम्बेसी में भर्ती होने पहुंच गया.' उन्होंने यूक्रेन में सिर्फ एक शख्स को अपना असली नाम बताया था.
टेलर स्विफ्ट कनेक्शन
वहीं, अगर कॉनर की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो वह भी कम सुर्खियों में नहीं रही है. साल 2012 की गर्मियों में पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट के साथ चला उनका कुछ महीनों का रोमांस आज भी गॉसिप का हॉट टॉपिक बना रहता है.
ये भी पढ़ें:- कार सेल्समैन बन गया बेल्जियम का राजकुमार, रॉयल फैमिली से 99.5 परसेंट मैच हुआ DNA
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं