विज्ञापन

CWG 2026 Day 3 Schedule: तीसरे दिन भारत के लिए मेडल की उम्मीद, इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

CWG 2026 Day 3 Schedule: कॉमनवेल्थ गेम्स के तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ी कई खेलों में चुनौती पेश करेंगे. जिम्नास्टिक्स, बॉक्सिंग, स्विमिंग, पैरा स्विमिंग, लॉन बॉल्स और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल में भारत के खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी.

CWG 2026 Day 3 Schedule: तीसरे दिन भारत के लिए मेडल की उम्मीद, इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026
IANS

CWG 2026 Day 3 Schedule: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के तीसरे दिन शनिवार (25 जुलाई) को भारतीय खिलाड़ी कई खेलों में चुनौती पेश करेंगे. जिम्नास्टिक्स, बॉक्सिंग, स्विमिंग, पैरा स्विमिंग, लॉन बॉल्स और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल में भारत के खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी. कई मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ी फाइनल का टिकट हासिल करने की कोशिश करेंगे, जबकि बॉक्सिंग में नॉकआउट मुकाबले भी खेले जाएंगे. आइए जानते हैं कितने बजे कौन-सा मुकाबला खेला जाएगा.

जिम्नास्टिक्स के साथ होगी शुरुआत

तीसरे दिन के खेल की शुरुआत भारतीय महिला जिम्नास्टिक्स टीम से होगी. दोपहर 2:30 बजे टीम फाइनल और व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन मुकाबले में प्रणति नायक, प्रतिष्ठा सामंता, ईशिता सुनील रेवाले, निश्का अग्रवाल और रिद्धि शर्मा एक्शन में नजर आएंगी. इन खिलाड़ियों का लक्ष्य टीम के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धाओं के अगले दौर में जगह बनाना होगा.

स्विमिंग और पैरा स्विमिंग में फाइनल की चुनौती

स्विमिंग में धाक्षण शशिकुमार पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स में शाम 4 बजे उतरेंगे. क्वालिफाई करने पर उनका फाइनल रात 11:30 बजे होगा. वहीं पैरा स्विमिंग में चैतन्य विश्वास कुलकर्णी पुरुषों की S14 200 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स में शाम 4:15 बजे हिस्सा लेंगे. यदि वह क्वालिफाई करते हैं तो उनका फाइनल रात 12:45 बजे खेला जाएगा. इसके अलावा श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगे.

लॉन बॉल्स में भी भारत की नजर जीत पर

लॉन बॉल्स में मेन्स सिंगल्स सेक्शनल मुकाबले में पुतुल सोनोवाल मैदान पर उतरेंगे. वहीं महिला युगल सेक्शनल मुकाबले में रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी का सामना टोंगा की पेरिस बेकर और मिल्खा नाथन से होगा. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:50 बजे शुरू होगा.

बॉक्सिंग में सचिन सिवाच की बारी

भारतीय मुक्केबाज सचिन सिवाच मेन्स के 60 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में कनाडा के केओमा अल-अहमादीह से भिड़ेंगे. यह मुकाबला शाम 4 बजे शुरू होगा और जीत के साथ सचिन अगले दौर में जगह बनाने की कोशिश करेंगे.

3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल में वेल्स से मुकाबला

दिन के आखिरी प्रमुख मुकाबलों में भारतीय महिला 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल टीम शाम 5 बजे वेल्स से भिड़ेगी. टीम इस मुकाबले में जीत दर्ज कर अभियान को मजबूत करने के इरादे से कोर्ट पर उतरेगी.

ये भी पढ़ें-  CWG 2026: नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम के बीच फिर होगी गोल्ड की जंग! कब-कहां होगा मुकाबला?

(पीटीआई इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports, Commonwealth Games 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com