लंदन में एक भारतीय व्यक्ति ने खिड़की से लटक रही 3 साल की बच्ची का जान बचाई. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बच्ची करीब नौ मिनट तक खिड़की के किनारे लटकी रही. यह घटना मंगलवार दोपहर इल्फोर्ड हाई रोड की एक दुकान के ऊपर की बताई जा रही है. आसपास मौजूद लोग डर के मारे यह सब देख रहे थे, क्योंकि बच्ची खिड़की को पकड़कर किसी तरह खुद को संभाल रही थी. तभी एक पुलिसकर्मी और मोहम्मद जेसिल नाम के एक स्थानीय व्यक्ति तुरंत मदद के लिए पहुंचे. जेसिल ने बताया कि बच्ची को खतरे में देखकर उन्होंने बिना सोचे-समझे एक पिता की तरह तुरंत मदद करने का फैसला किया, क्योंकि वह पांच महीने के जुड़वां बच्चों के पिता हैं.
इस वीडियो को न्यूयॉर्क पोस्ट ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखा कि बच्ची की पकड़ कमजोर हो रही है, तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति सीढ़ी लेकर आया ताकि मदद की जा सके. इसी दौरान बच्ची खिड़की से नीचे गिरने लगी, लेकिन मोहम्मद जेसिल ने उसे सही समय पर पकड़ लिया और सुरक्षित बचा लिया.
3 साल की बच्ची की जान बचाई
जेसिल ने बताया कि भारत में क्रिकेट खेलने का उनका अनुभव उस वक्त काम आया, जिससे वह ध्यान लगाकर सही समय पर बच्ची को पकड़ सके. वहीं पास खड़े पुलिस अधिकारी ने दोनों को संभाला और नीचे खड़े लोगों ने राहत की सांस लेते हुए तालियां बजाईं. इस घटना में बच्ची को कोई चोट नहीं आई. उसके पिता ने पुलिस अधिकारी और जेसिल को असली हीरो बताया, जिन्होंने उनकी बेटी की जान बचाई. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी अब बिल्कुल ठीक है और स्कूल भी जाने लगी है.
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि उन्हें दोपहर 3:23 बजे इस घटना की सूचना मिली थी. पुलिस अधिकारी और वहां मौजूद एक आम व्यक्ति की तुरंत कार्रवाई की वजह से बच्ची को सिर्फ 9 मिनट में यानी 3:32 बजे तक सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. सबसे अच्छी बात यह रही कि इस पूरी घटना में बच्ची को कोई चोट नहीं आई.
यह भी पढ़ें:- मुंबई के स्टार्टअप ने 64 साल के व्यक्ति को काम पर रखा, वीडियो देखकर इंटरनेट पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं