VIRAL VIDEO: हाड़ कपाने वाली ठंड, ऑक्सीजन की भारी कमी और सरहद पर हर पल मंडराता खतरा. ऐसी मुश्किल जगह पर हमारे सैनिकों के लिए बंकर बनाना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है. लेकिन अब भारतीय सेना ने इसका एक अनोखा और बेहद आधुनिक तोड़ निकाल लिया है.लद्दाख के लेह में 11,000 फीट की ऊंचाई पर अब सैनिकों के लिए बंकर 'प्रिंट' किए जा रहे हैं. जी हां, कंप्यूटर से कागज प्रिंट करने की तरह ही अब कंक्रीट के बंकर भी प्रिंट हो रहे हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि एक बंकर को तैयार करने में महज 14 घंटे का समय लगा है.
नामुमकिन को मुमकिन बनाया
इसे मुमकिन बनाया है एक भारतीय कंपनी 'सिंपलीफाइड क्रिएशन्स' (सिंपलीफाई फोर्ज), आईआईटी हैदराबाद और भारतीय सेना ने मिलकर. इतनी ऊंचाई पर निर्माण करना कितना मुश्किल है, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि वहां ऑक्सीजन का स्तर सामान्य से 40 से 50 फीसदी तक कम हो जाता है. इससे पहले भी लद्दाख के इस पथरीले और बर्फीले मौसम में 3डी प्रिंटिंग के कई प्रयास नाकाम हो चुके थे.
क्या है 'प्रोजेक्ट प्रबल'
आखिर यह जादुई तकनीक काम कैसे करती है. इसे 'प्रोजेक्ट प्रबल' नाम दिया गया है. यह एक पोर्टेबल रोबोटिक प्रिंटर है जिसे सेना और आईआईटी हैदराबाद मिलकर चला रहे हैं. इसमें एक रोबोटिक आर्म यानी मशीन का हाथ कंक्रीट को एक के ऊपर एक परत (लेयर) के रूप में बिछाता जाता है. यह प्रिंटर एक गाड़ी पर आसानी से फिट हो जाता है, जिससे इसे पहाड़ों के संकरे रास्तों पर कहीं भी ले जाना बेहद आसान है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें बंकर बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर मिलने वाली मिट्टी और कंक्रीट का ही इस्तेमाल होता है.
लहरदार दीवारें और सुरक्षा कवच
मशीन से बने इन बंकरों की दीवारें आम दीवारों से बिल्कुल अलग और बेहद खास हैं. लेह में जो बंकर बनाए गए हैं, उनकी बाहरी दीवारों को जानबूझकर लहरदार (वेवी) बनाया गया है. ऐसा इसलिए किया गया है ताकि दुश्मन की तरफ से आने वाली गोलियां टकराकर सीधे वापस न लौटें या सैनिकों को नुकसान न पहुंचाएं.
सिक्किम तक पहुंचा एक्शन
लेह तो सिर्फ एक शुरुआत थी. दिसंबर 2025 तक सेना सिक्किम के बेहद संवेदनशील और आगे के इलाकों में खुद मौके पर जाकर इस 3डी प्रिंटिंग तकनीक से बंकर और संतरी पोस्ट धड़ाधड़ तैयार करने लगी थी. इन बंकरों पर बकायदा असली गोलियों और हथियारों से परीक्षण भी किया जा चुका है, जिसमें ये पूरी तरह खरे उतरे हैं.
यह भी पढ़ें | भारत में पुलिस वाले को अपनी ड्यूटी कैसे निभानी चाहिए? पद्म श्री से सम्मानित IPS ने दिए 4 गुरु मंत्र
हाड़ कंपाती ठंड में राहत
ठंड के मौसम में यह बंकर सैनिकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. कंपनी का दावा है कि जब बाहर का तापमान गिरकर -40 से -50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, तब भी इन बंकरों के अंदर का तापमान बाहर के मुकाबले 10 से 20 डिग्री तक ज्यादा गर्म बना रहता है.
आत्मनिर्भर भारत की ताकत
देश को सुरक्षित बनाने की इस मुहिम में सिर्फ एक कंपनी शामिल नहीं है. 'मीकॉब' (Mikob) नाम की एक और भारतीय स्टार्टअप कंपनी ने सेना को 500 से ज्यादा ऐसे प्रिंटेड बंकर सौंप दिए हैं. अब हिमालय की गगनचुंबी ऊंचाइयों पर जवानों की ढाल बनने वाली ये दीवारें पूरी तरह 'मेड इन इंडिया' मशीनों से सरहद पर ही मिनटों में तैयार हो रही हैं.
यह भी पढ़ें | भारत की सबसे महंगी ट्रेन में ब्रिटिश यूट्यूबर का 3 दिन का सफर, बोले- इसकी प्राइवेसी ने दिल जीत लिया
यह भी पढ़ें | सूरत का करोड़पति जैन परिवार बेटियों संग बनेगा संन्यासी, कहा- उस हादसे ने जिंदगी बदल दी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं