Europe Heatwave : यूरोप इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. कई देशों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और इसका असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की चीजों पर भी दिखाई देने लगा है. इसी बीच जर्मनी से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला का दावा है कि 36 डिग्री तापमान में टेनिस खेलते समय उसके रैकेट का रबर ग्रिप पिघलने लगा. हैंडल की पकड़ इतनी नरम हो गई कि वह हाथ में चिपकने लगी.
वायरल वीडियो में महिला खिलाड़ी अपना टेनिस रैकेट और काले पड़े हाथ दिखाती है. रैकेट के हैंडल पर लगी रबर की पकड़ इतनी नरम हो चुकी थी कि वह हाथ में चिपकने लगी. खेल के दौरान ऐसी घटना कम ही देखने को मिलती है, इसलिए यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.
सिर्फ 36 डिग्री में ऐसा कैसे हुआ?
भारत में 36 डिग्री तापमान बहुत असामान्य नहीं माना जाता, लेकिन यूरोप के कई हिस्सों में इस समय पड़ रही भीषण गर्मी ने हालात बदल दिए हैं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि लंबे समय तक तेज धूप और ज्यादा तापमान में रहने से रबर, गोंद और दूसरी सिंथेटिक चीजें खराब होने लगती हैं. हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि रैकेट के ग्रिप की गुणवत्ता भी इस घटना की एक वजह हो सकती है.
सिर्फ लोग नहीं, सड़कें और रेल ट्रैक भी हो रहे प्रभावित
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब जर्मनी समेत यूरोप के कई देश रिकॉर्ड हीटवेव से जूझ रहे हैं. कई जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है. गर्मी का असर सिर्फ लोगों पर नहीं, बल्कि सड़कों, रेल ट्रैक और दूसरी बुनियादी सुविधाओं पर भी देखने को मिल रहा है. कई इलाकों में सड़कें उभरने लगी हैं, रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं और प्रशासन को लोगों के लिए विशेष चेतावनियां जारी करनी पड़ी हैं.
आखिर यूरोप में इतनी गर्मी क्यों पड़ रही है?
मौसम एक्सपर्ट्स इसके पीछे हीट डोम और ओमेगा ब्लॉक जैसे वेदर पैटर्न को बड़ी वजह मान रहे हैं. इनकी वजह से गर्म हवा कई दिनों तक एक ही इलाके में फंसी रहती है और तापमान लगातार बढ़ा रहता है. इसी कारण कई देशों में लोगों के लिए गर्मी से बचने की एडवाइजरी जारी की गई है और कई जगह सड़कों व दूसरी सुविधाओं पर भी इसका असर देखने को मिला है.
सोशल मीडिया पर बंट गए लोग
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग राय सामने आई है. कुछ लोगों ने इसे यूरोप की भीषण गर्मी का सीधा असर बताया, जबकि कुछ का कहना है कि अच्छी गुणवत्ता वाला ग्रिप इतनी आसानी से खराब नहीं होना चाहिए था. फिलहाल इस वीडियो ने एक बार फिर यह चर्चा जरूर छेड़ दी है कि लगातार बढ़ती गर्मी अब इंसानों के साथ-साथ रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले सामान को भी प्रभावित करने लगी है.
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.
यह भी पढ़ें: Viral Video: मुंबई लोकल बनी म्यूजिक कॉन्सर्ट, 'मैं जट यमला पगला दीवाना' पर झूम उठे यात्री
यह भी पढ़ें: खेलते-खेलते मौत के मुंह में पहुंची बच्ची, फिर हुआ ऐसा चमत्कार... वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं