विज्ञापन

अचानक आपा खो बैठीं ममता बनर्जी; TMC कार्यकर्ता को मारा थप्पड़! वायरल वीडियो से गरमाई बंगाल की राजनीति

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भीड़ के बीच कथित रूप से एक TMC कार्यकर्ता को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं. घटना कालीघाट स्थित आवास के बाहर की बताई जा रही है.

अचानक आपा खो बैठीं ममता बनर्जी; TMC कार्यकर्ता को मारा थप्पड़! वायरल वीडियो से गरमाई बंगाल की राजनीति
ममता बनर्जी का वीडियो वायरल: भीड़ के बीच TMC कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का दावा, सियासत गरमाई

Mamata Banerjee Viral Video: पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया जब मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो में ममता बनर्जी अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर उस समय हुई, जब बरुईपुर रेप-मर्डर मामले के विरोध में निकाली गई रैली के बाद भारी भीड़ जमा हो गई थी. रैली के दौरान टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच तनाव की खबरें भी सामने आई थीं. इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है और विपक्ष ने भी इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.

रैली के बाद आवास के बाहर मचा हंगामा

जानकारी के अनुसार ममता बनर्जी ने बुधवार को बरुईपुर में हुए कथित रेप और हत्या मामले के विरोध में एक मार्च निकाला था. टीएमसी के मुताबिक इस रैली को कलकत्ता हाई कोर्ट से अनुमति प्राप्त थी और यह अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी. रैली समाप्त होने के बाद कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जमा हो गए. इसी दौरान अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.

वायरल वीडियो में दिखा थप्पड़ मारने का दृश्य

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ममता बनर्जी भीड़ को नियंत्रित करती नजर आती हैं. इसी दौरान उनके आसपास मौजूद एक टीएमसी कार्यकर्ता को उन्होंने अचानक थप्पड़ मार दिया. वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि भीड़ को पीछे हटाने और रास्ता खाली कराने की कोशिश की जा रही थी. कुछ लोगों को हाथ से पीछे धकेलते हुए भी देखा गया. वायरल वीडियो के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं.

घायल कार्यकर्ताओं को भेजने की थी तैयारी

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार रैली के दौरान हुए तनाव के बाद कुछ टीएमसी कार्यकर्ता घायल हुए थे. बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी घायल कार्यकर्ताओं को अस्पताल भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था कर रही थीं. इसी दौरान सुरक्षा घेरा बनाने के लिए कई कार्यकर्ता उनके आसपास इकट्ठा हो गए थे, जिससे स्थिति अव्यवस्थित हो गई. कहा जा रहा है कि इसी अफरा-तफरी में ममता बनर्जी ने अपना आपा खो दिया.

टीएमसी ने भाजपा पर लगाया आरोप

तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि रैली के दौरान भाजपा समर्थकों ने जबरन जुलूस में प्रवेश करने और उसे बाधित करने की कोशिश की. पार्टी का कहना है कि इसी वजह से माहौल तनावपूर्ण हो गया था. टीएमसी नेताओं ने दावा किया कि कुछ लोगों ने रैली का रास्ता रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

रैली के दौरान बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और हालात को नियंत्रित किया. अधिकारियों के अनुसार स्थिति बाद में सामान्य हो गई और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है. हालांकि वायरल वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया है.

यह भी पढ़ें : अनिल अंबानी ग्रुप पर ED का शिकंजा और कसा, हजारों करोड़ के फंड डायवर्जन मामले में नई छापेमारी

यह भी पढ़ें : जिहादी कट्टरपंथ फैलाने वाले ISIS-AQIS नेटवर्क पर NIA का एक्शन, 10 राज्यों व दिल्ली के 20 ठिकानों पर छापेमारी

यह भी पढ़ें : कोंकण-मराठवाड़ा वॉटर ग्रिड: क्या खत्म होगी मराठवाड़ा की प्यास और कम होगी कोंकण की बाढ़? जानिए पूरी परियोजना

यह भी पढ़ें : मानसून ने पकड़ी रफ्तार; MP में अति भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली-मुंबई पर भी असर, यहां दिखेगा मौसम का कहर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mamata Banerjee Viral Video, TMC Worker, West Bengal Politics, TMC Rally, BJP Vs TMC
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com