विज्ञापन

वॉरेन बफेट ने गेट्स फाउंडेशन से खींचे हाथ, अब दान में नहीं देंगे पैसा; क्या है मामला?

हाल ही में अमेरिकी संसद के सामने बिल गेट्स ने माना था कि उनकी मुलाकात 2011 में एपस्टीन से हुई थी. गेट्स ने दावा किया कि ये मुलाकातें केवल चैरिटी के सिलसिले में थीं और 2014 तक यह संपर्क टूट गया था.

वॉरेन बफेट ने गेट्स फाउंडेशन से खींचे हाथ, अब दान में नहीं देंगे पैसा; क्या है मामला?
वॉरेन बफेट दशकों से बिल गेट्स फाउंडेशन को डोनेशन देते थे.
NDTV

दिग्गज निवेशक और बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन वॉरेन बफेट ने एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा फैसला लिया है. बफेट ने बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन को दिए जाने वाले अपने भारी-भरकम दान पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही दोनों दिग्गजों के बीच करीब दो दशक पुरानी कारोबारी और परोपकारी साझेदारी का अंत हो गया है.

माना जा रहा है कि यह फैसला माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स और यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के बीच के संबंधों के खुलासे के बाद लिया गया है. 95 वर्षीय बफेट ने साफ कर दिया है कि उनकी बची हुई वसीयत अब उनके बच्चों की तरफ से संचालित चार पारिवारिक ट्रस्टों में जाएगी.

पारिवारिक फाउंडेशन्स को मिला 6 बिलियन डॉलर का दान

वॉरेन बफेट ने मंगलवार को बर्कशायर हैथवे के करीब 12 मिलियन क्लास बी शेयर दान करने की घोषणा की. हालांकि, इस बार उनके दान की लिस्ट से गेट्स फाउंडेशन पूरी तरह गायब रहा. यह पूरी राशि उनके बच्चों सुसी, हॉवर्ड और पीटर द्वारा संचालित चार पारिवारिक फाउंडेशन्स में बांटी जाएगी.

बफेट ने एक बयान में कहा, "मृत्यु का समय अनिश्चित है, लेकिन मेरे बचे हुए सभी शेयर हर हाल में 31 दिसंबर, 2034 तक इन चारों पारिवारिक फाउंडेशन्स को दान कर दिए जाएंगे."

बता दें कि साल 2006 में बफेट ने एक पत्र के जरिए गेट्स फाउंडेशन को अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा 'स्थायी रूप से' दान करने का वादा किया था. तब से लेकर अब तक बफेट गेट्स फाउंडेशन को 47 अरब डॉलर से ज्यादा के शेयर दे चुके हैं. लेकिन अब इस सिलसिले पर पूरी तरह पूर्णविराम लग चुका है.

क्यों आई दोनों दिग्गजों के बीच दरार?

इस पूरी तल्खी की वजह अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से फरवरी में जारी किए गए जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज हैं. इन फाइलों के सामने आने के बाद 70 वर्षीय बिल गेट्स की छवि को काफी नुकसान पहुंचा है. हालांकि गेट्स पर किसी भी अपराध का आरोप नहीं है. 

दोनों दिग्गजों के बीच गहरी दोस्ती थी और वे अक्सर ओमाहा में बर्कशायर की सालाना बैठकों में साथ दिखते थे. लेकिन मार्च में बफेट ने सीएनबीसी को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया था कि एपस्टीन से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक होने के बाद से उनकी बिल गेट्स से कोई बातचीत नहीं हुई है.

हाल ही में अमेरिकी संसद के सामने बिल गेट्स ने माना था कि उनकी मुलाकात 2011 में एपस्टीन से हुई थी. गेट्स ने दावा किया कि ये मुलाकातें केवल चैरिटी के सिलसिले में थीं और 2014 तक यह संपर्क टूट गया था. गेट्स ने यह भी आरोप लगाया कि एपस्टीन को उनके व्यक्तिगत जीवन के बारे में कुछ बातें पता चल गई थीं, जिसके जरिए उसने गेट्स को ब्लैकमेल करने की नाकाम कोशिश भी की थी.

गेट्स फाउंडेशन ने जताया आभार

इस फैसले पर गेट्स फाउंडेशन ने बफेट के प्रति आभार व्यक्त किया है. फाउंडेशन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वे वॉरेन बफेट द्वारा दशकों से मिले सहयोग के लिए उनके आभारी हैं. फाउंडेशन ने यह भी साफ किया कि बिल गेट्स के 200 अरब डॉलर के निजी सहयोग के कारण उनकी वित्तीय स्थिति बेहद मजबूत है और वे साल 2045 तक तय योजना के मुताबिक काम करते रहेंगे.

यह भी पढ़ें: मोबाइल लोकेशन बना काल, पता चल गया ईरान ने खाड़ी के देशों में अमेरिकी सैनिकों को कैसे बनाया निशाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bill Gates, Bill Gates And Warren Buffet, Epstein
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com