- इराक के उम्म कसर से लगभग 40 समुद्री मील दूर खाड़ी में एक मालवाहक जहाज (कार्गो शिप) पर दो विस्फोट हुए
- IRGC ने दावा किया है कि उसने पनामा के झंडे वाले कंटेनर जहाज एमएससी सारिस्का वी को क्रूज मिसाइल से निशाना बनाया
- सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, जहाज पर मौजूद सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई है
मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है. इराक के उम्म कसर से लगभग 40 समुद्री मील दूर खाड़ी में एक मालवाहक जहाज (कार्गो शिप) पर दो विस्फोट हुए, जिनमें से एक ड्रोन हमले के कारण हुआ है. इस हमले की जिम्मेदारी ईरान ने ली है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC ने दावा किया है कि उसने पनामा के झंडे वाले कंटेनर जहाज एमएससी सारिस्का वी को क्रूज मिसाइल से निशाना बनाया है. ईरानी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, IRGC का दावा है कि यह जहाज "अमेरिकी स्वामित्व वाला" है.
IRGC ने कहा कि यह कार्रवाई ओमान के तट के पास एक ईरानी जहाज पर पहले किए गए हमले के जवाब में की गई.
समुद्री सुरक्षा पर नजर रखने वाले एक ब्रिटिश संगठन यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार जहाज उम्म क़सर से लगभग 40 नॉटिकल मील (करीब 74 किलोमीटर) दक्षिण-पूर्व में यात्रा कर रहा था. तभी उसके दाहिने हिस्से (स्टारबोर्ड साइड) पर टक्कर हुई. इसके तुरंत बाद बड़ा धमाका हुआ. हालांकि यूकेएमटीओ ने यह भी कहा कि वह अभी तक यह पुष्टि नहीं कर पाया है कि प्रभावित जहाज कौन सा था.
ईरान ने हमला किया या तकनीकी खराबी?
बाद में गल्फ न्यूज की एक रिपोर्ट में बताया गया कि यह जहाज पनामा के झंडे वाला एमएससी सारिस्का वी था. रिपोर्ट के अनुसार, उम्म क़सर बंदरगाह पर माल उतारने का काम पूरा होने के बाद इराकी समुद्री क्षेत्र में बॉय नंबर 5 के पास जहाज में धमाका हुआ. लेकिन IRGC के मिसाइल हमले के दावे के विपरीत, शुरुआती जांच में संकेत मिले कि यह धमाका किसी बाहरी हमले की वजह से नहीं, बल्कि जहाज के अंदर हुई किसी यांत्रिक या तकनीकी खराबी के कारण हो सकता है.
गल्फ न्यूज ने एक सुरक्षा सूत्र के हवाले से रिपोर्ट छापी है कि जांच में अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि जहाज को जानबूझकर किसी दुश्मन पक्ष ने निशाना बनाया था. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जहाज पर मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. साथ ही, नुकसान केवल जहाज तक ही सीमित दिखाई देता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं