- अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल-सईद को कड़ी चेतावनी दी
- अब्दुल ने जेडी वेंस के दादाजी के बारे में टिप्पणियों का जवाब देते हुए उषा वेंस का का जिक्र किया था
- जेडी वेंस ने अल-सईद को उनकी टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि वे उषा का नाम फिर से न लें
अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने मिशिगन में डेमोक्रेटिक सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सईद को उनकी पत्नी उषा वेंस पर टिप्पणी को लेकर खूब खरी खोटी सुनाई. इसके साथ ही अब्दुल को उषा वेंस का नाम फिर से जुबान पर न लाने की चेतावनी भी दी. दरअसल अब्दुल ने जेडी वेंस की उनके दादाजी के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर उनका मजाक उड़ाते हुए उनकी पत्नी उषा का जिक्र किया था. जेडी वेंस ने इसे लेकर ही अब्दुल को वॉर्निंग दी है. जेडी वेंस ने मिशिगन के स्टर्लिंग हाइट्स में रिपब्लिकन सीनेट उम्मीदवार माइक रोजर्स के लिए प्रचार के दौरान अब्दुल को चेतावनी देते हुए कहा, 'अपनी जुबान पर मेरी पत्नी का नाम मत लाना.' साथ ही उन्होंने अल सईद को बहुत बुरा भी कहा. जेडी वेंस का अल सईद को उनकी टिप्पणियों का जवाब रिपब्लिकन के तेज हमले के रूप में देखा जा रहा है. अल सईद एक प्रोग्रेसिव नेता हैं. उन्होंने डेमोक्रेटिक प्राइमरी में पार्टी के बड़े नेताओं के समर्थन वाले उम्मीदवार, प्रतिनिधि हेली स्टीवंस को बहुत कम अंतर से हराया था.
ये वीडियो भी देखें-
अल सईद ने उषा वेंस के बारे में क्या कहा?
दरअसल जेडी वेंस ने ओहियो में एक रैली के दौरान शरिया कानून पर अल सईद की पुरानी टिप्पणियों की आलोचना की थी. उन्होंने कहा था कि काश वह समय में पीछे जाकर अपने दिवंगत दादाजी (पापाव) को उस नेता के बारे में बता पाते जो खुद को कामकाजी लोगों का प्रतिनिधि बताता है, लेकिन शरिया कानून का समर्थन करता है और उसकी आलोचना को 'श्वेत वर्चस्व' मानता है. उन्होंने कहा कि यह मेरे दादाजी वाली डेमोक्रेटिक पार्टी नहीं है.
बाद में अल-सईद ने जेडी वेंस के उस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उनकी पत्नी उषा वेंस का भी जिक्र किया. बता दें कि उषा भारतीय मूल के प्रवासी परिवार की बेटी हैं, उनका पालन-पोषण एक हिंदू परिवार में हुआ है. अल सईद ने एक्स पर लिखा, "तो हम क्या सोचें कि जेडी, उषा को अपने साथ पापाव(दादाजी) से मिलवाने के लिए समय में पीछे ले जा रहे हैं, या नहीं?"

'मेरी पत्नी का जिक्र फिर मत करना'
वेंस ने अल सईद के इस ट्वीट को लेकर उन पर हमला बोलते हुए कहा कि उनको मेरे परिवार के बारे में बात करने की अजीब आदत है. इसके साथ ही उन्होंने अस सऊद को उनकी पत्नी का जिक्र फिर न करने का वॉर्निंग भी देलडाली. जेडी वेंस ने कहा, 'अब्दुल, तुम चाहे जिस बारे में भी बात करना चाहो, मेरी पत्नी का नाम अपनी जुबान पर मत लाना, क्योंकि वह तुम्हारी पहुंच से बहुत बाहर है.'
JD वेंस ने अल सईद को 'ईवल' बताया
जेडी वेंस ने मिशिगन की चुनावी दौड़ को एक ऐसे रिपब्लिकन उम्मीदवार के तौर पर पेश किया जो सभी वोटरों का प्रतिनिधित्व करना चाहता है.उन्होंने कहा कि अब्दुल अल सईद में कुछ ऐसा है जो बहुत-बहुत बुरा है. ऐसे लोग खुद को एक देश के आम नागरिक के तौर पर नहीं देखते जो हर एक व्यक्ति के लिए लड़ रहे हों, बल्कि खुद को दूसरों की कीमत पर एक समुदाय के लिए लड़ने वाले के तौर पर देखते हैं. वेंस ने आगे कहा कि अल सईद उन लोगों से सहानुभूति रखते हैं जो सिर्फ उनके धर्म को मानते हैं, जो लोग ऐसा नहीं करते उनके लिए उनके मन में कोई सहानभूति नहीं है.
अल सईद का ट्रंप प्रशासन पर पलट वार
अल सईद ने जेडी वेंस के बुराई वाले आरोप का जवाब देते हुए इसे उल्टा ट्रंप प्रशासन और रिपब्लिकन पर ही डाल दिया. उन्होंने कहा, 'अरबपतियों को टैक्स में छूट देने के बदले कामकाजी लोगों से हेल्थकेयर छीनना बुराई है. ट्रेड वॉर और असल युद्ध को बढ़ावा देते हुए लोगों से किराने के सामान और गैस के लिए ज्यादा पैसा वसूलना बुराई है. अपने फायदे के लिए लोगों को बांटना बुराई है. सत्ता के लिए अपने नैतिक मूल्यों को बेच देना बुराई है.'
ये भी पढ़ें-मैं पति से हर मुद्दे पर सहमत नहीं होती... जेडी वेंस से वैचारिक मतभेदों पर उषा वेंस ने खुलकर की बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं