- दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते कई होर्डिंग्स और पोस्टर लगाए गए हैं
- पोस्टरों में राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं की राजनीति पर तंज कसा गया है
- विपक्ष की यह बैठक चुनाव में कथित गड़बड़ी और जवाबदेही की मांग को लेकर रणनीति बनाने के उद्देश्य से हो रही है
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है. बैठक से पहले राजधानी में कई जगह ऐसे होर्डिंग्स और पोस्टर लगाए गए हैं. इन होर्डिंग्स और पोस्टर में राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेताओं पर निशाना साधा गया है. इससे बैठक शुरू होने से पहले ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. विपक्ष की रणनीति बनने से पहले ही उस पर हमले शुरू कर दिये हैं. विपक्षी नेताओं पर आखिर ये चुभने वाली बातें किसने लिखीं?
विपक्षी गठबंधन चुनाव में कथित गड़बड़ी को लेकर जवाबदेही की मांग करने की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बैठक करने वाला है. हालांकि, गठबंधन की एकजुटता और इस मुद्दे पर उसके स्पष्ट उद्देश्यों को लेकर सवाल बने हुए हैं. इसको लेकर पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिसमें तंज कसते हुए यह दावा किया गया है कि विपक्षी कैसे विभिन्न मौकों पर अपनी सुविधानुसार राजनीति करते आए हैं. उनकी जीत-हार के अनुसार आरोप-प्रत्यारोप के मानदंड भी बदल गए हैं.
राहुल गांधी पर सीधा अटैक!
राहुल गांधी का फोटो लगे एक पोस्टर में लिख गया है- विदेश धरती पर मस्ती में थे चूर, 59 दिन बिहार कैंपेन से रहे दूर. लेकिन जब जनता ने नतीजा सुनाया, तो सवाल ECI पर उठाया. आए देर से, इल्जाम घड़ी को. दरअसल, पोस्टरों के जरिए विपक्ष की एकजुटता और उसके राजनीतिक रुख पर सवाल उठाने की कोशिश की गई है. ऐसे में बैठक केवल राजनीतिक रणनीति तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विपक्ष को अपने खिलाफ चल रहे नैरेटिव का जवाब भी देना पड़ सकता है.
#WATCH | Latest visuals of the hoardings targeting leaders of the opposition parties put up in central Delhi ahead of the INDIA bloc meeting scheduled for today pic.twitter.com/wqC2vwhIda
— ANI (@ANI) September 30, 2026
एक पोस्टर पर लिखा है- जब स्कोरबोर्ड के साथ जवाब बदल जाए. हर जीत पर जबरदस्त जश्न, हर हार पर वोट चोरी का आरोप. ईसीआई सही है या गलत? यह बस इस बात पर निर्भर करता है कि वे जीते हैं या नहीं.
इंडिया ब्लॉक की यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब विपक्ष एसआईआर (SIR)समेत कई मुद्दों पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को घेरने की रणनीति बना रहा है. माना जा रहा है कि बैठक में विपक्षी दलों की आगे की संयुक्त रणनीति, संसद के मुद्दों और चुनावी तैयारियों पर चर्चा होगी. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है. हालांकि, इससे पहले विपक्ष पर हमले शुरू हो गए हैं.
किस-किस नेता पर पोस्टर वार?
इन पोस्टरों में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, डीएमके सुप्रीमो एम. के. स्टालिन, कांग्रेस की सोशल मीडिया चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बच्चन और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की तस्वीरें थीं. एक पोस्टर में अखिलेश यादव का वह बयान दिखाया गया था जिसमें उन्होंने 2017 में अपनी पार्टी की जीत पर ईसीआई की तारीफ की थी, जबकि 2022 में सपा की हार पर उन्होंने चुनाव आयोग की आलोचना की थी. पोस्टर पर लिखा था, "कितना सुविधाजनक है, पूकी!"
इंडिया ब्लॉक की बैठक के मायने
इंडिया ब्लॉक की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब विपक्ष के नेताओं ने मान लिया है कि गठबंधन के पास संसद में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए जरूरी संख्या बल नहीं है. हालांकि, विपक्षी पार्टियां उस मुद्दे पर एकजुटता दिखाना चाहती हैं जिसे वे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता के लिए चुनौती मानती हैं. यह बैठक कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) द्वारा एक कड़ा प्रस्ताव पास करने के एक दिन बाद हो रही है, जिसमें ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) प्रक्रिया को रोकने और वोटर लिस्ट से कथित तौर पर हटाए गए वोटरों के नाम वापस जोड़ने की मांग की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं