विज्ञापन

रेगिस्तान में बिजली-पानी का सबसे बड़ा खजाना, अफ्रीका में बन रहा नई दिल्ली से भी बड़ा न्यूक्लियर प्लांट, रूस दे रहा रिएक्टर

मिस्र में बन रहा एल दबा न्यूक्लियर पावर प्लांट दुनिया के सबसे बड़े निर्माणाधीन परमाणु बिजलीघर प्रोजेक्ट्स में शामिल है. इसके अंदर रूस में बने 4 न्यूक्लियर रिएक्टर लगे होंगे और इससे 4,800 मेगावाट बिजली पैदा होगी.

रेगिस्तान में बिजली-पानी का सबसे बड़ा खजाना, अफ्रीका में बन रहा नई दिल्ली से भी बड़ा न्यूक्लियर प्लांट, रूस दे रहा रिएक्टर
El-Dabaa NPP Nuclear Power Plant: मिस्र में बन रहा विशाल न्यूक्लियर पावर प्लांट (AI फोटो)

मिस्र के रेगिस्तान में बहुत विशाल न्यूक्लियर पावर प्लांट बन रहा. इसे मिस्र की सरकारी एजेंसी दुनिया में बन रहा सबसे बड़ा न्यूक्लियर पावर प्लांट बताती है. एल दबा न्यूक्लियर पावर प्लांट (El Dabaa Nuclear Power Plant) से 4,800 MW बिजली पैदा होगी. इसमें लगे 4 रिएक्टरों से मिस्र रोशन होगा. खास बात है कि यह चारों न्यूक्लियर रिएक्टर रूस के होंगे. इतना ही नहीं रूस इन रिएक्टरों से निकले इस्तेमाल हुए न्यूक्लियर ईंधन को रखने के लिए एक ड्राई स्टोरेज फैसिलिटी भी देगा. चलिए बताते हैं कि मिस्र के लिए यह न्यूक्लियर पावर प्लांट कैसे संजीवनी का काम कर सकता है और यह इतना खास क्यों होगा. 

मिस्र का पहला न्यूक्लियर पावर प्लांट, रूस का फुल सपोर्ट

एल-दबा न्यूक्लियर प्लांट बनाने की योजना 1970 के दशक के आखिर से ही चल रही है, जब जगह चुनने का काम शुरू हुआ था. अब दबा मिस्र का पहला न्यूक्लियर पावर प्लांट होगा. इसका निर्माण जुलाई 2022 में शुरू हुआ था. यह पूरे अफ्रीका में दक्षिण अफ्रीका के कोबर्ग प्लांट के बाद पहला न्यूक्लियर प्लांट भी होगा, जो करीब 40 साल पहले बना था.

रूस की कंपनी रोसाटॉम इस प्रोजेक्ट को बना रही है. यह पावर प्लांट मिस्र के काहिरा से करीब 320 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बन रहा है. इसमें रोसाटॉम के बनाए चार VVER-1200 रिएक्टर होंगे. ये प्रेशराइज्ड वाटर रिएक्टर (PWR) हैं और हरेक की कैपेसिटी 1200 MW बिजली पैदा करने की होगी. इसी मॉडल के रिएक्टर रूस के लेनिनग्राद और नोवोवोरोनिश प्लांट में और बेलारूस के ओस्त्रोवेत्स प्लांट में पहले से काम कर रहे हैं. PWR रिएक्टर दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला रिएक्टर टाइप है.

मिस्र की सरकारी न्यूक्लियर एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार 2017 के समझौतों के तहत, रोसाटॉम न केवल इस प्लांट को बनाएगा, बल्कि इसके पूरे जीवनकाल के लिए रूसी परमाणु ईंधन (न्यूक्लियर फ्यूल) की आपूर्ति भी करेगा. यह रूसी कंपनी प्लांट के संचालन के पहले 10 सालों के दौरान कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने और प्लांट के रखरखाव में मिस्र के साझेदारों की मदद भी करेगी. रोसाटॉम एक खास ड्राई स्टोरेज फैसिलिटी बनाने और इस्तेमाल किए गए परमाणु ईंधन को रखने के लिए कंटेनर भी उपलब्ध कराएगी. 

