विज्ञापन

'पढ़ाई छोड़ो, बर्गर बेचो...', पिता की इस शर्त ने बेटों को बना दिया 32 हजार करोड़ का मालिक

Success Story: Five Guys ने 1986 में वर्जीनिया के अर्लिंग्टन में एक छोटे से कैरी-आउट बर्गर जॉइंट के तौर पर शुरुआत की थी. अब, लगभग 40 साल बाद, वे दुनिया भर में करीब 2000 रेस्टोरेंट चलाते हैं.

'पढ़ाई छोड़ो, बर्गर बेचो...', पिता की इस शर्त ने बेटों को बना दिया 32 हजार करोड़ का मालिक
पढ़ाई के पैसों से खोली थी बर्गर की दुकान, आज 32 हजार करोड़ की कंपनी है Five Guys
Five Guys

Zara Hatke News: दुनिया भर में माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए पाई-पाई जोड़ते हैं, ताकि वे कॉलेज जाकर कोई अच्छी नौकरी कर सकें. लेकिन क्या आपने कभी किसी ऐसे पिता के बारे में सुना है जिसने अपने बेटों से कहा हो, 'या तो पढ़ाई करो, या फिर मेरा पैसा लेकर बर्गर बेचो'? अमेरिका के एक पिता की इसी शर्त ने आज उनके बेटों को 32 हजार करोड़ रुपये के साम्राज्य का मालिक बना दिया है. यह कहानी दुनिया की सबसे मशहूर फास्ट-कैज़ुअल बर्गर चेन फाइव गाइज (Five Guys) और उसके संस्थापक परिवार की है, जो आज न सिर्फ अमेरिका बल्कि चीन जैसे दुनिया के सबसे बड़े मार्केट्स में अपना दबदबा बना रही है.

कैसे और कब शुरू की पहली दुकान?

Five Guys Success Story

Photo Credit: Five Guys

साल 1986 की बात है. अमेरिका के वर्जीनिया में रहने वाले जेरी और जेनी मुरेल ने अपने बेटों के सामने एक प्रस्ताव रखा- 'तुम्हारे कॉलेज के लिए जो पैसा हमने जोड़ा है, उससे या तो तुम कॉलेज चले जाओ, या फिर अपना बिजनेस शुरू करो.' बेटों ने बिजनेस चुना. उसी कॉलेज फंड से परिवार ने एक छोटी सी टेकआउट (Takeout) बर्गर की दुकान खोली. जेरी मुरेल ने अपनी मां की एक सीख को बिजनेस का मूल मंत्र बना लिया, 'अगर आप लोगों को एक अच्छी क्वालिटी का हैमबर्गर खिला सकते हैं, तो आप अमेरिका में हमेशा पैसे कमाएंगे.' उन्होंने अपना मेन्यू में सिर्फ बर्गर और फ्राइज रखा, लेकिन क्वालिटी के साथ कभी समझौता नहीं किया.

फ्रेंचाइजी मॉडल ने बदल दी किस्मत

Five Guys Success Story

Photo Credit: Five Guys

सालों तक खुद रेस्टोरेंट चलाने के बाद, 2003 में जेरी और जेनी ने अपने पांचों बेटों (Five Guys) के साथ मिलकर फ्रेंचाइजी बांटनी शुरू की. उनका बर्गर इतना मशहूर हो चुका था कि महज 18 महीने के अंदर ही 300 से ज्यादा फ्रेंचाइजी बिक गईं. आज फाइव गाइज दुनिया भर के 29 देशों में 1,900 से ज्यादा रेस्टोरेंट्स चला रहा है. अमेरिका के बाहर इनके सिस्टम सेल्स ने 1.1 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है, जिसके चलते हाल ही में इन्हें '2025 ग्लोबल रेस्टोरेंट लीडर ऑफ द ईयर' का खिताब भी मिला है.

चीन के मार्केट पर कब्जा जमाने की तैयारी

Five Guys Success Story

Photo Credit: Peter Clancy@RestaurantBusiness

अमेरिका और यूरोप में सफलता का झंडा गाड़ने के बाद, फाइव गाइज अब दुनिया के दूसरे सबसे बड़े कंज्यूमर मार्केट चीन में पैर पसार रहा है. 2021 में शंघाई में अपनी पहली सफल ओपनिंग के बाद, कंपनी अगले महीने बीजिंग (Beijing) में अपना पहला स्टोर लॉन्च करने जा रही है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, कंपनी ने बीजिंग के मशहूर शॉपिंग सेंटर्स में 3 नए लोकेशंस चुने हैं, ताकि फर्स्ट-टियर शहरों के क्वालिटी-पसंद युवाओं को आकर्षित किया जा सके.

क्यों चीन की तरफ भाग रही हैं अमेरिकी कंपनियां?

Five Guys Success Story

Photo Credit: Five Guys

फाइव गाइज अकेला नहीं है. वेंडीज (Wendy's), चिलीज (Chili's), टेक्सास चिकन और पोपीज (Popeyes) जैसी कई दिग्गज अमेरिकी फास्ट-फूड चेन्स चीन में अपनी विस्तार योजनाएं तेज कर रही हैं. मार्केट एनालिस्ट्स के अनुसार इसके दो प्रमुख कारण हैं. पहला ये कि अमेरिकी बाजार में भयंकर कॉम्पिटिशन है और बढ़ती महंगाई के कारण लोगों की खर्च करने की क्षमता कम हो रही है. इसकी भरपाई के लिए ये कंपनियां चीन का रुख कर रही हैं, जहां विदेशी फास्ट-फूड की डिमांड अभी भी बढ़ रही है. जबकि दूसरा कारण यह है कि पहले विदेशी कंपनियां अपने हेडक्वार्टर से सीधे स्टोर चलाती थीं, जिसमें नुकसान का रिस्क बहुत ज्यादा होता था. अब मैकडॉनल्ड्स और केएफसी से सीख लेते हुए, अमेरिकी कंपनियों ने चीन के लोकल ऑपरेटर्स के साथ मिलकर 'फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट' करने शुरू कर दिए हैं.

क्या है सफलता का नया नियम

विशेषज्ञ मानते हैं कि अब चीनी ग्राहक आंख बंद करके विदेशी ब्रांड्स के पीछे नहीं भागते. उन्हें आकर्षित करने के लिए फाइव गाइज जैसे ब्रांड्स को अपने कस्टमाइजेबल बर्गर और बेहतरीन क्वालिटी का ही सहारा लेना होगा. बिना किसी फैंसी कॉलेज डिग्री के, सिर्फ एक बेहतरीन प्रोडक्ट के दम पर शुरू हुआ फाइव गाइज का यह सफर साबित करता है कि अगर आपका विजन साफ हो और आप अपने काम के प्रति जुनूनी हों, तो कामयाबी किसी भी सरहद को पार कर सकती है.

ये भी पढ़ें:- 3 बीवियां, 24 बच्चे और 'तैरता हुआ महल'... ब्रिटेन की महारानी से भी ज्यादा रईस था कतर का ये पूर्व शासक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, Five Guys, China, US Fast Food, Zara Hatke News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com