विज्ञापन

पहले ईरान को सर्वनाश वाली धमकी, फिर नेतन्याहू से फोन पर बात... क्या ट्रंप फिर से जंग छेड़ने को तैयार? 

US Iran War: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि “ईरान के लिए समय तेजी से निकल रहा है. उन्हें जल्द फैसला लेना होगा, नहीं तो उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा.”

पहले ईरान को सर्वनाश वाली  धमकी, फिर नेतन्याहू से फोन पर बात... क्या ट्रंप फिर से जंग छेड़ने को तैयार? 
US Iran War: क्या ईरान के खिलाफ फिर हमला शुरू करेंगे डोनाल्ड ट्रंप

US Iran War: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर ईरान को लेकर बातचीत हुई. इजरायल के सरकारी टीवी चैनल कान टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों नेताओं ने ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू करने की संभावना पर चर्चा की. न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट में एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी के हवाले से कहा गया कि अगर ईरान के खिलाफ युद्ध दोबारा शुरू होता है, तो अमेरिका और इजरायल मिलकर हमला कर सकते हैं. इसके बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई. इस बैठक में उन सभी मोर्चों पर चर्चा हुई, जहां इजरायल इस समय संघर्ष कर रहा है.

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि “ईरान के लिए समय तेजी से निकल रहा है. उन्हें जल्द फैसला लेना होगा, नहीं तो उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा.”

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले किए थे, जिसके बाद करीब 40 दिनों तक संघर्ष चला. बाद में 8 अप्रैल को ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच युद्धविराम पर सहमति बनी थी.

युद्धविराम के बाद 11 और 12 अप्रैल को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच शांति वार्ता भी हुई थी. हालांकि, इन बातचीतों से कोई ठोस समझौता नहीं निकल सका. पिछले कुछ हफ्तों में पाकिस्तान की मध्यस्थता के जरिए दोनों पक्षों ने संघर्ष खत्म करने के लिए कई प्रस्तावों का आदान-प्रदान भी किया है.

इस बीच ट्रंप ने फिर चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तेहरान अमेरिका के साथ शांति समझौता नहीं करता, तो उसे “बहुत बुरे हालात” का सामना करना पड़ेगा. फ्रांसीसी मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “अगर ईरान समझौता नहीं करता, तो उसके लिए बहुत मुश्किल समय आने वाला है. उन्हें जल्द कोई डील कर लेनी चाहिए.”

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक एआई से बनाई गई तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह अमेरिकी नौसेना के एक एडमिरल के साथ तूफानी समुद्र के सामने खड़े दिखाई दे रहे थे. तस्वीर पर लिखा था, “तूफान से पहले का सन्नाटा.” इजरायली मीडिया के अनुसार, रविवार को ट्रंप और नेतन्याहू के बीच ईरान को लेकर बातचीत हुई थी. उसी दौरान नेतन्याहू अपने मंत्रिमंडल के साथ सुरक्षा बैठक भी कर रहे थे.

यह भी पढ़ें: ईरान में सब सीख रहे AK-47 चलाना! चौराहों पर महिलाओं-बच्चों को मिल रही ट्रेनिंग, TV पर एंकर भी चला रहा हथियार

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Israel War Against Iran, US Iran News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com