विज्ञापन

बतख के पेट से निकला लाखों का सोना! रातों-रात चमकी किसान की किस्मत, जानें पूरा मामला

Viral News: लियू नाम के एक ग्रामीण को उसकी बतख के पेट में कुछ चमकते हुए छोटे-छोटे कण दिखाई दिए. पहले तो उसे लगा कि यह कोई साधारण चीज होगी, लेकिन जब इन कणों को जांच के लिए टेस्ट किया गया तो पता चला कि वे असली सोने के कण हैं.

बतख के पेट से निकला लाखों का सोना! रातों-रात चमकी किसान की किस्मत, जानें पूरा मामला
बतख के पेट से निकला लाखों का सोना

Viral News: चीन के एक छोटे से गांव में हुई एक अजीब और हैरान कर देने वाली घटना इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. यहां एक व्यक्ति को बतख के पेट के अंदर से असली सोने के कण मिले, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. यह घटना सुनकर हर कोई हैरान है, तो कई लोग इसे किस्मत का खेल भी बता रहे हैं. आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में- 

यह भी पढ़ें- शादी के दबाव से परेशान महिला ने मुंडवा लिया सिर, वीडियो हुआ वायरल, बोलीं- 'आजादी बालों से ज्यादा जरूरी है'

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, यह घटना फरवरी महीने में चीन के हुनान प्रांत के लोंगहुई काउंटी में हुई. यहां रहने वाले लियू नाम के एक ग्रामीण को उसकी बतख के पेट में कुछ चमकते हुए छोटे-छोटे कण दिखाई दिए. पहले तो उसे लगा कि यह कोई साधारण चीज होगी, लेकिन जब इन कणों को जांच के लिए टेस्ट किया गया तो पता चला कि वे असली सोने के कण हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, इन सोने के कणों का कुल वजन करीब 10 ग्राम था. इसकी कीमत लगभग 12,000 युआन यानी करीब 1.65 लाख रुपये बताई जा रही है. यह पता चलते ही गांव में चर्चा शुरू हो गई और यह खबर तेजी से फैल गई.

लियू का कहना है कि उनके गांव की बतखें खुले में पाली जाती हैं और अक्सर नदी के किनारे घूमती रहती हैं. जिस नदी के पास ये बतखें जाती हैं, वह पहले सोने के भंडार के लिए जानी जाती थी. माना जा रहा है कि बतख ने नदी किनारे की मिट्टी या रेत खाई होगी, जिसमें सोने के बेहद छोटे कण मौजूद थे. वही कण उसके पेट में जमा हो गए.

दिलचस्प बात यह है कि लियू का कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ है. गांव के कुछ अन्य लोगों को भी पहले बतखों के पेट से थोड़ा बहुत सोना मिला था, लेकिन इतनी ज्यादा मात्रा में पहली बार मिला है.

विशेषज्ञों के अनुसार, सोना शरीर में पचता नहीं है. इंसान या जानवर अगर सोने के छोटे कण निगल भी लें तो वह आमतौर पर शरीर से बाहर निकल जाता है. हालांकि, बड़े टुकड़े होने पर यह समस्या भी पैदा कर सकता है. इस इलाके की चेनशुई नदी पहले सोने के लिए काफी प्रसिद्ध रही है. 1970 से 1990 के बीच यहां काफी लोग नदी से सोना निकालने का काम करते थे. बाद में सरकार ने निजी तौर पर सोना निकालने पर रोक लगा दी.

इतिहास की बात करें, तो चीन के तांग राजवंश के समय भी किसान बतख और हंस के मल से सोने के कण इकट्ठा करते थे. क्योंकि ये पक्षी सोना मिली मिट्टी खा लेते थे.

अब यह अनोखी घटना एक बार फिर लोगों को उस पुरानी परंपरा की याद दिला रही है. साथ ही यह कहानी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है. लोग इसे किस्मत और प्रकृति का अनोखा खेल बता रहे हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com