भारत की डिजिटल पेमेंट व्यवस्था एक बार फिर दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई है. इस बार एक स्लोवेनियाई महिला पर्यटक ने भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) की जमकर तारीफ की है. भारत घूमने आई जूलिया नाम की महिला ने सोशल मीडिया पर बताया कि यहां यात्रा के दौरान उन्हें लगभग नकदी की जरूरत ही नहीं पड़ी. उनका इंस्टाग्राम पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रहा है.
छोटे दुकानदारों से लेकर चाय की दुकान तक QR कोड
जूलिया ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि भारत में उन्हें सबसे ज्यादा हैरानी इस बात की हुई कि लगभग हर जगह डिजिटल पेमेंट की सुविधा मौजूद थी. चाहे सड़क किनारे चाय की दुकान हो, छोटा रेस्टोरेंट हो या कोई स्थानीय दुकान, हर जगह लोग QR कोड दिखाकर भुगतान लेने को तैयार थे.
UPI को बताया सबसे आसान सिस्टम
पोस्ट में आगे लिखते हुए उन्होंने कहा कि UPI दुनिया के सबसे आसान पेमेंट सिस्टम में से एक है. इसमें बैंक डिटेल्स डालने की जरूरत नहीं पड़ती, बस QR कोड स्कैन करते ही कुछ सेकंड में पैसे ट्रांसफर हो जाते हैं. हालांकि उन्होंने यात्रियों को सलाह दी है कि सुरक्षा के लिए डेबिट या क्रेडिट कार्ड और थोड़ा कैश भी साथ रखें, क्योंकि दूर-दराज के इलाकों में कभी-कभी इंटरनेट की समस्या हो सकती है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने भी की तारीफ
जूलिया के पोस्ट पर हजारों लोगों ने रिएक्शन दिया. कई यूजर्स ने लिखा कि UPI भारत की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है. कुछ लोगों ने यह भी बताया कि सबसे अच्छी बात यह है कि UPI सिस्टम से बैंक अकाउंट में तुरंत पैसे ट्रांसफर हो जाते हैं. यानी UPI से पेमेंट मिलते ही आप तुरंत पैसे निकाल सकते हैं. वहीं एक यूजर ने लिखा कि कितनी अजीब बात है कि भारत सिर्फ इसी चीज में आगे है. एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अरे अब कुछ इंडियन को मिर्ची लगेगी वो ये देख के रोने आएंगे अब.
दुनिया में सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम
साल 2016 में शुरू किया गया UPI आज भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुका है. जनवरी 2026 में UPI के जरिए 21.70 अरब से अधिक लेनदेन हुए, जिनकी कुल कीमत 28.33 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रही. इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) भी UPI को दुनिया का सबसे बड़ा रिटेल फास्ट पेमेंट सिस्टम बता चुका है. भारत की यह डिजिटल क्रांति अब दुनिया भर के लोगों को प्रभावित कर रही है.
यह भी पढ़ें: सहारा रेगिस्तान में ऊंट की सवारी करते हुए की लैपटॉप पर ज़ूम कॉल, वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें: भारत और पोलैंड के ऑफिस कल्चर में कितना फर्क? शख्स ने बताया अपना एक्सपीरियंस, देखें वीडियो
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में 1 छोटे बच्चे ने जवान को सैल्यूट किया और पैर छुए, CISF ने शेयर किया दिल को छू लेने वाला वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं