Zara Hatke News: चीन में शादी के लिए लड़कियों की भारी कमी के चलते विदेशी लड़कियों को 'दुल्हन' बनाकर खरीदने का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ा है. इस पर लगाम कसने के लिए बांग्लादेश स्थित चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों को सख्त चेतावनी जारी की है कि अवैध दलालों के जरिए पत्नी खोजने पर मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तारी और फांसी तक की सजा हो सकती है.
बांग्लादेश में मानव तस्करी पर है सख्त कानून
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी दूतावास ने साफ कहा है कि जो कोई भी व्यक्ति ब्रोकर या एजेंसी के जरिए बांग्लादेश में शादी करने जाता है, उसे स्थानीय कानूनों का सख्ती से सामना करना पड़ेगा. बांग्लादेश में मानव तस्करी का दोषी पाए जाने पर कम से कम 7 साल की जेल, उम्रकैद या मौत की सजा तक का प्रावधान है. इसके अलावा 5 लाख टका (लगभग 4 लाख रुपये) का भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है. वहीं, इस अपराध में उकसाने या मदद करने जैसे कम गंभीर मामलों में भी 3 से 7 साल तक की कैद और 20 हजार टका (करीब 15 हजार रुपये) जुर्माने की सजा हो सकती है.
चीन में क्यों बढ़ रहा है यह काला बाजार?
'दुल्हन' खरीदने के इस अंतरराष्ट्रीय काले बाजार की मुख्य वजह चीन का बिगड़ता लिंगानुपात है. साल 2020 की राष्ट्रीय जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक, देश में शादी की उम्र वाले पुरुषों की संख्या महिलाओं की तुलना में करीब 1.75 करोड़ अधिक है. लड़कियों की इसी कमी का फायदा उठाकर तस्कर विदेशी नागरिकों को शादी के नाम पर ठग रहे हैं. दूतावास का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय शादियां पैसों की उगाही पर नहीं, बल्कि आपसी सहमति और सच्चे प्यार पर आधारित होनी चाहिए.
धोखे और अपहरण का शिकार हो रहे हैं दोनों पक्ष
दलालों के जरिए होने वाली इन शादियों में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी सामने आ रही है, जिसका शिकार पुरुष और महिलाएं दोनों हो रहे हैं. कई मामलों में चीनी पुरुष पत्नी पाने के लिए हजारों युआन खर्च करते हैं, लेकिन बाद में विदेशी दुल्हनें रहस्यमय तरीके से गायब हो जाती हैं. वहीं, कई गंभीर मामलों में गरीब देशों की महिलाओं का अपहरण कर उन्हें जबरन चीनी पुरुषों से शादी करने के लिए मजबूर किया जाता है. पिछले साल मार्च में ही मेडागास्कर में 8 चीनी नागरिकों को नौकरी का झूठा झांसा देकर युवतियों की तस्करी करने के आरोप में पकड़ा गया था.
बीजिंग का सख्त एक्शन, 1500 से ज्यादा गिरफ्तार
अपने नागरिकों को घोटालों में पैसे गंवाने से रोकने के लिए चीनी अधिकारी बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर रहे हैं. सुप्रीम पीपल्स प्रोक्यूरेटरट के अनुसार, जनवरी 2024 से मार्च 2025 के बीच मानव तस्करी और फर्जी विवाह योजनाओं से जुड़े 1,546 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. हाल ही में हुनान, अनहुई और शेडोंग प्रांतों की पुलिस ने म्यांमार की तीन महिलाओं के कबूलनामे के बाद एक बड़ा साझा अभियान चलाया था. वे महिलाएं विशेष रूप से शादी का घोटाला करने चीन आई थीं. इस ऑपरेशन के परिणामस्वरूप 63 आपराधिक केस दर्ज किए गए, 33 प्रशासनिक पेनल्टी दी गई और 5 मिलियन युआन से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई.
सरकारी प्रसारक सीजीटीएन (CGTN) की एक रिपोर्ट भी पुष्टि करती है कि इन तस्करी गिरोहों की जड़ें मुख्य रूप से चीन, वियतनाम और म्यांमार में गहराई तक फैली हुई हैं.
ये भी पढ़ें:- 'बच्चा परफेक्ट नहीं, गिरा दो...' सरोगेट मां ने नहीं मानी बात, तो कपल ने ठोक दिया 5 करोड़ का केस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं