विज्ञापन

COP31 में बात कहां बिगड़ गई, आखिर Fossil Fuel का मुद्दा इतनी टेढ़ी खीर क्यों है?

Explained: आखिर दुनिया तेल, गैस और कोयले से इतनी जल्दी पीछा क्यों नहीं छुड़ा पा रही है? क्या इसके पीछे सिर्फ तेल उत्पादक देशों का दबाव है या फिर पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था ही जीवाश्म ईंधन पर इस कदर निर्भर है कि उससे बाहर निकलना आसान नहीं है?

COP31 में बात कहां बिगड़ गई, आखिर Fossil Fuel का मुद्दा इतनी टेढ़ी खीर क्यों है?
COP31 climate summit में क्यों नहीं बनी बात (फोटो- AFP)

करीब 200 देशों के प्रतिनिधि, दो हफ्ते की बातचीत, अतिरिक्त दो दिन की मशक्कत और फिर भी कोई साझा समझौता नहीं. तुर्किये के अंताल्या में हुआ COP31 जलवायु सम्मेलन आखिरकार उस मोड़ पर पहुंच गया, जहां दुनिया के देश जलवायु संकट से लड़ने के लिए एक साझा राजनीतिक समझौते पर सहमत नहीं हो सके. यानी ये बातचीत बेनतीजा रहीं है. 

इस पूरी कवायद में सबसे बड़ा सवाल था कि क्या दुनिया को कोयले, तेल और गैस यानी फॉसिल फ्यूल का इस्तेमाल धीरे-धीरे बंद करने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाना चाहिए? सुनने में यह सवाल सीधा लगता है. आखिर जलवायु परिवर्तन की सबसे बड़ी वजहों में जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल शामिल है. लेकिन जब इस सवाल का जवाब देने के लिए करीब 200 देशों को एक मेज पर बैठाया जाता है, तो बात वैसी नहीं रह जाती जैसी सीधी ये दिखती है. यानी फिर मुद्दा पर्यावरण का नहीं रह जाता. इसमें अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा, विकास, ऐतिहासिक जिम्मेदारी और अंतरराष्ट्रीय राजनीति सब शामिल हो जाते हैं.

COP31 में भी यही हुआ. एक तरफ यूरोपीय संघ, छोटे द्विपीय देश और कई विकासशील देश चाहते थे कि अंतिम समझौते में फॉसिल फ्यूल से दूर जाने की स्पष्ट प्रतिबद्धता हो. दूसरी तरफ सऊदी अरब और रूस जैसे तेल-गैस उत्पादक देश इसका विरोध कर रहे थे. 

भारत समेत कई विकासशील देशों की चिंता कुछ अलग थी. उनका सवाल था कि जब विकसित देश दशकों तक जीवाश्म ईंधन जलाकर अपनी अर्थव्यवस्था खड़ी कर चुके हैं, तो अब विकासशील देशों पर ऊर्जा के विकल्प चुनने की शर्तें किस आधार पर थोपी जा सकती हैं?

नतीजा यह हुआ कि जिस मुद्दे पर दुनिया को एक साथ आना था, उसी ने देशों को अलग-अलग खेमों में बांट दिया. 22 नवंबर 2026 को सम्मेलन बिना किसी व्यापक राजनीतिक समझौते के समाप्त हो गया. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने इस नतीजे पर गहरी निराशा जताई.

लेकिन COP31 की नाकामी को सिर्फ इतना कहकर नहीं समझा जा सकता कि देश फॉसिल फ्यूल पर सहमत नहीं हुए. असली कहानी यह है कि आखिर दुनिया तेल, गैस और कोयले से इतनी जल्दी पीछा क्यों नहीं छुड़ा पा रही है? क्या इसके पीछे सिर्फ तेल उत्पादक देशों का दबाव है या फिर पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था ही जीवाश्म ईंधन पर इस कदर निर्भर है कि उससे बाहर निकलना आसान नहीं है?

इसे समझने के लिए COP31 की बातचीत से लेकर दुनिया की ऊर्जा व्यवस्था तक को समझना जरूरी है.

COP31 में आखिर हुआ क्या और बात कहां बिगड़ी?

COP31 की बातचीत 9 नवंबर को तुर्किये के अंताल्या में शुरू हुई थी. इस बार सम्मेलन की मेजबानी तुर्किये कर रहा था, जबकि बातचीत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलिया के साथ साझा थी. करीब 200 देशों के प्रतिनिधियों को एक ऐसे समझौते पर पहुंचना था, जो जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अगले कुछ वर्षों की दिशा तय कर सके.

