अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कतर के शाही परिवार की तरफ से गिफ्ट किए गए बोइंग 747-8 लग्जरी विमान को एयर फोर्स वन बेड़े में शामिल कर दिया है. अमेरिका की वायुसेना ने इस विमान को VC-25B ब्रिज नाम दिया है. शुक्रवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने इसका अनावरण किया है. पहले यह कतर के स्वामित्व वाला विमान था. लेकिन अब यह पूरी तरह से अमेरिका के स्वामित्व वाला विमान बन गया है. इस विमान को अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा और आवश्यकताओं के हिसाब से अपग्रेड कर दिया गया है. अमेरिका के मैरीलैंड में एक बड़े हैंगर में वायुसेना के सीनियर अधिकारियों की मौजूदगी में डोनाल्ड ट्रंप ने इस विमान को दुनिया के सामने पेश किया है.
उड़ता 'व्हाइट हाउस' होगा यह विमान
विमान की लॉन्चिंग पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह विमान एक तरह का लग्जरी और उड़ता हुआ व्हाइट हाउस होगा. ऐसा विमान पहले किसी ने कभी नहीं देखा होगा. ट्रंप ने कहा कि नए प्रेसिडेंशियल एयरक्राफ्ट में लगी लकड़ी की पैनलिंग सबसे अच्छी क्वालिटी की है. इसके पिछले हिस्से पर बना झंडा बिल्कुल सही तरीके से लहरा रहा है. जो अब अमेरिका की नई पहचान बनेगा. बता दें कि अब अमेरिका के राष्ट्रपति VC-25B ब्रिज नाम के इस विमान से ही यात्रा करेंगे.
विमान का बदला गया रंग
कतर की तरफ से दिए गए इस विमान को प्रेसिडेंशियल एयरक्राफ्ट में शामिल करने से पहले कई अहम बदलाव किए गए हैं. इसके रंग में भी बदलाव किया गया है. दरअसल, अब तक अमेरिका के राष्ट्रपति जिस विमान में यात्रा करते थे. उसका कलर आइकॉनिक 'रॉबिन एग ब्लू' यानि हल्का आसमानी और सिल्वर रंग होता था. लेकिन नए विमान में इस रंग को हटा दिया गया है. अब राष्ट्रपति ट्रंप की पसंद के मुताबिक नए विमान को नेवी ब्लू, लाल और सफेद रंग दिया गया है. विमान के नीचे के हिस्से में गहरा नीला रंग दिया गया है. जबकि उसके ऊपर एक चमकीली पट्टी लगी है. विमान में बाईं तरफ से राष्ट्रपति बोर्ड करते हैं. इसलिए यहां प्रैसिडेंशियल सील यानि राष्ट्रपति की आधिकारिक मुहर को अंकित किया गया है. विमान के सबसे पीछे एक अमेरिकी झंडा बनाया गया है. विमान के अनावरण के दौरान ट्रंप ने कहा कि यह विमान बिल्कुल मेरी पसंद के मुताबिक बना है.

ये भी पढ़ेंः डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर की पीएम मोदी की तारीफ, बोले - वो बहुत सख्त मिजाज वाले नेता हैं
3,300 करोड़ रुपए हुए खर्च
दरअसल, यह विमान अमेरिका को कतर की तरफ से गिफ्ट में दिया गया था. ऐसे में इस विमान को अमेरिकी वायुसेना के बेड़े में शामिल होने के लिए कई सुरक्षा मानकों से होकर गुजरना पड़ा है. अमेरिका में कतर के इस बड़े विमान को अमेरिकी इंजीनियरों ने पूरी तरह से अपग्रेड किया है. जिसमें सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा किया गया है. इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति के हिसाब से सभी चीजों को बदला गया है. इसका लुक और इंटीरियर पूरी तरह से नया किया गया है. जिसे एक भव्य लुक दिया गया . अमेरिका ने इस विमान को पूरी तरह से सैन्य और सुरक्षा के हिसाब से बनाने में करीब 400 मिलियन डॉलर यानि लगभग 3,300 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसके बाद इसे अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा के लिए तैयार किया गया है.
डोनाल्ड ट्रंप बोले नई सरकार को दान कर देंगे
दूसरे देश की तरफ से गिफ्ट दिए गए विमान को अमेरिका के वायुसेना के बेड़े में शामिल करने पर कई सवाल भी उठे हैं. लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को विमान का अनावरण करते हुए इस मामले में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि एक सामान्य राष्ट्रपति ऐसा नहीं करता है. वह इस तरह के भव्य विमानों से दूर रहता है. लेकिन हमारे देश का प्रतिनिधित्व ठीक से होना चाहिए और इस तरह का विमान इस्तेमाल होना चाहिए. ट्रंप ने यह भी कहा कि पद छोड़ने के बाद वह इस विमान को अपने निजी इस्तेमाल के लिए नहीं रखेंगे. बल्कि इसे नई सरकार के प्रैसिडेंशियल लाइब्रेरी को दान कर देंगे.
बताया जा रहा है कि अमेरिका में विमान बनाने वाली कंपनी की तरफ से सरकार के लिए तैयार हो रहे नए विमानों की डिलीवरी में समय लग रहा है. नए विमान 2028 तक ही मिल पाएंगे. ऐसे में फिलहाल सरकार ने कतर की तरफ से गिफ्ट में मिले बोइंग 747-8 जेट एक 'ब्रिज' को नए बेडे़ में शामिल करके इस गैप को भरने का काम किया है. फिलहाल अब अमेरिकी राष्ट्रपति इसी विमान में सफर करेंगे.
ये भी पढ़ेंः इजरायल और हिज्बुल्लाह युद्धविराम के लिए हुए सहमत, ईरान-अमेरिका ने की मध्यस्थता: रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं