सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है. ये वीडियो फेमस कंटेंट क्रिएटर प्रभाकर प्रसाद ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है. वीडियो में वे बिहार के एक दूधवाले से बातचीत करते नजर आ रहे हैं. दोनों की ये बातचीत इतनी दिलचस्प निकली कि अब वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, वीडियो में कंटेंट क्रिएटर दूधवाले से अमेरिका और भारत में दूध और चाय की कीमतों को लेकर बात करते हैं. बातचीत के दौरान प्रभाकर बताते हैं कि अमेरिका के कैलिफोर्निया में उन्हें एक लीटर दूध खरीदने के लिए करीब 450 रुपये खर्च करने पड़ते हैं. यह सुनते ही दूधवाला पूरी तरह हैरान रह जाता है. उसे यकीन ही नहीं होता कि सिर्फ एक लीटर दूध की कीमत इतनी ज्यादा हो सकती है.
हैरानी में वह पूछता है कि अगर अमेरिका में दूध इतना महंगा है, तो वहां एक कप चाय कितने रुपये की मिलती होगी? प्रभाकर ने जवाब दिया, एक कप के लिए करीब 10 डॉलर यानी लगभग 900 रुपये. यह सुनकर दूधवाले की हैरानी और भी बढ़ गई. इसके बाद उसने ऐसी बात कह दी, जिसने इंटरनेट यूजर्स का दिल जीत लिया.
दूधवाले ने उतावला होते हुए कहा कि फिर तो भारत से अमेरिका दूध भेज देना चाहिए. इस पर प्रभाकर ने समझाया कि ऐसा करना आसान नहीं है. भारत से अमेरिका पहुंचने में करीब 44 घंटे लग जाते हैं और इतने लंबे समय में दूध खराब हो सकता है.
वीडियो में दोनों ने अमेरिका और भारत की जिंदगी के बारे में और भी बातें की, जिसपर दूधवाले का मानना था कि अमेरिका में कमाई के ज्यादा मौके होते हैं. हालांकि, प्रभाकर ने बताया कि वहां कमाई भले ज्यादा हो, लेकिन जिंदगी में चुनौतियां और काम का दबाव भी काफी होता है.
यहां देखें वीडियो-
अब, सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं. यूजर्स दूधवाले की सादगी, मासूमियत और जिज्ञासा की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 'सर्जरी के दिन भी काम करो'... बॉस की डिमांड से परेशान एम्प्लॉय की कहानी वायरल, लोगों ने कहा- शिकायत कर दो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं