विज्ञापन

नीलाम हो रहा है डायनासोर का सबसे कीमती कंकाल, कोई भी लगा सकता है बोली, कीमत है इतने करोड़

न्यूयॉर्क में सोथबीज नीलामी घर में लगेगी बोली. यह दुनिया में टायरानोसॉरस रेक्स के सबसे ज्यादा सुरक्षित और पूरे कंकालों में से एक है और इसे गस (Gus) नाम दिया गया है.

नीलाम हो रहा है डायनासोर का सबसे कीमती कंकाल, कोई भी लगा सकता है बोली, कीमत है इतने करोड़
Gus नाम के डायनासोर पर न्यूयॉर्क के सोथबीज नीलामी घर में लगेगी बोली (फोटो- NDTV)
  • दुनिया के सबसे विशाल, सबसे अच्छे तरीके से सुरक्षित मिले डायनासोर के कंकालों में से एक नीलामी के लिए रखा जा रहा
  • डायनासोर की खोपड़ी के ऊपरी हिस्से पर काटने का एक बड़ा निशान है, जो शायद किसी लड़ाई के दौरान लगा होगा
  • इसकी नीलामी न्यूयॉर्क में सोथबीज नीलामी घर में मंगलवार, 14 जुलाई को होगी

वैसे तो डायनासोर करोड़ों साल पहले धरती से खत्म हो चुके हैं, लेकिन आज भी उनकी एक-एक हड्डी की कीमत इंसानों की कल्पना से कहीं ज्यादा है. अब दुनिया के सबसे विशाल और सबसे अच्छे तरीके से सुरक्षित मिले टी-रेक्स के कंकालों में से एक नीलामी के लिए रखा जा रहा है. इसकी शुरुआती अनुमानित कीमत 290 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है. लेकिन यह इसके कई गुना तक जा सकता है. खास बात यह है कि इस डायनासोर की हड्डियां सिर्फ उसकी विशालकाय ताकत ही नहीं, बल्कि उसके जीवन की खतरनाक लड़ाइयों की कहानी भी बयां करती हैं. इसकी खोपड़ी पर ऐसे खास बाइट मार्क मिले हैं. आइए जानते हैं आखिर इस करोड़ों साल पुराने टी-रेक्स की कीमत इतनी ज्यादा क्यों है.

नोट- टी-रेक्स एक विशाल मांसाहारी डायनासोर था. यह पृथ्वी पर सबसे बड़े शिकारी जीवों में से एक था. यह लगभग 6.8 से 6.6 करोड़ साल पहले (क्रिटेशियस काल के अंत में) उत्तरी अमेरिका के जंगलों में रहता था.

क्यों खास है यह डायनासोर

यह दुनिया में टायरानोसॉरस रेक्स (T. rex) के सबसे ज्यादा सुरक्षित और पूरे कंकालों में से एक है और इसे गस (Gus) नाम दिया गया है. इसकी नीलामी न्यूयॉर्क में सोथबीज नीलामी घर में मंगलवार, 14 जुलाई को होगी. इस विशाल जीवाश्म की कीमत 20 मिलियन से 30 मिलियन डॉलर के बीच आंकी गई है. लेकिन नीलामी में इसकी कीमत और ज्यादा हो सकती है और शायद यह अब तक का सबसे महंगा बिकने वाला डायनासोर भी बन सकता है. बोली सिर्फ म्यूजियम के वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि बहुत अमीर लोग भी लगाएंगे. गस को 2021 में साउथ डकोटा के एक मवेशी फार्म में खोजा गया था.

"गस" मास्ट्रिचियन काल के दौरान रहता था, जो लगभग 7.2 से 6.6 करोड़ साल पहले का समय था. इस काल की खासियत थी गर्म जलवायु, समुद्र का ऊंचा जलस्तर और बाढ़ के मैदान वाले विशाल तटीय इलाके. इस डायनासोर की कंकाल की लंबाई 38 फीट है, जो इसे अब तक खोजे गए सबसे बड़े टी. रेक्स में से एक बनाता है. इसमें 183 जीवाश्म हड्डियां हैं और यह लगभग 63 प्रतिशत पूरा है.

यह भी पढ़ें: थाईलैंड में मिला एशिया का सबसे विशाल डायनासोर, 9 हाथियों जितना था वजन

इसकी खोपड़ी पर है काटने का बड़ा निशान

सोथबीज में प्राकृतिक इतिहास की ग्लोबल हेड कैसेंड्रा हैटन का कहना है कि 'गस' की कीमत इस बात को दर्शाती है कि यह कितना महत्वपूर्ण डायनासोर है. वह कहती हैं कि गस अब तक मिले सबसे बड़े और सबसे पूरे टी. रेक्स में से एक है. इसकी 60 प्रतिशत से अधिक हड्डियों की पहचान हो चुकी है. आम तौर पर कंकाल का आधा हिस्सा ही मिल पाता है, जिसे एक बड़ी वैज्ञानिक खोज माना जाता है.

हड्डियों की हालत से इस जीव के जीवन के बारे में भी गहरी जानकारी मिलती है. इसकी खोपड़ी के ऊपरी हिस्से पर काटने का एक बड़ा निशान है, जो शायद किसी लड़ाई के दौरान लगा होगा. कुछ हड्डियां टूटी हुई हैं- जैसे पसलियां. जहां वे टूटी थीं और फिर जुड़ीं, वहां बड़े-बड़े उभार दिखाई देते हैं.

सबसे महंगे डायनासोर का रिकॉर्ड

डायनासोर की नीलामी का रिकॉर्ड अभी 'एपेक्स' (Apex) के नाम है, जो एक स्टेगोसॉरस (Stegosaurus) था और जिसे 2024 में सोथबीज ने 44.6 मिलियन डॉलर में बेचा थ. लेकिन यह नीलामी से पहले लगाई गई शुरुआती कीमत से 11 गुना ज्यादा था. अगर आप इस बार गस पर बोली लगाना चाहते हैं, तो आपकी शुरुआती बोली 19 मिलियन डॉलर से कम नहीं हो सकती. 

नीलामी में बिकने वाले पांच सबसे महंगे डायनासोर 2020 के बाद ही बिके हैं. इनमें 'स्टैन' (Stan) भी शामिल है. यह एक टी. रेक्स ही था जिसे 2020 में 31.8 मिलियन डॉलर में बेचा गया था, जबकि इसकी अनुमानित कीमत 6-8 मिलियन डॉलर थी.

यह भी पढ़ें: ट्रक ड्राइवर का बेटा आज है अरबपति, कभी अपना खून बेचकर की थी पढ़ाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dinosaur, Dinosaur History, T. Rex
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com