विज्ञापन

डच गर्लफ्रेंड संग स्लोवेनिया घूमने गया था इंडियन बॉयफ्रेंड, बिना किसी झगड़े-बहस के वहीं हो गया ब्रेकअप

बिना किसी लड़ाई और बहस के हुए इस मैच्योर ब्रेकअप की कहानी ने इंटरनेट पर प्यार, सपनों और त्याग को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.

डच गर्लफ्रेंड संग स्लोवेनिया घूमने गया था इंडियन बॉयफ्रेंड, बिना किसी झगड़े-बहस के वहीं हो गया ब्रेकअप
रेडिट पर भारतीय शख्स ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ हुए ब्रेकअप की पूरी कहानी शेयर की है, जिसे पढ़कर लोग अलग-अलग रिएक्शन्स दे रहे हैं.
Reddit@Micheal_Okade

Viral Post: स्लोवेनिया (Slovenia) में रहने वाले एक भारतीय शख्स (Micheal_Okade) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) पर जूलियन आल्प्स (Julijske Alpe) ट्रिप की उन यादों को शेयर किया है, जहां वो अपनी डच गर्लफ्रेंड के साथ छुट्टियां बिताने गए थे. माइकल कहते हैं, 'मैंने सोचा था कि हसीन पहाड़ों, खूबसूरत झीलों और अपनी पालतू बिल्लियों के साथ कैंपर वैन का यह सफर खुशनुमा याद बनेगा, लेकिन यह एक ऐसी घटना बन गया जिसमें खुशी और दुख दोनों थे. बिना किसी कड़वाहट या लड़ाई के हमारा ब्रेकअप हो गया.'

ब्रेकअप क्यों हुआ?

माइकल अपने पोस्ट में बताते हैं कि इस ट्रिप की शुरुआत बेहद शानदार हुई थी. करीब डेढ़ महीने बाद दोनों की मुलाकात ल्युब्लियाना में हुई थी, जहां से वे पहाड़ों की ओर निकल गए. लेकिन सोका वैली की खूबसूरत वादियों में हाइकिंग के दौरान जब दोनों ने अपने भविष्य को लेकर बात की, तो एक कड़वी हकीकत सामने आ गई.

माइकल लिखते हैं, 'बातों-बातों में हमें एहसास हुआ कि साथ रहने के लिए हममें से किसी एक को अपने सपने छोड़ने होंगे. वह जल्द ही पुर्तगाल शिफ्ट होना चाहती है, जबकि मैं वहीं रहना चाहता हूं जहां मैं अभी हूं. मेरे पास एक शानदार नौकरी है जिसमें 2 महीने की छुट्टी मिलती है और मैं सेलिंग और ग्लाइडिंग सीख रहा हूं. ये मेरे बचपन के सपने थे. मेरे लिए अपनी जगह छोड़ने का मतलब था अपनी बनाई हुई जिंदगी को पीछे छोड़ना और वीजा या स्टेबिलिटी के लिए पूरी तरह से उस पर निर्भर हो जाना. एक बात मेरे लिए बिल्कुल साफ है- मैं गुजारे के लिए कभी किसी इंसान पर निर्भर नहीं रहना चाहता.'

माइकल ने आगे कहा, 'हम अपने सपने नहीं छोड़ सकते थे और लॉन्ग-डिस्टेंस रिलेशनशिप मुझे मंजूर नहीं था. इसलिए हमारे बीच सब खत्म हो गया. कोई लड़ाई-झगड़ा या बहस नहीं हुई, बस एक गहरी उदासी थी.'

ब्रेकअप के बाद कैसे बिताईं छुट्टियां?

जिस रात यह फैसला हुआ, वह रात माइकल के लिए बहुत भारी थी, लेकिन अगली सुबह उन्होंने हालात को स्वीकार कर लिया. वे बताते हैं, 'मैंने उस उदासी से बाहर निकलकर उससे कहा कि चलो इस ट्रिप को एक अच्छी याद बनाते हैं. उस पल से हमने स्लोवेनिया में बिताए अपने समय को यादगार बनाने की पूरी कोशिश की. हमने साथ में राफ्टिंग, कायाकिंग, हाइकिंग, बाइकिंग और कुकिंग की, लेकिन एक कपल की तरह नहीं, बल्कि दोस्तों की तरह. यह बदलाव लाना बहुत मुश्किल था, लेकिन अगर मुझमें कोई सुपरपावर है, तो वह है उन चीजों और लोगों को छोड़ देना जो अब मेरी जिंदगी में फिट नहीं बैठते.'

अमोर फाटी यानी किस्मत से प्यार

माइकल ने अपने इस दर्दनाक एक्सीपियंस को मशहूर फिलॉस्फर नीत्शे के अमोर फाटी यानी किस्मत से प्यार के फलसफे से जोड़ा है. उन्होंने लिखा, 'जैसे-जैसे मैं बड़ा हुआ, मैंने किस्मत से लड़ने के बजाय उसके साथ बहना सीखा है. मैंने अपनी जिंदगी में एक खूबसूरत बगीचा बनाया है और मैं किसी दूसरे व्यक्ति के साथ या उसके बिना भी इसका आनंद लेने में खुश हूं. पीछे मुड़कर देखने पर मुझे गर्व होता है कि मैंने उस स्थिति का सामना कैसे किया. मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा जिससे किसी को दर्द, चोट या गुस्सा पहुंचे. बस प्रकृति के नियम को स्वीकार किया और आगे बढ़ गया.'

यहां पढ़ें पूरी पोस्ट:-

A beautiful trip to Slovenia with my girlfriend, our cats and a camper 🇸🇮🏔️🚐🐱 Turns out, it was our last trip together
by u/Micheal_Okade in ThirtiesIndia
सोशल मीडिया पर लोगों का क्या कहना है?

इस पोस्ट ने इंटरनेट पर लोगों को दो धड़ों में बांट दिया है. कमेंट सेक्शन में जिंदगी, प्यार और त्याग को लेकर एक लंबी बहस छिड़ गई है. 

एक यूजर ने सहानुभूति जताते हुए लिखा, 'एक बात जिसने मुझे समझ दी, वह यह थी कि कुछ लोग आपके दिल में रहने के लिए होते हैं, आपकी जिंदगी में नहीं.'

वहीं कुछ यूजर्स ने माइकल के फैसले पर सवाल भी उठाए. उसने लिखा, 'प्यार में त्याग करना पड़ता है, लेकिन यह त्याग जैसा महसूस नहीं होता. अगर सेलिंग और सर्फिंग आपके पार्टनर से ज्यादा जरूरी है, तो इसका मतलब है कि आप उनसे कभी प्यार करते ही नहीं थे. जो चीज कभी आपकी थी ही नहीं, उसे छोड़ना आसान होता है.' 

एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए कहा, 'आप भी उसके साथ जा सकते थे. औरतें अक्सर ऐसा करती हैं और इसे अपनी ईगो का मुद्दा नहीं बनातीं.'

चौथे यूजर ने ब्रेकअप के दर्द को बयां करते हुए एक अलग ही नजरिया पेश किया और लिखा, 'शुरुआती दिनों में अच्छी यादें सुकून देती हैं, लेकिन फिर एक दिन यही यादें दुख देने लगती हैं. क्या बुरे रिश्तों के मुकाबले अच्छे रिश्तों से उबरना ज्यादा मुश्किल नहीं होता?'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Reddit Viral Post, Slovenia, Boyfriend Girlfriend Story, Breakup, Road Trip
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com