- ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा को देश की कमान सौंपी जाने की चर्चा
- मोजतबा खामेनेई एक प्रमुख शिया धर्मगुरु हैं और राजनीतिक तौर पर मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं
- मोजतबा खामेनेई के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के साथ गहरे संबंध हैं
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश की कमान सौंपी जा रही है. ऐसा कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है. मोजतबा खामेनेई वैसे तो पिता की तरह ही एक शिया धर्मगुरु हैं, लेकिन वह एक लग्जरी लाइफ जीते हैं. ईरान से लेकर लंदन तक में उनके कई घर और होटल हैं. मोजतबा खामेनेई अरबों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं. रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से भी मोजतबा खामेनेई के अच्छे संबंध हैं. यही वजह है कि पिता की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई के नाम की चर्चा ईरान के सुप्रीम लीडर के पद के लिए शुरू हो गई है.
मोजतबा खामेनेई कौन हैं?
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई अपने पिता की तरह ही एक प्रमुख शिया धर्मगुरु हैं. 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई पिछले कुछ दशकों में ईरानी राजनीति में एक शक्तिशाली व्यक्तित्व के रूप में उभरे हैं. हालांकि, मोजतबा खामेनेई ने सरकार या शूरा परिषद (जिसे 'संरक्षक परिषद' भी कहा जाता है) में कोई औपचारिक पद नहीं संभाला है. लेकिन ईरान प्रशासन में उनकी मजबूत पकड़ है. यही वजह है कि मोजतबा खामेनेई इस समय सुप्रीम लीडर की रेस में सबसे आगे नजर आ रहे हैं.

धार्मिक और राजनीतिक वर्गों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी
ईरान की सत्ता पर पकड़ मजबूत करने के लिए पिछले कुछ सालों में मोजतबा खामेनेई ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के बड़े अधिकारियों के साथ गहरे संबंध स्थापित किये हैं. मोजतबा खामेनेई ईरान के धार्मिक और राजनीतिक वर्गों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में उभरे हैं. हालांकि, पिता के जीवित रहते हुए मोजतबा खामेनेई ने कभी लाइम लाइट में आने की कोशिश नहीं की. इसलिए उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में लोगों को बहुत अधिक जानकारी नहीं है.
ये भी पढ़ें :- खामेनेई की मौत की खबर देते समय फफक-फफककर रो पड़ीं टीवी एंकर, ईरान में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक
अरबों की संपत्ति के मालिक हैं मोजतबा खामेनेई
ब्लूमबर्ग की एक हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोजतबा खामेनेई यूरोप और मध्य पूर्व के कई देशों में फैले एक बड़ा रियल एस्टेट साम्राज्य के चलाते हैं, जिसमें दुबई में आलीशान संपत्तियां और विभिन्न यूरोपीय शहरों में आलीशान होटल शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार, 56 वर्षीय धर्मगुरु उत्तरी लंदन के बिशप्स एवेन्यू में आलीशान घरों के मालिक हैं, जिसे 'अरबपतियों की कतार' के नाम से भी जाना जाता है. यह ब्रिटेन की राजधानी के सबसे महंगे इलाकों में से एक है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जांच में पता चला है कि लंदन की इन प्रमुख संपत्तियों का असली मालिकाना हक ईरान के सर्वोच्च नेता के बेटे के पास है. ब्लूमबर्ग के अनुसार, मोजतबा खामेनेई के रियल एस्टेट पोर्टफोलियो में लंदन में 138 मिलियन डॉलर से अधिक मूल्य की एक आलीशान संपत्ति, दुबई के पॉश इलाके में एक विला और फ्रैंकफर्ट और मेजरका में उच्चस्तरीय होटल शामिल हैं.
इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई है. ईरान कैबिनेट ने खामेनेई की मौत पर 40 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है. खामेनेई की बेटी, दामाद और पोती की भी मौत की मौत की खबर है.
ये भी पढ़ें :-अमेरिका-इजरायल का संयुक्त अटैक, खामेनेई की मौत.. इस बार कैसे बेबस देखता रह गया ईरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं