- बराक ओबामा जीवित अमेरिकी राष्ट्रपतियों में सबसे लोकप्रिय हैं, 57% अमेरिकी नागरिकों की राय उनके बारे में अच्छी
- CNN और SSRS के एक नए सर्वे में पता चला- ट्रंप को केवल 34% लोग पॉजिटिव नजर से देखते हैं
- वहीं बाइडेन को सिर्फ 30% लोग पॉजिटिव नजर से देखते हैं
भले बराक ओबामा को अमेरिकी राष्ट्रपति की कुर्सी छोड़े 10 साल हो गए हैं लेकिन आज भी वह वहां अमेरिका के लोगों को डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडेन की तुलना में ज्यादा पसंद हैं. CNN और SSRS के एक नए सर्वे के अनुसार, अमेरिकी लोग बराक ओबामा को मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन, दोनों से कहीं अधिक सकारात्मक नजर से देखते हैं. यह सर्वे ऐसे समय में सामने आया है जब गुरुवार, 18 जून को शिकागो में बराक ओबामा प्रेसिडेंशियल सेंटर को खोला गया है और बराक ओबामा फिर से चर्चा में हैं.
सर्वे में क्या पता चला?
सर्वे के अनुसार, 57% अमेरिकी नागरिकों की राय ओबामा के बारे में अच्छी है. इसी वजह से वे जीवित अमेरिकी राष्ट्रपतियों में सबसे लोकप्रिय हैं. अगर ओबामा से तुलना करें तो डोनाल्ड ट्रंप को केवल 34% लोग पॉजिटिव नजर से देखते हैं. वहीं बाइडेन को सिर्फ 30% लोग पॉजिटिव नजर से देखते हैं.
सर्वे की सबसे खास बात यह है कि ओबामा को सिर्फ उनकी अपनी पार्टी के लोग ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक विचारों वाले लोग भी पसंद करते हैं. जहां डेमोक्रेटिक पार्टी के लोग बड़ी संख्या में ओबामा का समर्थन करते हैं, वहीं लगभग हर पांच में से एक रिपब्लिकन मतदाता भी उन्हें पॉजिटिव रेटिंग देता है. यह समर्थन ट्रंप और बाइडेन को मिलने वाले समर्थन से काफी ज्यादा है. किसी भी पार्टी से रिश्ता न जोड़ने वाले लोगों में उनकी लोकप्रियता ट्रंप और बाइडेन दोनों की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है.
दूसरे पूर्व राष्ट्रपतियों की स्थिति कैसी है?
जीवित राष्ट्रपतियों में ओबामा सबसे ऊपर हैं, लेकिन अन्य पूर्व राष्ट्रपतियों को लेकर लोगों की राय मिली-जुली है. पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के बारे में 42% लोगों की राय पॉजिटिव है. 33% लोगों की राय नेगेटिव है. वहीं पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को लेकर लोगों की राय लगभग बराबर-बराबर बंटी हुई है.
अमेरिकी सबसे ज्यादा किस राष्ट्रपति की सराहना करते हैं?
सर्वे में लोगों से यह भी सवाल पूछा गया, आप सबसे ज्यादा किस अमेरिकी राष्ट्रपति की सराहना (एडमायर) करते हैं? इन नतीजों में भी बराक ओबामा पहले स्थान पर रहे. 30% लोगों ने बराक ओबामा का नाम लिया. 19% लोगों ने डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिया. पुराने जमाने के राष्ट्रपतियों को भी काफी सपोर्ट मिला है
- अब्राहम लिंकन- 9%
- रोनाल्ड रीगन- 9%
- जॉन एफ. कैनेडी- 6%
- जॉर्ज वॉशिंगटन- 5%
यानी कुल मिलाकर सर्वे के मुताबिक, बराक ओबामा आज भी अमेरिका के सबसे लोकप्रिय जीवित राष्ट्रपति हैं और उनकी लोकप्रियता डोनाल्ड ट्रंप तथा जो बाइडेन दोनों से काफी ज्यादा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं