विज्ञापन

अनाथ लड़की ने अपनी शादी की रात के लिए टीवी पर जाहिर की छोटी सी ख्वाहिश, मदद करने जुट गया पूरा देश

अल्जीरिया की एक शादी में हजारों लोग पहुंचे, जिस लड़की का दुनिया में कोई नहीं था, उसके जीवन के सबसे खास दिनों में से एक में अजनबी लोगों की भीड़ अपनी बनकर खड़ी थी. जिस लड़की ने गिफ्ट में दो मुर्गियां मांगी थी उसके घर में तोहफो का अंबार लग गया.

अनाथ लड़की ने अपनी शादी की रात के लिए टीवी पर जाहिर की छोटी सी ख्वाहिश, मदद करने जुट गया पूरा देश
Algeria Viral Video: अल्जीरिया में एक अनाथ लड़की की शादी में पूरा देश पहुंचा (फोटो- स्क्रीनशॉट)

Viral Video: इंसानियत की मिसाल उस वक्त देखने को मिलती है जब लोग धर्म, जाति, सामाजिक हैसियत या अमीरी-गरीबी के बंधनों को एक तरफ रखकर किसी अच्छे काम के लिए एक साथ आते हैं. उत्तरी अफ्रीका में कुछ ऐसा ही हुआ है और यह सच्ची कहानी दिल को छू लेती है. बात अल्जीरिया की हो रही है जहां एक अनाथ लड़की से एक टीवी होस्ट ने उसकी शादी से दो दिन पहले यह सवाल किया कि आप क्या चाहते हो. उस लड़की का जवाब बहुत मासूम था. लेकिन साथ ही उसमें उसके जीवन की कड़वी सच्चाई भी थी. उस अनाथ लड़की ने जवाब दिया कि उसकी इच्छा है कि उसका कोई पड़ोसी उसे दो मुर्गियां दान करे, ताकि वह अपनी शादी की दावत में मेहमानों को परोस सके. उसका यह जवाब वायरल हो गया और पूरा अल्जीरिया उस लड़की का परिवार बन गया. फिर जो हुआ वह हम सिर्फ कहानियों में सुनते हैं.

बेटी की मदद के लिए एकजुट हो गया पूरा देश

अब दुल्हन बन चुकी उस लड़की का नाम शहरजाद है और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था. कोई अपनी शादी के लिए गिफ्ट के तौर पर केवल 2 मुर्गियां मांग रही थी और यह बात लोगों को भावुक कर गई. इसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग उसकी शादी में शामिल होने के लिए ऐन डेफला पहुंचे. वायरल हो रहे वीडियो में लोग शहरजाद की शादी को खास बनाने और उसे खुशियां देने की पहल करते नजर आए.

इस शादी में अल्जीरिया के अलग-अलग प्रांतों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे. लोगों ने तोहफ़े भेजे. यहां तक की एक ज्वेलर ने दो सोने की ज्वैलरी का सेट भी शहरजाद को गिफ्ट किया.

शादी के आयोजन में शामिल लोगों ने कहा कि वे सिर्फ सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले लोगों की ही मदद नहीं करते, बल्कि उन लोगों के साथ भी खड़े होते हैं जो सोशल मीडिया पर नजर नहीं आते. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति शादी करना चाहता है, लेकिन उसके पास जरूरी साधन नहीं हैं, तो उसकी मदद के लिए भी लोग आगे आएंगे. शहरजाद की शादी में लोगों की मौजूदगी, तालियों और जश्न के बीच यह पहल अल्जीरियाई लोगों की एकजुटता और दूसरों की खुशियों में शामिल होने की भावना को दिखाती है.

लोग तो सोशल मीडिया पर यह भी कह रहे कि शायद यह अल्जीरिया में अब तक की सबसे ज्यादा भीड़-भाड़ वाली और जोश-ओ-खरोश से भरी शादी थी.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की नवरात्रि में भी मुस्लिम लड़कों को नहीं मिलती एंट्री, हिंदू व्लॉगर बोली- 'लड़कियों की सेफ्टी का मसला'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Algeria, Viral Video, Viral Wedding
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com