Viral News: पाकिस्तान के रावलपिंडी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 11 साल के बच्चे का अपहरण कर लिया गया. इसके बाद बच्चे के पिता ने जो किया, उसे जानकर हर कोई हैरान है. लोग यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि 21वीं सदी में भी लोग अंधविश्वास से आगे नहीं बढ़ रहे हैं. आइए जानते हैं क्या है ये पूरा मामला और क्यों इतनी चर्चा में है-
Dogs Suicide Bridge: इस रहस्यमयी पुल से कूदकर आत्महत्या कर लेते थे कुत्ते, कहानी सुनकर चौंक जाएंगे
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रावलपिंडी के टैक्सिला थाना क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि 21 जनवरी को एक 11 साल का बच्चा अचानक अपने घर से लापता हो गया. परिजन पहले तो उसे आसपास और रिश्तेदारों के यहां ढूंढते रहे, लेकिन जब करीब 10 दिन बीत जाने के बाद भी बच्चा वापस नहीं लौटा, तो पिता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया.
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पिता ने बच्चे के अपहरण का आरोप किसी इंसान पर नहीं, बल्कि 'जिन्न' पर लगाया है. पुलिस में दर्ज कराई गई एफआईआर में पिता ने दावा किया कि उसके बेटे को जिन्न उठाकर ले गए हैं. इतना ही नहीं, उनके अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कई बार जिन्न उनके बेटे को अपने साथ ले जा चुके हैं, लेकिन हर बार कुछ समय बाद बच्चा सुरक्षित घर लौट आता था.
इस बार जब बच्चा लंबे समय तक वापस नहीं आया, तो पिता को डर सताने लगा और उन्होंने इसे अपहरण मानते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी. एफआईआर सामने आने के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया. लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से वायरल हो रही है.
हालांकि, पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि वे बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं और मामले के सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है. पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल किसी भी अलौकिक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. साथ ही बच्चे के लापता होने के पीछे पारिवारिक, सामाजिक या अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें. फिलहाल यह मामला अपनी अनोखी वजह के चलते लोगों के बीच चर्चा और हैरानी दोनों का कारण बना हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं