फैशन और विज्ञान का मेल अब एक नए स्तर पर पहुंच चुका है. कल्पना कीजिए, करोड़ों साल पहले धरती पर घूमने वाले डायनासोर का हिस्सा आज एक लग्जरी हैंडबैग में बदल गया है. सुनने में यह अजीब लग सकता है, लेकिन हाल ही में ऐसा ही एक अनोखा हैंडबैग सामने आया है, जो दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है.
डायनासोर से बना हैंडबैग कैसे बना खास
यह खास हैंडबैग मशहूर डायनासोर Tyrannosaurus rex से प्रेरित है. इसे बनाने में लैब में तैयार किए गए कोलेजन का इस्तेमाल किया गया है, जो T. rex के जीवाश्म (fossils) से जुड़ा हुआ है. करीब 6.6 करोड़ साल पहले विलुप्त हो चुके डायनासोर का यह अंश अब एक लग्जरी फैशन प्रोडक्ट में बदल गया है. इसका मकसद बिना जानवरों को नुकसान पहुंचाए लेदर जैसा मटेरियल तैयार करना है.
कहां देख सकते हैं यह बैग
यह टी-ग्रीन (teal) रंग का हैंडबैग इस समय एम्स्टर्डम के आर्ट जू म्यूजियम में रखा गया है. इसे एक खास तरीके से प्रदर्शित किया गया है. जैसे- एक चट्टान पर रखा गया है. पिंजरे के अंदर रखा गया है और इसके ऊपर T. rex का मॉडल लगाया गया है. यह सेटअप पुराने समय और आधुनिक विज्ञान के कनेक्शन को दिखाने के लिए बनाया गया है. लोग इसे 11 मई तक देख सकते हैं, जिसके बाद इसकी नीलामी (auction) होगी.
कितनी हो सकती है कीमत
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बैग की शुरुआती कीमत $500,000 (करीब 5 करोड़ रुपये) से ज्यादा हो सकती है. इसके अलावा, इसी मटेरियल का एक छोटा सैंपल (10x15 सेमी) भी बनाया गया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है. यह हैंडबैग फैशन ब्रांड Enfin Leve ने तैयार किया है. इसमें प्रीमियम डिजाइन के लिए स्टर्लिंग सिल्वर और ब्लैक डायमंड का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे और ज्यादा लग्जरी बनाता है.
कैसे तैयार हुआ ‘डायनासोर लेदर'
इस खास मटेरियल को VML, The Organoid Company, और Lab-Grown Leather Ltd. ने मिलकर तैयार किया है. वैज्ञानिकों ने इस प्रक्रिया में T. rex के फॉसिल से कोलेजन के छोटे हिस्से निकाले. उनकी मदद से पूरा कोलेजन स्ट्रक्चर तैयार किया. उसे कोशिकाओं (cells) में डालकर नया कोलेजन विकसित किया और फिर उसे लेदर में बदल दिया. कंपनी के CEO थॉमस मिशेल के अनुसार, इस प्रक्रिया में कई तकनीकी चुनौतियां आईं.
पहले भी कर चुके हैं अनोखे प्रयोग
यह टीम पहले भी अजीब लेकिन दिलचस्प प्रयोग कर चुकी है. साल 2023 में इन्होंने woolly mammoth DNA और भेड़ की कोशिकाओं से एक विशाल मीटबॉल तैयार किया था.
यह भी पढ़ें: आज ऑफिस नहीं आ पाऊंगा… बस इतना कहा और 2 मिनट में चली गई नौकरी, गुरुग्राम के इस मामले ने सबको चौंका दिया
फ्रांस में पढ़ाई का पूरा हिसाब वायरल! आंकड़े देख चौंके लोग, बोले- ये तो सोच से भी ज्यादा है
जॉइन करते ही परेशान हो गया कर्मचारी! 3 हफ्ते बाद ही कर दिया रिजाइन, वजह जान मैनेजर को हुआ पछतावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं