- ईरान के खिलाफ अमेरिकी सेना के हमले खत्म, सेंटकॉम ने खुद दी जानकारी
- इस बीच ईरान के IRGC ने दावा कर दिया कि उसने बहरीन में अमेरिकी नेवी के पांचवें बेड़े को ड्रोन से निशाना बनाया
- साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हमले जारी रहे तो "और भी कड़े जवाब" दिए जाएंगे
US Iran War: अमेरिका और ईरान की सेना एकबार फिर आमने-सामने है. किसी भी समझौते की उम्मीद बेहद कमजोर हो गई है क्योंकि दोनों देशों ने फिर एक-दूसरे पर हमला कर दिया है. जवाब मिसाइलों और ड्रोनों से दिया जा रहा है. पहला बार अमेरिकी सेना ने किया क्योंकि उसका आरोप है कि ईरान ने उसके अपाचे हेलीकॉप्टर को 2 दिन पहले मार गिराया था. रात के अंधेरे में जब समुद्र शांत था तब अमेरिकी सेना ने होर्मुज से लगे ईरानी शहरों पर जोरदार हमले किए. अमेरिकी सेना ने जब हमला खत्म करने का ऐलान किया तभी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने दावा कर दिया कि उसने बहरीन में अमेरिकी नेवी के पांचवें बेड़े को ड्रोन से निशाना बनाया है. साथ ही उसने जॉर्डन में भी अमेरिकी बेस पर मिसाइल से हमला किया है.
पहला वार अमेरिका का
अमेरिकी सेना ने दावा किया कि उसने ईरान पर “सेल्फ डिफेंस” में हमला किया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, अमेरिकी लड़ाकू विमानों और नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और निगरानी रडार साइटों को निशाना बनाया. अमेरिका ने इसे “अनुपातिक जवाब” बताया, जो अमेरिका के अपाची हेलीकॉप्टर को मार गिराने के जवाब में दिया गया था. बाद में CENTCOM ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उसके हमले खत्म हो चुके हैं.
लेकिन अब ईरान का पलटवार बाकी था
अमेरिकी सेना के इन हमलों के बाद ईरान में गुस्सा फैल गया. कुछ ही घंटों में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने जवाबी कार्रवाई की घोषणा कर दी. IRGC ने कहा कि उसने अमेरिका के पांचवें बेड़े (Fifth Fleet) को निशाना बनाया है, जो बहरीन में स्थित है. IRGC नौसेना ने बयान दिया कि उसने रात 2:30 बजे ड्रोन हमला किया और अमेरिकी नौसैनिक ठिकाने को लक्ष्य बनाया.
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हमले जारी रहे तो "और भी कड़े जवाब" दिए जाएंगे. ईरान के हमले के बाद बहरीन में सायरन बज गया है. बहरीन की सरकार ने अपने लोगों को घर के अंदर रहने को कहा है. लेकिन एक बात तो साफ है कि मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. इस तरह दोनों देशों के बीच जवाबी हमलों की यह नई लहर पूरे क्षेत्र को और भी खतरनाक मोड़ पर ले आई है, जहां हर कदम के साथ हालात और गंभीर होते जा रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं