यह ख़बर 12 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

'कांगो में हर घंटे 48 महिलाएं होती हैं रेप का शिकार'

खास बातें

  • एक नए अध्ययन के मुताबिक, यहां हर दिन 1152 महिलाएं बलात्कार की शिकार होती हैं और यह दर प्रत्येक घंटे में 48 के बराबर है।
डकार (सेनेगल):

अफ्रीकी देश कांगो को दुनिया में महिलाओं के लिए सर्वाधिक असुरक्षित जगह कहा जा सकता है। एक नए अध्ययन के मुताबिक, यहां हर दिन 1152 महिलाएं बलात्कार की शिकार होती हैं और यह दर प्रत्येक घंटे में 48 के बराबर है। यह आंकड़ा संयुक्त राष्ट्र द्वारा पहले बताई गई अनुमानित संख्या से 26 गुना ज्यादा है। संयुक्त राष्ट्र ने कांगो में एक साल में 16,000 महिलाओं के साथ बलात्कार होने की बात कही थी। जॉन हॉपकिन्स ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में सहायक प्रोफेसर मिशेल हिंदीन ने कहा कि यह दर और ज्यादा हो सकती है। हिंदीन लैंगिक आधार पर होने वाली हिंसा संबंधी मामलों की विशेषज्ञ हैं। इन आंकड़ों के स्रोत के बारे में उन्होंने कहा कि इस सर्वे के लिए लोगों से मिलकर सीधा साक्षात्कार किया गया। हिंदीन ने कहा, आंकड़े चौंका देने वाले हैं। कांगो 7 करोड़ की आबादी वाला देश है, जो आकार में पश्चिमी यूरोप के बराबर है। कांगो पिछले कुछ दशकों से संघर्ष से जूझ रहा है। इसके विशाल जंगल लड़ाकों से भरे हैं जो प्रतिद्वन्द्वी समुदायों को खत्म करने के लिए बलात्कार का सहारा लेते हैं। यह विश्लेषण जनस्वास्थ्य से संबंधित एक अमेरिकी जर्नल में जून प्रकाशित होगा। इसमें बताया गया है कि कांगो में 2006 से 2007 के बीच 12 महीनों के दौरान 400,000 महिलाएं बलात्कार की शिकार हुईं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com