यह ख़बर 17 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

युवा तारे अंतरिक्ष में फेंकते हैं पानी की बौछार

खास बातें

  • वैज्ञानिकों के अनुसार युवा तारे अंतरिक्ष में प्रति घंटा करीब 2,00,000 किलोमीटर की रफ्तार से पानी की बौछारें फेंकते हैं। इस खोज से सूर्य के जीवन के प्रारंभिक चरण पर नया प्रकाश पड़ सकता है।
लंदन:

वैज्ञानिकों के अनुसार युवा तारे अंतरिक्ष में प्रति घंटा करीब 2,00,000 किलोमीटर की रफ्तार से पानी की बौछारें फेंकते हैं। नीदरलैन्ड के लेडेन विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के अनुसार इस खोज से सूर्य के जीवन के प्रारंभिक चरण पर नया प्रकाश पड़ सकता है। 'डेली मेल' के अनुसार वैज्ञानिकों ने धरती से करीब 750 प्रकाश वर्ष दूर पेरसेअस तारामंडल में स्थित एक प्रोटोस्टार (युवा तारे) पर हुआ यह नजारा देखा। तारे की उम्र 1,00,000 साल से अधिक नहीं है और उसके चारों ओर गैस एवं धूल का गुबार अभी भी है, जिससे इसकी उत्पत्ति हुई। वैज्ञानिकों ने यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की हर्शेल अंतरिक्ष बेधशाला में लगे पराबैगनी उपकरणों से इस गुबार के भीतर झांककर इस तारे का पता लगाया। उन्होंने पाया कि तारे के चारों ओर हाइड्रोजन और ऑक्सीजन के एटम परिक्रमा कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने इन एटमों का रास्ता ढूंढा और नतीजे पर पहुंचे कि तारे पर पानी बनता है। वैज्ञानिकों ने पाया कि तारे के उत्तरी और दक्षिणी ध्रुव पर तापमान 1,00,000 डिग्री सेल्सियस है, जो पानी को गैस के रूप में परिवर्तित कर देता है। यह गैस जब पास के पदार्थ से टकराती है, तो जल्द ठंड होकर तरल पदार्थ में बदल जाती है। प्रमुख अनुसंधानकर्ता लार्स क्रिस्टेन्सेन के हवाले से बताया गया, जब हम इन धाराओं की तस्वीर देखते हैं, तो यह अमेजन नदी से हर सेकेन्ड बहने वाले पानी की गति से 10 करोड़ अधिक गुना प्रतीत होती है। हम 2,00,000 किलोमीटर प्रति घंटे की गति की बात कर रहे हैं यानी मशीनगन से निकलने वाली गोली की रफ्तार से 80 गुना अधिक। क्रिस्टेन्सेन और उनका दल इस खोज से काफी उत्साहित है, क्योंकि इससे सूर्य के जीवन के प्रारंभिक चरण पर नया प्रकाश पड़ेगा। क्रिस्टेन्सेन ने कहा, हम यह समझने लगे हैं कि सूर्य की तरह के हर तारे अपनी युवावस्था में एक ऊर्जावान चरण से गुजरते हैं। इस चरण में वे काफी तेज गति से पदार्थ फेंकते हैं, जिसका एक हिस्सा अब हम जानते हैं कि पानी है। उन्होंने कहा कि पेरसेअस में जो परिघटना हमने देखी, वह सभी तारों के युवा काल में कुछ समय के लिए घटती है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com