आज के समय में बढ़ती महंगाई के कारण दिल्ली जैसे बड़े शहर में खर्च संभालना आसान नहीं है. ऐसे में 28 साल की एक सरकारी अधिकारी चर्चा में आ गई हैं, जो हर महीने करीब 90,000 रुपये कमा कर भी सिर्फ 25,000 रुपये में अपना गुजारा करती हैं. कृतिका नाम की युवती ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह कैसे समझदारी से खर्च करती हैं. कम खर्च में जिंदगी जीने के लिए वह खाने-पीने और घूमने-फिरने पर ज्यादा पैसा खर्च नहीं करतीं. इसके साथ ही फ्लैटमेट के साथ रहने और किराया, कुक व राशन का खर्च बांटने से उनकी बचत और आसान हो जाती है.
कृतिका नाम की युवती ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में उन्होंने बताया कि वह हर महीने कैसे कम खर्च में रहती हैं. उन्होंने 2022 में SSC CGL परीक्षा पास की थी. कृतिका ने बताया कि वह खाने-पीने और घूमने-फिरने पर ज्यादा खर्च नहीं करती हैं, जिससे पैसे बचते हैं. वह एक 2BHK घर में फ्लैटमेट के साथ रहती हैं, जिससे किराया और कुक का खर्च आधा हो जाता है. इसके अलावा, राशन का खर्च भी दोनों मिलकर बांट लेती हैं.
कृतिका ने वीडियो में बताया, “मुझे पता है यह रकम थोड़ी कम है, लेकिन 28 साल की सरकारी नौकरी करने वाली के तौर पर मेरा खर्च इतना ही है”. उन्होंने बताया कि वह 2BHK फ्लैट में रहती हैं, जिसमें उनका हिस्सा हर महीने करीब 11,500 रुपये आता है. खाने के लिए एक मेड रखी हैं, जो महीने के 5,000 रुपये लेती हैं. इसमें कृतिका का हिस्सा 2,500 रुपये होता है. इसके अलावा, ग्रॉसरी और रोजमर्रा के सामान पर वह हर महीने करीब 4-5 हजार रुपये खर्च करती हैं. आने-जाने के खर्च को कम रखने के लिए कृतिका कैब या पब्लिक ट्रांसपोर्ट की जगह स्कूटी इस्तेमाल करती हैं. उन्होंने बताया कि स्कूटी के पेट्रोल पर उनका महीने का खर्च करीब 1,500 रुपये आता है.
कृतिका ने बताया कि मनोरंजन के लिए उन्हें Netflix या दूसरे OTT प्लेटफॉर्म का खर्च नहीं उठाना पड़ता, क्योंकि ये सब उन्हें दोस्तों और बहन की मदद से मिल जाता है यानी इस पर उनका कोई खर्च नहीं होता. उन्होंने कहा, “बाहर खाने या खाना ऑर्डर करने पर मैं महीने में ज्यादा से ज्यादा 2000 रुपये खर्च करती हूं, क्योंकि मैं घर का बना खाना ही खाती हूं”.
शॉपिंग के बारे में कृतिका ने बताया कि वह Nykaa और Myntra जैसी साइट्स से हर महीने करीब 3-4 हजार रुपये खर्च करती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी वह घूमने-फिरने जाती हैं, लेकिन उसे वह हर महीने के खर्च में नहीं जोड़तीं. कृतिका ने बताया, “ सब मिलाकर मेरा कुल खर्च करीब 25 हजार रुपये आता है. आपको लग सकता है कि यह बहुत कम है, लेकिन पिछले महीने मैं ट्रिप पर गई थी और एक अच्छा मैट्रेस भी खरीदा था. ऐसे खर्च मैं इसमें नहीं जोड़ती, क्योंकि ये एक बार के खर्च होते हैं”.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं