Viral Story: मुंबई में रहने वाले 31 साल के प्रीत पंकज जैन को जब एक 17 साल की लड़की ने सोशल मीडिया पर ब्लॉक किया तो वो उसे मनाने के लिए 13374 किलोमीटर दूर अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना पहुंच गया. लेकिन उस लड़की से मिलने से पहले ही पुलिस ने जैन को गिरफ्तार कर लिया.
24 सितंबर की घटना
डेविडसन काउंटी शेरिफ ऑफिस ने 29 सितंबर की रात करीब 9 बजे अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा, 'यह घटना 24 सितंबर 2026 को हुई. जैन ने लड़की के घर जाने के लिए उबर कैब ली थी. लेकिन ड्राइवर को उस पर शक हो गया, जिसके बाद उसने पैसेंजर के किसी नाबालिग लड़की का पीछा करने की शिकायत पुलिस से कर दी.'
पुलिस को बताई कहानी
पोस्ट के मुताबिक, जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जैन से पूछताछ कि उसने बताया कि वह अपनी ऑनलाइन बनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट देने आया है. हालांकि जब पुलिस ने उसकी बात को क्रॉस-चेक किया तो पता चला कि लड़की नाबालिग है और मामला कुछ और ही है.
क्यों किया था ब्लॉक?
पुलिस ने जब जैन के फोन की फॉरेंसिक जांच की तो पता चला कि वो नाबालिग लड़की से स्नैपचैट, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पिछले दो साल से लगातार बात कर रहा था. जैन ने खुद को कम उम्र का बताकर उससे दोस्ती की थी. हाल ही में जब लड़की को सच्चाई का पता चला तो उसने रिश्ता खत्म कर दिया और उसे ब्लॉक कर दिया.
प्राइवेट फोटो लीक करने की दी धमकी
द शार्लेट ऑर्ब्जर ने कोर्ट दस्तावेजों के हवाले से लिखा, 'जैन ने लड़की को ब्लैकमेल करते हुए धमकी दी थी कि अगर लड़की ने उसे अनब्लॉक नहीं किया, तो वह उसकी प्राइवेट तस्वीरें इंटरनेट पर लीक कर देगा. जब इस धमकी का भी कोई असर नहीं हुआ, तो वह लड़की को ढूंढते हुए सीधा मुंबई से अमेरिका पहुंच गया.'
6 अक्टूबर को अगली सुनवाई
जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने जैन को गिरफ्तार कर लिया और उस पर नाबालिग के साथ फर्स्ट डिग्री यौन शोषण के चार आरोप, नाबालिग के साथ थर्ड-डिग्री यौन शोषण के चार आरोप और यौन उत्पीड़न के जरिए जबरन वसूली का एक आरोप लगाया गया. 25 सितंबर को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां जज ने उसे बिना किसी बॉन्ड के उसे जेल भेज दिया. अब इस मामले की अगली सुनवाई अब 6 अक्टूबर 2026 को होनी है.
यह भी पढ़ें : शिकागो में मिला डायनासोर से भी पुराना जीव, दो स्टूडेंट साइंटिस्ट्स ने उसे दिया अपनी मां का नाम
यह भी पढ़ें : कॉर्पोरेट लॉयर की नौकरी छोड़कर लद्दाख के गांव में शिफ्ट हुई महिला, बोलीं- 'ये एक्सपीरियंस जिंदगी भर याद रहेगा'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं