विज्ञापन

शादी के कुछ घंटे बाद मौत- अमेरिका में हनीमून पर जा रहे भारतीय मूल के दूल्हे की हेलीकॉप्टर क्रैश में गई जान

29 साल के डेव फिजी खुद डेल्टा एयर लाइंस में पायलट थे लेकिन हनीमून पर जाते वक्त अपनी पत्नी के साथ पैसेंजर सीट पर थे. हादसे में दुल्हे डेव से साथ पायलट की मौत हो गई जबकि दुल्हन अभी हॉस्पिटल में भर्ती है.

शादी के कुछ घंटे बाद मौत- अमेरिका में हनीमून पर जा रहे भारतीय मूल के दूल्हे की हेलीकॉप्टर क्रैश में गई जान
US Helicopter Crash: हनीमून पर जा रहे एक भारतीय मूल के दूल्हे की हेलीकॉप्टर हादसे में मौत

अमेरिका में एक शादी के कुछ घंटे बाद ही खुशियां मातम में बदल गईं. हनीमून पर जा रहे एक भारतीय मूल के दूल्हे की हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई, जबकि उसकी दुल्हन कई घंटों तक मलबे में फंसी रही. परिवार के लिए यह सदमा और भी बड़ा इसलिए है क्योंकि शादी के कुछ ही घंटे पहले ही दोनों ने सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में नई जिंदगी की शुरुआत की थी. यह हादसा अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में हुआ है, जान गंवाने वाला युवक खुद पायलट था.

क्या है पूरा मामला?

अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में भारतीय मूल के एक युवक की मौत हो गई. यह हादसा उनकी शादी के कुछ घंटे बाद हुआ. 26 साल के डेव फिजी डेल्टा एयर लाइंस में पायलट थे और उनका परिवार मूल रूप से केरल से जुड़ा है. डेव फिजी शाद के तुरंत बाद अपनी पत्नी के साथ हनीमून पर जा रहे थे. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जिस रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर में वे यात्रा कर रहे थे, वह डॉसनविल में उनकी शादी वाली जगह के पास ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

हेलीकॉप्टर उड़ा रहे पायलट की भी इस हादसे में मौत हो गई. अधिकारियों ने अभी तक उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है. साथ ही डेव फिजी की पत्नी जेस्नी, जो पेशे से नर्स हैं, इस हादसे में बच गईं. रिपोर्ट के अनुसार, उनका इलाज अटलांटा के एक अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है.

शादी और फिर गम

डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने अटलांटा न्यूज फर्स्ट से कहा, "मेरा बेटा बहुत खुश था." उनके अनुसार डेव ने शुक्रवार को जेस्नी से शादी की थी. दोनों की मुलाकात करीब 10 साल पहले न्यू टेस्टामेंट चर्च में हुई थी. डॉसनविल स्थित द रिवेरे में हुई इस शादी में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे. शादी के रिसेप्शन के बाद यह कपल रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर में सवार हुआ. हेलीकॉप्टर डीकाल्ब-पीचट्री एयरपोर्ट जा रहा था, जो जॉर्जिया का दूसरा सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है.

बताया गया कि यह फ्लाइट इस कपल के लिए एक खास विदाई थी. इसके बाद उन्हें अटलांटा शहर के एक होटल में रात बितानी थी. लेकिन हेलीकॉप्टर अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच सकी. यह डॉसन काउंटी के एक दूर-दराज जंगल वाले इलाके में माउंट वर्नन ड्राइव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह जगह शादी के वेन्यू से ज्यादा दूर नहीं थी.

जॉर्ज फिजी ने बताया कि हादसे के बाद अधिकारियों को हेलीकॉप्टर का पता लगाने में काफी समय लग गया. इस दौरान दुल्हन जेस्नी, जिन्हें चोटें और कट लगे थे, लगभग छह घंटे तक हेलीकॉप्टर के मलबे में फंसी रही. बाद में बचाव दल ने उन्हें ढूंढ निकाला. जॉर्ज फिजी ने बताया, "उसने कहा कि जब उसकी आंख खुली तो उसने मेरे बेटे डेव को अपनी गोद में सिर रखे देखा. उसने उसके शरीर पर खून देखा और तब तक उसका शरीर पूरी तरह ठंडा हो चुका था. वह नर्स है, इसलिए उसे समझ आ गया था कि डेव अब इस दुनिया में नहीं है... वह पूरी तरह टूट चुकी है, लेकिन अब धीरे-धीरे ठीक हो रही है."

यह भी पढ़ें: अमेरिका में दोस्तों की जान बचाते हुए तेलंगाना के छात्र की मौत, खुद की जान गंवा 3 साथियों को नदी से निकाला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com