स्पेन का एक पारंपरिक खेल इन दिनों भारत में चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर इसके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो को देखकर कई लोगों को बचपन के दिन याद आ गए, क्योंकि यह खेल भारत के पुराने खेल ‘गिल्ली-डंडा' जैसा ही दिखाई देता है. इस स्पेनिश खेल का नाम बिलार्डा (Billarda) है, जो स्पेन के उत्तर-पश्चिमी हिस्से गैलिसिया में खेला जाता है, बताया जाता है कि यह खेल बहुत पुराना है और इसका जिक्र 13वीं सदी के इतिहास में भी मिलता है.
पिछले कुछ वर्षों में इस खेल को फिर से लोकप्रिय बनाने की कोशिश की जा रही है. इसके लिए वहां की खेल संस्थाएं प्रतियोगिताएं आयोजित कर रही हैं. अब बिलार्डा में लीग मैच, प्लेऑफ और यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी कराए जा रहे हैं. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि खिलाड़ी एक छोटी लकड़ी को एक बड़ी लकड़ी के सहारे हवा में उछालते हैं और फिर उसे जोर से मारकर आगे की तरफ भेजते हैं. यह तरीका बिल्कुल वैसा ही है जैसा भारत में गिल्ली-डंडा खेलते समय अपनाया जाता है.
इसी वजह से भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स इस खेल को देखकर हैरान हैं और कह रहे हैं कि यह तो बिल्कुल हमारे देसी खेल गिल्ली-डंडा जैसा ही है. कई लोगों ने मजाक में इसे “विदेशी गिल्ली-डंडा” भी कहा. बिलार्डा के ये वीडियो भारत में तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इसे बड़े दिलचस्प तरीके से देख रहे हैं.
The West finally discovers Gilli Danda, a game India has been playing for thousands of years. pic.twitter.com/I787LIieSg
— Abhishek (@MSDianAbhiii) June 15, 2026
गिल्ली-डंडा क्या है?
गिल्ली-डंडा भारत का बहुत पुराना पारंपरिक खेल माना जाता है. कहा जाता है कि यह खेल करीब 2000 साल से भी ज्यादा पुराना है. इसे कहीं-कहीं ‘गुल्ली-डंडा' भी कहा जाता है. यह खेल खासतौर पर गांवों और छोटे शहरों में ज्यादा खेला जाता है. इस खेल में दो लकड़ियों का इस्तेमाल होता है. एक बड़ी लकड़ी होती है, जिसे डंडा कहते हैं. दूसरी छोटी लकड़ी होती है, जिसे गिल्ली कहा जाता है. खेल में खिलाड़ी गिल्ली को डंडे से उछालकर दूर मारता है और इसी के आधार पर अंक मिलते हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
जब स्पेन के बिलार्डा खेल के वीडियो वायरल हुए, तो भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे देखकर गिल्ली-डंडा से मिलती-जुलती खेल बताया. एक यूजर ने लिखा कि जब वह 8 साल का था, तब पहली बार भारत आया और उसे गिल्ली-डंडा खेल बहुत पसंद आया. उसने कहा कि इस खेल से उसकी बहुत प्यारी यादें जुड़ी हुई हैं. एक और यूजर ने कहा कि बचपन में वह इस खेल का चैंपियन हुआ करता था और अपने दोस्तों के साथ खूब खेलता था.
यह भी पढ़ें:- 4 दिन काम, 3 दिन छुट्टी... दुबई का नया नियम सुनकर लोग बोले- ऐसी नौकरी तो हम भी डिजर्व करते हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं