चीन दुनिया का सबसे लंबा सस्पेंशन ब्रिज बना रहा है. हम बात कर रहे हैं झांगजिंगगाओ यांग्त्जी नदी पर बन रहे पुल (Zhangjinggao Yangtze River Bridge) की. सस्पेंशन ब्रिज यानी ऐसा पुल जो नीचे से खंभों पर नहीं टिका होता, बल्कि ऊपर से मोटी केबलों पर लटका होता है. जब यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा तो यह एक साथ 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को तोड़ देगा. चीनी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार पूर्वी चीन के जिआंगसु प्रांत में बन रहे इस खास पुल के साउथ चैनल ब्रिज के साउथ एंकरेज का मुख्य ढांचा पूरा हो गया है. इससे इस बड़े प्रोजेक्ट में बड़ी प्रगति हुई है.
एक साथ चीन के तीन शहरों को जोड़ेगा यह पुल
यह पुल जिआंगसु प्रांत के तीन शहरों- सूझोऊ के झांगजियागांग, ताइझोऊ के जिंगजियांग और नानतोंग के रुगाओ- को आपस में जोड़ेगा. उम्मीद है कि 2028 तक यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा और इस पर यातायात शुरू हो जाएगा.
झांगजिंगगाओ यांग्त्जी नदी पर इस पुल की कुल लंबाई 7,900 मीटर होगी. इसमें उत्तर और दक्षिण दोनों तरफ अप्रोच ब्रिज और नेविगेशन सेक्शन होंगे. इसमें दोनों तरफ मिलाकर 8 लेन होंगी और गाड़ियां 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल सकेंगी. साउथ नेविगेशन ब्रिज का स्पैन 2,300 मीटर होगा. यह दुनिया का सबसे बड़े स्पैन वाला सस्पेंशन ब्रिज होगा.
अगस्त में ही चीन ने 2,000 मीटर लंबे स्पैन की बाधा को पार कर लिया है, जो चीन के पुल निर्माण के इतिहास में बड़ी उपलब्धि है. कमाल की बात है कि इसके दोनों टावरों की ऊंचाई 350-350 मीटर है. इनमें करीब 34,000 मीट्रिक टन स्टील लगा है, जो चार से ज्यादा एफिल टावर बनाने जितना है.
रिपोर्ट के अनुसार पूरा होने पर, झांगजिंगगाओ यांग्त्जी नदी पुल, यांग्त्जी नदी डेल्टा के एकीकरण को तेज़ करने में अहम भूमिका निभाएगा. क्षेत्रीय परिवहन को बेहतर बनाने के लिए, जिआंगसू प्रांत का लक्ष्य 2030 तक नदी पार करने के 28 रास्ते तैयार करना है.
खास सिंथेटिक फाइबर का हो रहा इस्तेमाल
इसे बनाने के लिए मजदूरों ने जहाजों की मदद से 21 मिलीमीटर मोटी, हाई-स्ट्रेंथ Dyneema रस्सी को सीधे 2,300 मीटर लंबे मेन चैनल के ऊपर से पार कराया है. ये एक खास सिंथेटिक फाइबर है, जिसे दुनिया का सबसे मजबूत फाइबर माना जाता है. वजन के हिसाब से यह रस्सी स्टील से 15 गुना मजबूत होती है. दूसरी तरफ यह पानी पर तैरती है. लोड पड़ने पर भी इसकी लंबाई नहीं बढ़ती. 21 मिलीमीटर मोटी Dyneema रस्सी आराम से 40-50 टन तक का वजन उठा सकती है. इतने वजन के लिए स्टील की रस्सी इससे कई गुना भारी होती. इसीलिए इसका इस्तेमाल बड़े पुलों, जहाजों, क्रेन और भारी सामान खींचने में होता है. इस रस्सी का इस्तेमाल शुरुआती गाइड रोप के तौर पर किया गया है. पुल को सहारा देने वाली असली मुख्य केबल हाई-स्ट्रेंश स्टील वायर से बनेगी.
एक साथ टूटेंगे 6 रिकॉर्ड
चीन में बन रहा यह सस्पेंशन ब्रिज तैयार होने के बाद दुनिया के 6 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकता है. इसमें 2,300 मीटर का दुनिया का सबसे लंबा मुख्य स्पैन होगा, इसके टावर 350 मीटर ऊंचे होंगे जो किसी सस्पेंशन ब्रिज के सबसे ऊंचे टावर होंगे. इसके अलावा इसमें दुनिया की सबसे लंबी मुख्य केबल, सबसे बड़ा एंकर फाउंडेशन, करीब 3,017 मीटर लंबा लगातार स्टील बॉक्स गर्डर और 3,120 मिलीमीटर की मूवमेंट क्षमता वाला दुनिया का सबसे बड़ा एक्सपेंशन जॉइंट होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं