विज्ञापन

यूपी के हापुड़ में दिल्ली जैसा हादसा, खुले नाले में बाइक समेत गिर गया परिवार, CCTV में कैद हुई घटना

घटना पिलखुआ के मुख्य बाजार रोड की हैं, जहां नगर पालिका की लापरवाही हादसे की वजह बन गई. एक बाइक सवार परिवार अचानक खुले नाले में गिर गया. बाइक पर सवार दो मासूम बच्चे भी नाले में जा गिरे.

यूपी के हापुड़ में दिल्ली जैसा हादसा, खुले नाले में बाइक समेत गिर गया परिवार, CCTV में कैद हुई घटना
hapur bike fell in drain video
  • हापुड़ के पिलखुआ में नगर पालिका की लापरवाही के कारण बाइक सहित एक परिवार खुले नाले में गिर गया
  • बाइक पर सवार दो मासूम बच्चे भी नाले में गिर गए, लेकिन स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला
  • स्थानीय लोगों ने नगर पालिका को कई बार खुले नाले की शिकायत की थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ
हापुड़:

दिल्ली-एनसीआर में सरकार की लापरवाही के चलते गड्ढे में हुई मौत वाले मामलों को अभी लोग भूले भी नहीं थे कि यूपी के हापुड़ से भी ऐसी ही खबरें आई हैं. हापुड़ के पिलखुआ में नगर पालिका की बड़ी लापरवाही के चलते एक परिवार बाइक सहित गिर गया. बाइक में दो मासूम बच्चे भी थे. गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों को बाहर निकाल लिया. पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. 

गनीमत रही कि बच गई जान 

घटना पिलखुआ के मुख्य बाजार रोड की हैं, जहां नगर पालिका की लापरवाही हादसे की वजह बन गई. एक बाइक सवार परिवार अचानक खुले नाले में गिर गया. बाइक पर सवार दो मासूम बच्चे भी नाले में जा गिरे.हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को नाले से बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि यह पूरा परिवार बाइक समेत नाले में गिरा था.

नहीं हुआ कोई समाधान

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस खुले नाले की शिकायत नगर पालिका अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया. लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार जैसे व्यस्त इलाके में खुले नाले हादसों को न्योता दे रहे हैं और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं.गनीमत रही कि घटना दिन के समय हुई और लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. वहीं पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है.

क्या कह रहे अधिकारी?

इंद्रपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका पिलखुआ) ने घटना पर कहा कि कल जिस नाले में मोटरसाइकिल सवार गिर गए थे, उस नाले के कुछ हिस्सों पर निर्माण कार्य चल रहा है. फिलहाल नाले को कवर करने का काम किया जा रहा है और इसे नेशनल हाईवे-9 तक कवर किया जाएगा. इसके बाद दूसरी तरफ के नाले को भी कवर कराया जाएगा. नगर पालिका शहरी क्षेत्र के खुले नालों को चरणबद्ध तरीके से कवर कराने का प्रयास कर रही है.हालांकि सवाल यही है कि जब इस नाले की शिकायत पहले से की जा रही थी, तो हादसे का इंतजार क्यों किया गया? पिलखुआ के मुख्य बाजार की यह घटना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रही है.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hapur News, Hapur Viral Video, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com