शुरुआत में बातचीत के केंद्र में तीन बड़े मुद्दे थे. अव्वल तो जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल कम करने और उससे बाहर निकलने की स्पष्ट योजना. फिर, जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने के लिए गरीब और विकासशील देशों को आर्थिक मदद. और तीसरा, ऊर्जा व्यवस्था को बिजली और स्वच्छ ऊर्जा की तरफ ले जाने की रणनीति.

लेकिन जैसे-जैसे बातचीत आगे बढ़ी, देशों के बीच मतभेद गहराते गए.

सबसे पहले जारी हुए समझौते के मसौदे में फॉसिल फ्यूल का जिक्र छह बार किया गया था. इसमें जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को सीमित करने और उससे दूर जाने की बात शामिल थी. लेकिन 19 नवंबर को जारी संशोधित मसौदे में फॉसिल फ्यूल से जुड़े सभी संदर्भ हटा दिए गए.

यूरोपीय संघ, पनामा, मार्शल आइलैंड्स और कई दूसरे देशों ने इस पर नाराजगी जताई. उनका कहना था कि अगर जलवायु सम्मेलन के अंतिम समझौते में उस ईंधन का नाम तक नहीं होगा, जो ग्लोबल वार्मिंग की सबसे बड़ी वजह है, तो फिर इस समझौते का मतलब ही क्या रह जाएगा?

आयरलैंड के जलवायु मंत्री डैराग ओ'ब्रायन ने यूरोपीय संघ की तरफ से कहा कि फॉसिल फ्यूल का कोई जिक्र किए बिना जलवायु समझौता करना स्वीकार नहीं किया जा सकता.

दूसरी तरफ सऊदी अरब और रूस जैसे देशों ने समझौते में फॉसिल फ्यूल के स्पष्ट जिक्र का विरोध किया. उनका रुख था कि किसी एक ऊर्जा स्रोत को निशाना बनाने के बजाय देशों को अपनी परिस्थितियों के मुताबिक ऊर्जा विकल्प चुनने की आजादी मिलनी चाहिए.

21 नवंबर तक बातचीत तय समय से आगे निकल चुकी थी. इसके बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी. अंतिम कोशिश के तौर पर एक और मसौदा तैयार किया गया, लेकिन उसमें भी फॉसिल फ्यूल से बाहर निकलने की नई प्रतिबद्धता शामिल नहीं थी.

आखिरकार 22 नवंबर को सम्मेलन बिना किसी व्यापक राजनीतिक समझौते के खत्म हो गया. करीब 50 घंटे से ज्यादा समय तक अतिरिक्त बातचीत के बावजूद देश किसी साझा नतीजे पर नहीं पहुंच सके. यह संयुक्त राष्ट्र जलवायु वार्ताओं के इतिहास में सबसे लंबी खिंची बैठकों में से एक रही.

फॉसिल फ्यूल आखिर है क्या और जलवायु परिवर्तन से इसका क्या संबंध है?

अब सवाल है कि जिस फॉसिल फ्यूल को लेकर दुनिया के देश आपस में भिड़ गए, आखिर वह है क्या? फॉसिल फ्यूल यानी जीवाश्म ईंधन. इसमें मुख्य रूप से कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस शामिल हैं. इन्हें जीवाश्म ईंधन इसलिए कहा जाता है क्योंकि इनका निर्माण लाखों साल पहले धरती के अंदर दबे पेड़-पौधों और दूसरे जैविक पदार्थों के अवशेषों से हुआ है.

आज दुनिया की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा इन्हीं ईंधनों पर टिका हुआ है.

बिजली बनाने के लिए कोयले और गैस का इस्तेमाल होता है. कार, ट्रक, जहाज और विमान पेट्रोलियम उत्पादों पर निर्भर हैं. फैक्ट्रियों में स्टील, सीमेंट, खाद और प्लास्टिक बनाने से लेकर घरों में खाना पकाने और गर्मी पैदा करने तक में इनका इस्तेमाल होता है.

यानी फॉसिल फ्यूल सिर्फ ऊर्जा का एक स्रोत नहीं है, बल्कि आधुनिक अर्थव्यवस्था की बुनियाद का हिस्सा बन चुका है.

लेकिन इसकी सबसे बड़ी समस्या है कार्बन उत्सर्जन.

