Viral Video: विदेशों में इलाज को लेकर आपकी सोच बदलने वाली है. सोशल मीडिया पर वायरल कैंसर विशेषज्ञ डॉ. पलक भट्ट के वीडियो ने यूरोप स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है. जहां यूरोप में मरीजो को मामूली टेस्ट और डॉक्टर से मिलने के लिए हफ्तो-महीनों इंतजार करना पड़ता है, वहीं भारत में स्पेशलिस्ट से मिलना और इलाज शुरू होना बेहद सुपरफास्ट है. डॉ. पलक भट्ट ने एक ऐसा सच उजागर किया है, जिसे सुनकर यूरोप के बड़े-बड़े डॉक्टर भी हक्के-बक्के रह गए. उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि भारत में मरीजो को इतनी आसानी से और तुरंत इलाज मिल जाता है.
यूरोप के डॉक्टर, भारत में ऐसा कैसे मुमकिन
हुआ यूं कि डॉ. भट्ट यूरोप में एक मेडिकल इवेंट में शामिल होने गए थे. वहां जब डॉक्टरों के बीच बातचीत शुरू हुई, तो उन्होंने भारत के हेल्थकेयर सिस्टम की हकीकत बताई. उन्होंने एक सीधा सा उदाहरण दिया कि अगर भारत में किसी व्यक्ति के मुंह में छाला हो और उसे कैंसर का शक हो, तो वह बिना किसी इंतजार के सीधे बड़े से बड़े स्पेशलिस्ट डॉक्टर के पास जा सकता है. सबसे बड़ी बात यह कि उसी दिन उसका एमआरआई और बायोप्सी भी हो सकती है. तीन-चार दिन में रिपोर्ट हाथ में आ जाती है और हफ्ते भर के भीतर इलाज भी शुरू हो जाता है.
WATCH VIDEO
यूरोप में बैठे डॉक्टरों के लिए यह बात किसी अजूबे जैसी थी. वजह यह है कि वहां सिर्फ एक फैमिली डॉक्टर (GP) से मिलने का समय पाने में ही चार से पांच दिन लग जाते हैं. स्पेशलिस्ट तक पहुंचना तो दूर की कौड़ी है.
लोगों ने बताए अपने अनुभव
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. लोग विदेशों के अपने कड़वे अनुभवों को साझा कर रहे हैं. नीदरलैंड से भारत आए एक मरीज के डॉक्टर ने लिखा कि पाइल्स के मामूली ऑपरेशन के लिए वहां मरीज को छह महीने तक टाला गया. मरीज परेशान होकर भारत आया, दो हफ्ते में इलाज हुआ और वह मुस्कुराता हुआ वापस लौट गया. पेरिस में रहने वाले एक अन्य यूज़र ने बताया कि उनके कूल्हे में असहनीय दर्द है, अस्पताल में भर्ती होने के आठ दिन बाद भी उन्हें सर्जरी के लिए 40 दिन बाद की तारीख मिली है.
यह भी पढ़ें | अमेरिकी बाप-बेटे ने भारत में बाइक पर किया 2000 किमी का सफर, बोले- यहां लोगों ने दिल जीत लिया
इस हकीकत को देखकर लोग कह रहे हैं कि जो भारतीय बिना विदेश जाए अपने देश की व्यवस्था को कोसते हैं, उन्हें यह सच जरूर देखना चाहिए. सच यही है कि स्वास्थ्य सुविधाओं की इस तेजी के मामले में भारत का कोई सानी नहीं है.
यह भी पढ़ें | गुरुग्राम छोड़ने वाले कपल ने बताए हिमालय के गांव में शिफ्ट होने के 5 फायदे, कहा- हर महीने अलग नजारा दिखता है
यह भी पढ़ें | चीन के गांव देखने पहुंचा भारतीय युवक, VIDEO शेयर कर बोला- मैं तो शॉक रह गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं