विज्ञापन

'बेटर क्वालिटी ऑफ लाइफ' के लिए बेंगलुरु छोड़कर लखनऊ शिफ्ट हो गया कपल, पड़ोसियों ने ताने देकर कर दिया परेशान

विपिन ने बताया कि वो जन्माष्टमी पर अपनी पत्नी विभूति को लखनऊ घूमाने लाए थे. नवाबों का ये शहर उन्हें इतना पसंद आया कि दोनों ने बेंगलुरु छोड़कर लखनऊ शिफ्ट होने का फैसला कर लिया.

'बेटर क्वालिटी ऑफ लाइफ' के लिए बेंगलुरु छोड़कर लखनऊ शिफ्ट हो गया कपल, पड़ोसियों ने ताने देकर कर दिया परेशान
बेंगलुरु छोड़ लखनऊ शिफ्ट हुए कपल का कहना है कि वो अपने माता-पिता के साथ रहने के बजाय अलग घर लेकर रह रहे हैं.
Instagram@bibhuti_vipin

Viral Video: बेंगलुरु छोड़कर लखनऊ में बसने वाले कपल ने 2 साल बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके आईटी हब छोड़ने की वजह बताई है, जिसने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है. इंस्टाग्राम पर पोस्टेड 1 मिनट 34 सेकंड के इस वीडियो में विभूति भूषण और विपिन यादव का कहना है कि उन्होंने बेटर क्वालिटी ऑफ लाइफ के लिए यह फैसला किया है, लेकिन उनके पड़ोसियों के तानों की वजह से उनकी लाइफ का यह समय मुश्किल से बीता है.

एक ही शहर में दो अलग घर लेकर रहना

वीडियो में विपिन ने बताया, 'लखनऊ आते ही हमने फैसला कर लिया था कि हम अपने माता-पिता के साथ उनके घर में नहीं रहेंगे, और आसपास एक अलग घर लेकर रहेंगे. इससे मेरी पत्नी विभूति को अपनी आजादी से कंप्रोमाइज भी नहीं करना पड़ेगा और बेंगलुरु के कंपैरिजन में बेटर क्वालिटी ऑफ लाइफ भी मिल जाएगी. इसके साथ ही मुझे सालों बाद अपनी मम्मी और पापा के पास रहने का मौका भी मिल जाएगा.

लखनऊ क्या नहीं दे पाया जो बेंगलुरु में मिला?

विपिन ने आगे कहा, 'मुझे पहले लगा था कि एक ही शहर में अलग घर लेकर रहने के फैसले पर पेरेंट्स को मनाना ही सबसे बड़ा चैलेंज होगा, पर वो जल्दी समझ गए. उन्हें तुरंत दिख गया कि मेरे बेंगलुरु में रहने से 1000 गुना बेहतर मेरा लखनऊ में रहना है. मुझे दिक्कत बस इस बात से आई कि लखनऊ मुझे वो गुमनामी नहीं दे पाया जितना मुझे बेंगलुरु ने दी थी. उसी गुमनामी में हम दोनों ने अपनी-अपनी आवाज और इंडिविज्वालिटी ढूंढी थी.'

विपिन ने समझाते हुए कहा, 'बेंगलुरु में मुझे कोई नहीं जानता था. इस वजह से मैं कहां जा रहा हूं, किससे मिल रहा हूं, कितने बजे घर आ रहा हूं, कैसे कपड़े पहन रहा हूं, इस सब पर कोई ध्यान नहीं देता था. इसे लेकर कभी किसी ने मुझसे सवाल नहीं किया. लेकिन लखनऊ में मुझे काफी लोग जानते हैं. खासकर मेरे रिश्तेदार और पड़ोसी, जिन्होंने मेरे पिछले 2 साल खराब करने की पूरी कोशिश की.'

यहां देखें वीडियो:-

'लोग जोरू का गुलाम कहकर परेशान करने लगे'

विपिन बताते हैं कि जब उनकी मम्मी सुबह पार्क में वॉक करती थीं तो लोग बेटे के अलग घर लेकर रहने को जोरू का गुलाम कहकर उन्हें चढ़ाते थे. वहीं कुछ लोग उनकी पिता से भी कहते थे कि बुढ़ापे में बहू की सेवा का सुख किस्मत से मिलता है. ये दो साल आसान नहीं थे, क्योंकि मेरे मम्मी-पापा को जबरदस्ती बदनसीब डिक्लेयर कर दिया गया. ये बात हमें बुरी लगी. लेकिन मेरे मम्मी-पापा इतने कमजोर नहीं कि सोशल प्रेशर के आगे झुक जाएं.

पीकू और कपूर एंड संस मूवी का दिया उदाहरण

वीडियो की आखिर में विपिन ने कहा, 'समय के साथ हमारा बॉन्ड और ज्यादा स्ट्रांग हो गया. हम साथ-साथ त्योहार मनाते, जन्मदिन पर केक काटते और साथ घूमने जाते. बहू का संस्कारी होना और बेटे का श्रवण कुमार जैसा होना, ये जो अनक्वेश्चनेबल एक्सपेक्टेशन्स बचपन से हमारे दिमाग में डाल दी गई हैं. लेकिन ये जरूरी तो नहीं है कि हैप्पी फैमिली का सारा इंस्पिरेशन हम साथ साथ हैं मूवी से ही लिया जाए. कुछ चीजें हम पीकू और कपूर एंड सन्स मूवीज से भी सीख सकते हैं.'

सोशल मीडिया पर कुछ लोग भड़के, कुछ ने की तारीफ

विभूति-विपिन के इस वीडियो ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है और लोग इस पर जमकर रिएक्ट कर रहे हैं:-

एक यूजर ने लिखा, 'अपने बुजुर्ग माता-पिता से दूर, एक ही शहर में, सिर्फ प्राइवेसी के लिए रहना बिल्कुल भी सही नहीं है. कृपया ऐसी बातों को बढ़ावा न दें. मेरा मानना ​​है कि हमें अपने माता-पिता के करीब रहने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी को भी समझना चाहिए.'

दूसरे यूजर ने लिखा, 'मुझे वो हिस्सा बहुत पसंद आया जहां आपने रश्मि की मम्मी और रोहन के पापा का नाम लेकर उनकी पोल खोली. इन चारों की तो अच्छी-खासी क्लास लगनी चाहिए.'

तीसरी यूजर ने लिखा, 'आपकी पत्नी बहुत किस्मत वाली हैं कि उन्हें ऐसे पति मिले जिन्होंने अपनी शादी के लिए स्टैंड लिया और अपने माता-पिता के साथ सही सीमाएं तय कीं. दुख की बात है कि कई पुरुष अपनी शादी बचाने और ये सीमाएं तय करने के बजाय अपनी पत्नी का साथ छोड़ना चुनते हैं.'

चौथे यूजर ने पूछा, 'लखनऊ बेहतर है या बेंगलुरु? जब आप लखनऊ की तरफ से हों, तो कन्फ्यूजन तो होता ही है.'

ये भी पढ़ें:- मार दिया रे मार दिया तेरी सूरत भोली ने गाने पर 'स्कूल की मैडम' ने किया जबरदस्त डांस, बच्चों ने भी दिया साथ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bengaluru, Lucknow, Quality Of Life, Joint Family, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com