जब कोयला, तेल या गैस को जलाया जाता है, तो बड़ी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड निकलती है. यह गैस वातावरण में गर्मी को रोककर रखती है. इसके अलावा कोयला और तेल जलाने से दूसरी प्रदूषक गैसें और कण भी निकलते हैं. प्राकृतिक गैस के उत्पादन और परिवहन के दौरान मीथेन का रिसाव भी जलवायु परिवर्तन को तेज करता है.

धरती का तापमान बढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज बदल रहा है. कहीं भीषण गर्मी पड़ रही है, कहीं बेमौसम बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है, तो कहीं सूखे की अवधि लंबी हो रही है.

जलवायु परिवर्तन पर अंतरसरकारी पैनल यानी IPCC की वैज्ञानिक रिपोर्टें भी स्पष्ट करती हैं कि मानवीय गतिविधियों से होने वाला ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन ग्लोबल वार्मिंग की मुख्य वजह है और जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल इसमें बड़ी भूमिका निभाता है.

इसलिए वैज्ञानिकों और जलवायु विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ पेड़ लगाकर या प्रदूषण नियंत्रित करके जलवायु संकट से नहीं निपटा जा सकता. दुनिया को ऊर्जा पैदा करने और इस्तेमाल करने का तरीका भी बदलना होगा.

लेकिन यहां एक बड़ी मुश्किल है. जिस चीज को दुनिया जलवायु संकट की वजह मान रही है, उसी पर दुनिया की बिजली, परिवहन, उद्योग और रोजगार का बड़ा हिस्सा निर्भर है.

यही वजह है कि फॉसिल फ्यूल से बाहर निकलने की बात वैज्ञानिक रूप से जितनी साफ है, राजनीतिक और आर्थिक रूप से उतनी ही मुश्किल है.

सऊदी अरब और रूस को फॉसिल फ्यूल से इतनी परेशानी क्यों है?

इस सवाल का जवाब समझने के लिए दुनिया के तेल और गैस बाजार को समझना होगा. सऊदी अरब दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादकों और निर्यातकों में शामिल है. उसकी अर्थव्यवस्था में तेल की कमाई की अहम भूमिका है. इसी तरह रूस भी तेल और प्राकृतिक गैस के बड़े उत्पादकों और निर्यातकों में शामिल है.

इन देशों के लिए फॉसिल फ्यूल सिर्फ ऊर्जा का स्रोत नहीं, बल्कि उनकी अर्थव्यवस्था, सरकारी कमाई, रोजगार और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव का भी आधार है.

अगर दुनिया एक तय समयसीमा के भीतर तेल और गैस का इस्तेमाल तेजी से कम करने का फैसला करती है, तो इन देशों की अर्थव्यवस्था पर सीधा असर पड़ सकता है.

मसलन, अगर इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ता है और बिजली उत्पादन में भी कोयले और गैस की जगह सौर और पवन ऊर्जा लेती है, तो तेल और गैस की मांग घट सकती है. इससे तेल उत्पादक देशों की कमाई प्रभावित होगी.

ऐसे में इन देशों की कोशिश रहती है कि अंतरराष्ट्रीय समझौतों में ऐसी भाषा न हो, जिसे भविष्य में जीवाश्म ईंधन के उत्पादन और इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने के आधार के रूप में इस्तेमाल किया जा सके.

भारत का विरोध किस बात पर है?

भारत जलवायु परिवर्तन के खतरों को स्वीकार करता है और सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और दूसरी स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहा है. लेकिन भारत का कहना है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की जिम्मेदारी सभी देशों की जरूर है, लेकिन सभी देशों की जिम्मेदारी एक जैसी नहीं हो सकती.

इसके पीछे एक ऐतिहासिक तर्क है. यूरोप और अमेरिका जैसे विकसित देशों ने औद्योगिक क्रांति के बाद दशकों तक कोयले, तेल और गैस का इस्तेमाल करके अपनी अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत किया. उन्होंने उद्योग, परिवहन, बिजली और बुनियादी ढांचे का विस्तार किया. इस दौरान वातावरण में बड़ी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड जमा हुई.

वहीं भारत और अफ्रीका के कई देशों का औद्योगिक विकास अपेक्षाकृत बाद में हुआ. आज भी इन देशों में बड़ी आबादी को बिजली, स्वच्छ खाना पकाने के ईंधन, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है.

भारत का तर्क है कि जब विकसित देश लंबे समय तक कार्बन उत्सर्जन करके विकास कर चुके हैं, तो अब विकासशील देशों से यह कहना उचित नहीं होगा कि वे अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए वही रास्ता न अपनाएं, जिसे विकसित देश पहले अपना चुके हैं.

