विज्ञापन

पढ़ाई से लेकर लाइफस्टाइल तक, भारत में बच्चा पालने के लिए कितने रुपये लगेंगे? फाइनेंशियल एक्सपर्ट का दावा सुन उड़ गए लोगों के होश

Viral News: क्या अब भारत में एक बच्चे को पालने के लिए करोड़पति होना जरूरी है? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों को यही सोचने पर मजबूर कर दिया है.

पढ़ाई से लेकर लाइफस्टाइल तक, भारत में बच्चा पालने के लिए कितने रुपये लगेंगे? फाइनेंशियल एक्सपर्ट का दावा सुन उड़ गए लोगों के होश
Viral News: भारत में बच्चा पालने का खर्च सुन बढ़ी लोगों की टेंशन

Viral News: क्या आपने कभी सोचा है कि आज के समय में एक बच्चे को पालने में आखिर कितना खर्च आता होगा? शायद लाखों… या करोड़ों? एक वीडियो ने लोगों को इसे लेकर सोचने पर मजबूर कर दिया है. दरअसल, फाइनेंशियल एडवाइजर और कंटेंट क्रिएटर उदयन आध्ये का एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उदयन कहते नजर आ रहे हैं कि आज के समय में बच्चों की परवरिश करना उतना आसान नहीं रह गया है. अब ये सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक बड़ा फाइनेंशियल प्लान भी बन चुकी है.

फाइनेंशियल एडवाइजर का दावा है कि आज के समय में किसी बड़े मेट्रो शहर में एक बच्चे की परवरिश पर करीब 6.75 करोड़ रुपये तक खर्च हो सकते हैं. अब, उनका यह दावा इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है. यह आंकड़ा सामने आते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई और लोग तरह-तरह के रिएक्शन देने लगे.

क्या है पूरा मामला?

वीडियो में उदयन बताते हैं कि अब बच्चे पालना सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक बड़ा फाइनेंशियल प्रोजेक्ट बन चुका है. पहले जहां माता-पिता की सबसे बड़ी चिंता स्कूल की फीस और खाने-पीने तक होती थी, वहीं अब बच्चों की लाइफस्टाइल पूरी तरह बदल चुकी है. अच्छी स्कूलिंग, कोचिंग क्लास, स्पोर्ट्स ट्रेनिंग, म्यूजिक क्लास, गैजेट्स, हेल्थकेयर, डे-केयर, इंटरनेशनल ट्रिप्स और महंगे कॉलेज, इन सबका खर्च मिलाकर रकम करोड़ों तक पहुंच रही है.

उदयन ने उदाहरण देते हुए बताया कि आज किसी अच्छे कॉलेज का 4 साल का कोर्स अगर 20 लाख रुपये में पूरा हो रहा है, तो अगले 15-18 साल में वही पढ़ाई 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. वजह है एजुकेशन और लाइफस्टाइल खर्चों में तेजी से बढ़ती महंगाई. उदयन का कहना है कि कई लोग बच्चों के लिए ऐसे निवेश प्लान चुनते हैं जो 5-6% रिटर्न देते हैं, लेकिन शिक्षा का खर्च ही हर साल 10-12% की रफ्तार से बढ़ रहा है. यानी भविष्य में पढ़ाई सबसे महंगी चीज बनने वाली है.

अब, इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि यह आज की सच्चाई है और इसीलिए अब हर माता-पिता को पहले से फाइनेंशियल प्लानिंग करनी चाहिए. वहीं, कई यूजर्स ने इस वीडियो को जरूरत से ज्यादा डर फैलाने वाला बताया. एक यूजर ने मजाक में लिखा, 'इतने पैसों में तो मैं अपने लिए Lamborghini खरीद लूं.' दूसरे ने कहा, 'अब बच्चा पालना नहीं, निवेश करना पड़ता है.'

हालांकि, हर परिवार का खर्च अलग होता है और यह पूरी तरह लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है, लेकिन एक बात साफ है कि भारत में बच्चों की परवरिश पहले के मुकाबले काफी महंगी हो चुकी है. यही वजह है कि अब लोग परिवार बढ़ाने से पहले अपनी कमाई और भविष्य की प्लानिंग पर ज्यादा ध्यान देने लगे हैं.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com