इस प्रोजेक्ट में लगभग 30 अरब डॉलर का खर्च आएगा.

क्या यह दुनिया का सबसे बड़ा न्यूक्लियर पावर प्लांट होगा?

एल दबा न्यूक्लियर पावर प्लांट दुनिया के सबसे बड़े निर्माणाधीन परमाणु बिजलीघर प्रोजेक्ट्स में शामिल है. इसकी कुल क्षमता 4,800 मेगावाट होगी, जिसके लिए यहां चार परमाणु रिएक्टर लगाए जा रहे हैं. मिस्र की सरकारी एजेंसी तो इसे दुनिया का सबसे बड़ा निर्माणाधीन न्यूक्लियर पावर प्लांट बताती है. लेकिन क्षमता के लिहाज से यह दुनिया का सबसे बड़ा परमाणु बिजलीघर नहीं है. जापान के काशीवाज़की-कारीवा जैसे मौजूदा प्लांट की स्थापित क्षमता इससे काफी ज्यादा है. तुर्किये का अक्क्युयु प्रोजेक्ट भी 4,800 मेगावाट क्षमता वाला है.

अगर इस प्लांट के क्षेत्रफल की बात करें तो रिपोर्ट के अनुसार ये प्लांट 12,000 फेड्डन जमीन पर बन रहा है. मतलब करीब 50 वर्ग किलोमीटर. इसे ऐसे समझ सकते हैं कि नई दिल्ली शहर (जिला) का कुल क्षेत्रफल लगभग 42.7 वर्ग किलोमीटर है.

यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे पाताललोक में बन रहा दुनिया का विशाल पावर बैंक, पूरे पाकिस्तान के खर्च बराबर बिजली होगी स्टोर

सिर्फ बिजली नहीं, लोगों को साफ पानी भी मिलेगा

वर्ल्ड न्यूक्लियर एसोसिएशन की रिपोर्ट के अनुसार एल दबा प्लांट से निकलने वाली गर्मी और बिजली से पास में ही समुद्र के खारे पानी को मीठा किया जाएगा. बता दें कि मिस्र को पानी की बहुत कमी है, वह 95% से ज्यादा नील नदी पर निर्भर है. आबादी बढ़ रही है, खेती को पानी चाहिए, इसलिए समंदर का पानी मीठा करना मिस्र के लिए मजबूरी बन गया है.

2030 तक तैयार करने का लक्ष्य

इस न्यूक्लियर पावर प्लांट का निर्माण फिलहाल चारों रिएक्टरों पर एक साथ चल रहा है. जुलाई 2022 में पहली यूनिट का निर्माण शुरू हुआ था और जनवरी 2024 तक चारों यूनिटों का निर्माण शुरू हो चुका था. नवंबर 2026 तक पहली यूनिट के रिएक्टर के अंदरूनी उपकरण और ढक्कन का निर्माण भी पूरा हो चुका है, जिन्हें रूस में तैयार किया गया है. अब परियोजना निर्माण के साथ-साथ बड़े उपकरणों की स्थापना, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और परीक्षण की तैयारियों के चरण में आगे बढ़ रही है. पहली यूनिट को 2028 के अंत तक और चारों यूनिटों को 2030 तक चालू करने का लक्ष्य है.

यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, 58KM लंबी टनल में दौड़ेगी ट्रेन, घंटों का सफर मिनटों में

यह भी पढ़ें | बुलेट ट्रेन से पहले मुंबई में 70 हजार करोड़ का 'पाताल लोक', 31 KM की सुरंग से जुड़ेंगे एक्सप्रेसवे-एयरपोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Infra Projects, Infra Projects News, Nuclear Power Plant
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com