विज्ञापन

ईरान की सरकार और सेना में कलह? राष्ट्रपति पेजेशकियन के इस्तीफे की खबर पर आया जवाब 

ईरान इंटरनेशनल ने रिपोर्ट छापी थी कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC के बढ़ते प्रभाव से तंग आकर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सुप्रीम लीडर को अपना इस्तीफा सौंप दिया था. अब ईरान का इसपर जवाब आया है.

ईरान की सरकार और सेना में कलह? राष्ट्रपति पेजेशकियन के इस्तीफे की खबर पर आया जवाब 
US Iran War News Updates: क्या ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन ने इस्तीफा दे दिया है

US Iran War News Updates: ईरानी अधिकारियों ने उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है जिसमें दावा किया गया था कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC के बढ़ते प्रभाव और युद्ध के बीच फैसलों पर उसके नियंत्रण के विरोध में इस्तीफा देने की कोशिश की है. यह प्रतिक्रिया उस रिपोर्ट के बाद आई, जिसे ब्रिटेन स्थित मीडिया संस्थान ईरान इंटरनेशनल ने छापा था. इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पेजेशकियन ने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, पेजेशकियन का कहना था कि देश की निर्वाचित सरकार को महत्वपूर्ण फैसलों की प्रक्रिया से लगभग बाहर कर दिया गया है और इस स्थिति का फायदा उठाकर IRGC के कट्टरपंथी धड़ों ने देश के मामलों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है.

हालांकि, IRGC से जुड़ी तसनीम समाचार एजेंसी ने एक जानकार सरकारी सूत्र के हवाले से कहा कि राष्ट्रपति ने कोई इस्तीफा नहीं दिया है और वह अपने पद की जिम्मेदारियां सामान्य रूप से निभा रहे हैं. इसके अलावा अलग से, राष्ट्रपति कार्यालय में संचार और सूचना विभाग के उप प्रमुख सैयद मेहदी तबातबाई ने भी X पर एक पोस्ट के जरिए ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि पेजेशकियन जनता की सेवा से पीछे नहीं हटेंगे.

तबातबाई ने अपनी पोस्ट में लिखा, "विदेश में बैठे बदनाम मीडिया नेटवर्क द्वारा फैलाई जा रही ये अफवाहें उनके पुराने और हास्यास्पद मीडिया खेलों की ही अगली कड़ी हैं. उन्होंने अपनी इच्छाओं को ही सच्चाई बनाकर पेश कर दिया है."

उन्होंने आगे कहा, "राष्ट्रपति पेजेशकियन जनता की सेवा से पीछे नहीं हटेंगे, ठीक वैसे ही जैसे ईरानी जनता एकता और प्रतिरोध के रास्ते से पीछे नहीं हटेगी. ईरानी जनता की एकता को तोड़ने का उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा और वही सपना उनके साथ दफन हो जाएगा."

रिपोर्ट में क्या दावा किया गया था?

ईरान इंटरनेशनल ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि पेजेशकियन ने सुप्रीम लीडर के कार्यालय को एक आधिकारिक इस्तीफा पत्र भेजा है. रिपोर्ट के मुताबिक, उस पत्र में उन्होंने कहा था कि निर्णय लेने की प्रक्रिया पर IRGC के बढ़ते नियंत्रण के कारण वह सरकार नहीं चला पा रहे हैं और अपनी कानूनी जिम्मेदारियां निभाने में असमर्थ हैं. इसी वजह से उन्होंने तत्काल पद छोड़ने की अनुमति मांगी थी.

यह दावा पिछले कई महीनों से सामने आ रही उन खबरों को और बल देता है, जिनमें सरकार और ईरान की सैन्य-सुरक्षा संस्थाओं के बीच तनाव की बात कही जा रही थी. इससे पहले द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ईरान में फैसले लेने की प्रक्रिया कुछ चुनिंदा प्रभावशाली लोगों के हाथों में है. इनमें से ज्यादातर वर्तमान या पूर्व IRGC कमांडर हैं.

यह भी पढ़ें: अमेरिकी हमलों से कमजोर नहीं हुई ईरान की मिसाइल ताकत, बुलडोजर से ही फिर खोल दीं 69 में से 50 सुरंगें

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Iran War News Updates, Iran News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com