COP31 में भारत ने इसी मुद्दे को उठाया. भारत की ओर से बातचीत में शामिल पर्यावरण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव अमनदीप गर्ग ने समान विचारधारा वाले विकासशील देशों (Like-Minded Developing Countries) की तरफ से सवाल उठाया कि दुनिया का कार्बन बजट आखिर किसके उत्सर्जन से खत्म हुआ है?

यहां कार्बन बजट का मतलब समझना जरूरी है.

वैज्ञानिकों के मुताबिक, धरती का तापमान किसी निश्चित सीमा के भीतर रखने के लिए वातावरण में छोड़ी जा सकने वाली कार्बन डाइऑक्साइड की कुल मात्रा सीमित है. इसे ही कार्बन बजट कहते हैं. जितना ज्यादा कार्बन वातावरण में जाएगा, उतना ही यह बजट कम होता जाएगा.

भारत का सवाल था कि जब इस सीमित कार्बन बजट का बड़ा हिस्सा ऐतिहासिक रूप से विकसित देशों के उत्सर्जन से इस्तेमाल हो चुका है, तो अब बाकी बचे बजट और जलवायु कार्रवाई की जिम्मेदारी कैसे बांटी जाएगी?

भारत ने यह भी कहा कि नए वैश्विक लक्ष्यों की बात करते समय विकसित देशों की ऐतिहासिक जिम्मेदारी और वित्तीय दायित्वों को कमजोर नहीं किया जाना चाहिए.

यहां भारत जिस सिद्धांत का हवाला देता है, उसे Common But Differentiated Responsibilities and Respective Capabilities (CBDR-RC) कहा जाता है.

आसान भाषा में इसका मतलब है कि जलवायु परिवर्तन से लड़ना सभी देशों की जिम्मेदारी है, लेकिन जिन देशों ने ऐतिहासिक रूप से ज्यादा प्रदूषण किया है और जिनके पास इससे निपटने के लिए ज्यादा आर्थिक संसाधन हैं, उनकी जिम्मेदारी भी ज्यादा होनी चाहिए.

COP28 में जो फैसला हुआ था, COP31 में उसे आगे क्यों नहीं बढ़ाया जा सका?

COP31 के विवाद को समझने के लिए तीन साल पीछे यानी 2023 में दुबई में हुए COP28 को देखना जरूरी है. COP28 में पहली बार संयुक्त राष्ट्र के जलवायु सम्मेलन के अंतिम समझौते में दुनिया ने जीवाश्म ईंधन से दूर जाने की बात स्वीकार की थी. इस समझौते में Transitioning Away from Fossil Fuels शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. इसका मतलब था कि दुनिया को ऊर्जा व्यवस्था में बदलाव करते हुए कोयले, तेल और गैस पर अपनी निर्भरता धीरे-धीरे कम करनी होगी.

यह फैसला इसलिए ऐतिहासिक था क्योंकि इससे पहले 25 साल से ज्यादा समय तक COP के अंतिम समझौतों में फॉसिल फ्यूल का स्पष्ट जिक्र नहीं हुआ था.

लेकिन दुबई में बनी सहमति के बाद भी एक बड़ा सवाल अनसुलझा रह गया था. दुनिया फॉसिल फ्यूल से दूर तो जाना चाहती है, लेकिन यह बदलाव कैसे होगा? इसकी समयसीमा क्या होगी? कौन कितना उत्सर्जन कम करेगा? और विकासशील देशों को इसके लिए पैसा कौन देगा?

COP31 से उम्मीद थी कि इन सवालों पर आगे बढ़ा जाएगा.

लेकिन अंताल्या में तैयार हुए अंतिम मसौदे में दुबई समझौते का जिक्र तो था, मगर फॉसिल फ्यूल से दूर जाने की कोई नई और स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं थी.

यूरोपीय संघ और कई दूसरे देशों के लिए सिर्फ पुराने समझौते को दोहराना पर्याप्त नहीं था. वे चाहते थे कि COP31 में इस दिशा में आगे बढ़ने का ठोस रास्ता तैयार किया जाए. दूसरी तरफ तेल उत्पादक देशों को इस तरह की नई प्रतिबद्धता मंजूर नहीं थी.

यह भी पढ़ें | क्यों फेल हुई धरती को बचाने की मुहीम; COP31 ने की इतिहास की सबसे लंबी बैठक, जुटे थे 200 देश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
COP31, COP31 Climate Change, COP31 Climate Talks
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com